सतपुड़ा टाइगर रिजर्व में पर्यटन और वन्यप्राणी सुरक्षा पर मंथन, मोबाइल उपयोग व रात्रिकालीन पर्यटन पर चर्चा
संभागायुक्त श्रीकांत बनोठ की अध्यक्षता में स्थानीय सलाहकार समिति की बैठक आयोजित, पचमढ़ी के धार्मिक मेलों और बढ़ती पर्यटन गतिविधियों के पर्यावरणीय प्रभावों पर भी हुआ विचार-विमर्श


नर्मदापुरम। सतपुड़ा टाइगर रिजर्व में वन्यप्राणियों की सुरक्षा, पर्यटन व्यवस्था और स्थानीय समुदायों की आजीविका को लेकर प्रशासन ने मंथन किया। बुधवार को संभागायुक्त श्रीकांत बनोठ की अध्यक्षता में सतपुड़ा टाइगर रिजर्व की स्थानीय सलाहकार समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में पर्यटन गतिविधियों को पर्यावरण के अनुकूल बनाने, वन्यप्राणियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई।
बैठक में 11 मार्च 2026 को आयोजित पिछली बैठक के कार्यवाही विवरण और पालन प्रतिवेदन की समीक्षा की गई। इसके साथ ही सर्वोच्च न्यायालय द्वारा 17 नवंबर 2025 को जारी आदेश के अनुपालन की स्थिति पर भी विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
पर्यटन क्षेत्रों में मोबाइल उपयोग और रात्रिकालीन पर्यटन पर चर्चा
बैठक में सतपुड़ा टाइगर रिजर्व के पर्यटन क्षेत्रों में मोबाइल फोन के उपयोग और रात्रिकालीन पर्यटन पर प्रतिबंध से जुड़े विषयों पर चर्चा हुई। वन्यप्राणियों की सुरक्षा और उनके प्राकृतिक आवास को सुरक्षित रखने के लिए पर्यटन गतिविधियों के नियमन की आवश्यकता पर जोर दिया गया।
पचमढ़ी क्षेत्र में आयोजित होने वाले धार्मिक मेलों और लगातार बढ़ रही पर्यटन गतिविधियों के पर्यावरणीय प्रभावों पर भी विचार किया गया। इस दौरान पर्यटन और पर्यावरण संरक्षण के बीच संतुलन बनाए रखने को महत्वपूर्ण बताया गया।
स्थानीय लोगों की आजीविका और रोजगार बढ़ाने पर जोर
बैठक में सतपुड़ा टाइगर रिजर्व की पर्यटन रणनीति पर चर्चा करते हुए स्थानीय समुदायों की आजीविका को मजबूत करने और रोजगार के नए अवसर विकसित करने पर विशेष जोर दिया गया। पर्यटन से स्थानीय लोगों को अधिक से अधिक लाभ मिले, इसके लिए आवश्यक व्यवस्थाओं पर विचार किया गया।
इसके साथ ही रिजर्व क्षेत्र में संचालित होटल और लॉज की गतिविधियों का नियमित अनुश्रवण करने तथा पर्यावरण अनुकूल पर्यटन व्यवस्थाओं को प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए गए।
विभागों के बीच समन्वय से होंगे निर्णय लागू
बैठक में प्राप्त सुझावों और लिए गए निर्णयों के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर सहमति बनी। अधिकारियों को पर्यटन प्रबंधन, वन्यप्राणी सुरक्षा और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े विषयों पर आपसी तालमेल के साथ कार्य करने की आवश्यकता बताई गई।
बैठक में सतपुड़ा टाइगर रिजर्व की क्षेत्र संचालक राखी नंदा, पिपरिया विधायक ठाकुरदास नागवंशी, कलेक्टर नर्मदापुरम आशीष वशिष्ठ, कलेक्टर बैतूल, वनमंडल अधिकारी नर्मदापुरम, स्थानीय सलाहकार समिति के सदस्य तथा प्रशासन एवं वन विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

