बाबई बीज निगम प्रक्षेत्र में पहली बार सुपर सीडर से गेहूं की बोनी, 27 हेक्टेयर में तैयार होगा उच्च गुणवत्ता वाला बीज
नरवाई जलाने की समस्या से मिलेगी राहत, एक ही बार में जुताई, फसल अवशेष प्रबंधन और बोनी का काम पूरा; समय, डीजल और श्रम की होगी बचत


माखननगर । आधुनिक और पर्यावरण अनुकूल खेती को बढ़ावा देने के लिए मध्यप्रदेश राज्य बीज एवं फार्म विकास निगम के प्रक्षेत्र बाबई में नई पहल की गई है। यहां पहली बार सुपर सीडर मशीन के माध्यम से गेहूं की बोनी की गई है। प्रक्षेत्र के 27 हेक्टेयर क्षेत्र में गेहूं की उन्नत किस्मों के ब्रीडर सीड से बीज उत्पादन कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है। इस नवाचार से खेती की लागत कम करने के साथ नरवाई प्रबंधन को भी बढ़ावा मिलेगा।
प्रक्षेत्र प्रबंधक के अनुसार, क्षेत्रीय किसानों को उच्च गुणवत्ता वाला और शुद्ध बीज उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यहां हर वर्ष गेहूं की उन्नत किस्मों के ब्रीडर सीड से बीज उत्पादन किया जाता है। इस वर्ष कृषि यंत्र अनुदान योजना के तहत अनुदान पर प्राप्त सुपर सीडर मशीन का उपयोग कर 27 हेक्टेयर क्षेत्र में गेहूं की बोनी का कार्य किया गया है।
एक ही मशीन से जुताई, नरवाई प्रबंधन और बोनी
सुपर सीडर तकनीक की खासियत यह है कि एक ही बार में खेत की जुताई, पिछली फसल के अवशेष यानी नरवाई को मिट्टी में मिलाने तथा गेहूं के बीज और खाद की बोनी का काम किया जा सकता है। इससे अलग-अलग कृषि कार्यों में लगने वाले समय और मेहनत की बचत होती है।
इस तकनीक से डीजल की खपत और श्रम लागत कम होने के साथ फसल अवशेषों को खेत में ही मिलाने में मदद मिलती है। इससे मिट्टी की उर्वरता में सुधार होने और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
नरवाई में आग न लगाएं, आधुनिक कृषि यंत्र अपनाएं
प्रक्षेत्र प्रबंधक ने किसानों से अपील की है कि गेहूं की बोनी के लिए खेत तैयार करते समय नरवाई में आग लगाने से बचें। नरवाई जलाने से मिट्टी के जैविक तत्व और लाभकारी सूक्ष्मजीव प्रभावित होते हैं। इसके बजाय किसान शासन की कृषि यंत्र अनुदान योजनाओं का लाभ लेकर सुपर सीडर जैसे आधुनिक कृषि उपकरण अपनाएं।
किसान बाबई प्रक्षेत्र पहुंचकर देख सकते हैं तकनीक
इच्छुक किसान मध्यप्रदेश राज्य बीज एवं फार्म विकास निगम के बाबई प्रक्षेत्र पहुंचकर सुपर सीडर मशीन की कार्यप्रणाली और ब्रीडर सीड से तैयार की जा रही गेहूं की फसल का प्रत्यक्ष अवलोकन कर सकते हैं। इस पहल से क्षेत्र में आधुनिक खेती और गुणवत्तापूर्ण बीज उत्पादन को प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद है।

