सेठानी घाट से निकली साइकिल रैली, 40 साइकिल चालकों ने दिया विरासत संरक्षण का संदेश
वर्ल्ड हेरिटेज सप्ताह पर नर्मदापुरम के सेठानी घाट से 40 साइकिल चालकों ने विरासत संरक्षण और स्वच्छता का संदेश दिया। रैली भोपाल होते हुए भीमबेटका पहुंची।


नर्मदापुरम। वर्ल्ड हेरिटेज सप्ताह के अवसर पर बुधवार को नर्मदापुरम के ऐतिहासिक सेठानी घाट से विरासत संरक्षण और स्वच्छता का संदेश लेकर साइकिल रैली निकाली गई। मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड और जिला प्रशासन के संयुक्त सहयोग से आयोजित इस रैली में भोपाल से पहुंचे करीब 40 साइकिल चालकों ने हिस्सा लिया। रैली के माध्यम से ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और प्राकृतिक धरोहरों को संरक्षित रखने के साथ पर्यटन स्थलों को स्वच्छ बनाए रखने की अपील की गई।
कलेक्टर आशीष वशिष्ठ एवं अपर कलेक्टर तथा जिला पंचायत सीईओ हिमांशु जैन के मार्गदर्शन में जंगल ट्रेकर्स के माध्यम से इस गतिविधि का आयोजन किया गया। सेठानी घाट पर नर्मदा पूजन और स्वच्छता गतिविधि के साथ रैली की शुरुआत हुई। इस दौरान प्रतिभागियों ने घाट परिसर में सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया।
सेठानी घाट से भीमबेटका तक साइकिल यात्रा
रैली को जिला पर्यटन प्रबंधक मनोज सिंह ठाकुर ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसके बाद साइकिल चालक शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए आगे बढ़े। रैली का अगला पड़ाव भोपाल होते हुए यूनेस्को विश्व धरोहर स्थल भीमबेटका निर्धारित किया गया।
कार्यक्रम में आपदा प्रबंधन विभाग से श्याम राजपूत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी और स्थानीय नागरिक भी शामिल हुए।
धरोहरों का संरक्षण हम सभी की जिम्मेदारी
वर्ल्ड हेरिटेज सप्ताह के तहत आयोजित इस गतिविधि के माध्यम से प्रतिभागियों ने लोगों को संदेश दिया कि ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और प्राकृतिक धरोहरें हमारी पहचान हैं। इनका संरक्षण करना और पर्यटन स्थलों को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखना केवल प्रशासन ही नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है।

