नर्मदा में खनन माफियाओं पर प्रशासन का बड़ा प्रहार, 7 पनडुब्बियां और 7 मोटरबोट जब्त
कलेक्टर आशीष वशिष्ठ के निर्देश पर सुबह 5 बजे से सिवनीमालवा के घाटों पर छापेमार कार्रवाई, 50 सदस्यीय संयुक्त टीम ने संभाला मोर्चा; डंपर और जेसीबी मशीन भी जब्त


नर्मदापुरम। जिले में अवैध रेत उत्खनन के खिलाफ जिला प्रशासन ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई करते हुए खनन माफियाओं पर शिकंजा कसा है। कलेक्टर आशीष वशिष्ठ के निर्देश पर गुरुवार सुबह 5 बजे से सिवनीमालवा क्षेत्र में नर्मदा नदी के विभिन्न घाटों पर संयुक्त टीम ने छापेमार कार्रवाई की। इस दौरान अवैध उत्खनन में इस्तेमाल की जा रही 7 पनडुब्बियां और 7 मोटरबोट जब्त की गईं। इसके अलावा अवैध परिवहन में लगे एक डंपर और अवैध भंडारण के मामले में एक जेसीबी मशीन को भी जब्त किया गया है।
कार्रवाई एसडीएम विजय राय के नेतृत्व में राजस्व, खनिज और पुलिस विभाग की 50 से अधिक अधिकारियों एवं कर्मचारियों की संयुक्त टीम ने की। टीम ने नर्मदा नदी के विभिन्न घाटों पर पहुंचकर सघन जांच और घेराबंदी की। अवैध उत्खनन में इस्तेमाल किए जा रहे संसाधनों को जब्त करने की कार्रवाई देर तक जारी रही।

नाव से घाटों पर पहुंचे एसडीएम, खुद संभाली कार्रवाई की कमान
कार्रवाई को प्रभावी बनाने के लिए एसडीएम विजय राय स्वयं राजस्व, पुलिस और खनिज विभाग की टीम के साथ नाव के माध्यम से नदी मार्ग से विभिन्न घाटों तक पहुंचे। उन्होंने मौके पर स्थिति का जायजा लिया और अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। सुबह से शुरू हुई इस कार्रवाई से अवैध उत्खनन में संलिप्त लोगों में हड़कंप की स्थिति रही।
गिट्टी के अवैध परिवहन और भंडारण पर भी कार्रवाई
अवैध खनन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत प्रशासन ने अन्य स्थानों पर भी कार्रवाई की। गिट्टी का अवैध परिवहन करते पाए जाने पर डंपर क्रमांक MP04YS0287 को जब्त किया गया। डंपर को सुरक्षार्थ आरटीओ परिसर में खड़ा कराया गया है। वहीं, इटारसी में गिट्टी के अवैध भंडारण के मामले में एक जेसीबी मशीन जब्त कर पथरौटा थाने की अभिरक्षा में रखवाई गई है।
15 दिनों में 25 से अधिक वाहन जब्त
जिला खनिज अधिकारी देवेश मरकाम के अनुसार अवैध उत्खनन के विरुद्ध जिला प्रशासन द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। पिछले सप्ताह भी सिवनीमालवा क्षेत्र में संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए अवैध उत्खनन में लगी 5 पनडुब्बियां, 6 से अधिक मोटरबोट और डंपर, जेसीबी सहित ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त किए थे। प्रशासन के मुताबिक पिछले 15 दिनों में अवैध उत्खनन, परिवहन और अन्य गतिविधियों में संलिप्त 25 से अधिक वाहन एवं संसाधन जब्त किए जा चुके हैं।

प्रशासन की सख्ती के बाद भी अवैध उत्खनन बड़ी चुनौती
नर्मदा नदी में रेत के अवैध उत्खनन पर रोक लगाने के लिए प्रशासन लगातार कार्रवाई कर रहा है। पनडुब्बियों और मोटरबोट के जरिए नदी से रेत निकालने का मामला पर्यावरण और नदी के प्राकृतिक स्वरूप के लिहाज से भी गंभीर है। ऐसे में प्रशासन की इस कार्रवाई को अवैध खनन पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
कलेक्टर आशीष वशिष्ठ ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जिले में रेत एवं अन्य गौण खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रखी जाए। प्रशासन ने कहा है कि प्राकृतिक संसाधनों के अवैध दोहन में शामिल लोगों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
