ब्रेकिंग
सोमवार, 31 अगस्त 2026
Denva Post
सभी खबरें
लाइफस्टाइल डेस्क · 27 दिन पहले

साबूदाना खिचड़ी रेसिपी: दानेदार और खिली-खिली खिचड़ी बनाने का आसान तरीका

सावन व्रत में स्वादिष्ट और दानेदार साबूदाना खिचड़ी बनाना चाहते हैं? जानिए साबूदाना भिगोने, पकाने और चिपचिपी खिचड़ी से बचने के आसान टिप्स।

कंचन शर्मा
कंचन शर्मा
Reporter · 27 दिन पहले
शेयर
साबूदाना खिचड़ी रेसिपी: दानेदार और खिली-खिली खिचड़ी बनाने का आसान तरीका

लाइफस्टाइल डेस्क। सावन के व्रत में साबूदाना खिचड़ी सबसे लोकप्रिय फलाहार में से एक मानी जाती है। यह स्वादिष्ट होने के साथ-साथ लंबे समय तक पेट भरा रखने में भी मदद करती है। साबूदाना शरीर को तुरंत ऊर्जा देने वाला आहार है, इसलिए उपवास के दौरान इसे विशेष रूप से पसंद किया जाता है। हालांकि, कई लोगों की शिकायत रहती है कि उनकी साबूदाना खिचड़ी चिपचिपी हो जाती है और दाने अलग-अलग नहीं बनते। यदि आपके साथ भी ऐसा होता है, तो कुछ आसान टिप्स अपनाकर आप घर पर एकदम खिली-खिली और स्वादिष्ट साबूदाना खिचड़ी बना सकते हैं।

साबूदाना क्यों है व्रत के लिए फायदेमंद?

साबूदाना में कार्बोहाइड्रेट के साथ-साथ फाइबर, आयरन, कैल्शियम, पोटैशियम और एंटीऑक्सीडेंट जैसे पोषक तत्व पाए जाते हैं। यह शरीर को ऊर्जा देने के साथ लंबे समय तक भूख का एहसास नहीं होने देता। इससे खिचड़ी, वड़ा, खीर और पापड़ जैसी कई स्वादिष्ट रेसिपी तैयार की जाती हैं।

ऐसे बनाएं दानेदार साबूदाना खिचड़ी

पहला स्टेप: साबूदाना अच्छी तरह धोएं

सबसे पहले 1 कप मोटा साबूदाना लें और उसे 2–3 बार साफ पानी से धो लें। हाथों से हल्के-हल्के रगड़कर धोने से अतिरिक्त स्टार्च निकल जाता है, जिससे खिचड़ी चिपचिपी नहीं बनती।

दूसरा स्टेप: सही तरीके से भिगोना है सबसे जरूरी

धुले हुए साबूदाने को 4–5 घंटे या रातभर के लिए भिगो दें। ध्यान रखें कि पानी केवल इतना ही डालें जिससे साबूदाना पूरी तरह डूब जाए। अधिक पानी डालने से साबूदाना जरूरत से ज्यादा पानी सोख लेता है और पकने के बाद चिपकने लगता है। यदि दिन में भिगो रहे हैं, तो बीच-बीच में एक-दो बार चम्मच से हल्का चला दें ताकि सभी दाने समान रूप से भीग जाएं।

तीसरा स्टेप: मसाला तैयार करें

एक पैन में एक चम्मच घी डालकर मूंगफली हल्की सुनहरी होने तक भून लें और अलग निकाल लें। उसी पैन में 2–3 चम्मच घी डालें। इसमें जीरा, कद्दूकस किया हुआ अदरक, बारीक कटी हरी मिर्च और पतले कटे आलू डालकर अच्छी तरह पकाएं। इसके बाद बारीक कटा टमाटर डालकर नरम होने तक पकाएं। चाहें तो टमाटर की जगह नींबू का भी इस्तेमाल कर सकते हैं।

चौथा स्टेप: तैयार करें स्वादिष्ट खिचड़ी

अब भीगा हुआ साबूदाना पैन में डालकर सभी सामग्री को हल्के हाथों से मिलाएं। ऊपर से बारीक कटा हरा धनिया और थोड़ा नींबू का रस डालें। आखिर में भुनी हुई मूंगफली मिलाकर गर्मागर्म परोसें।

दानेदार खिचड़ी बनाने के खास टिप्स

मोटे साबूदाने का इस्तेमाल करें।

साबूदाने को केवल जरूरत भर पानी में ही भिगोएं।

अतिरिक्त स्टार्च हटाने के लिए 2–3 बार धोना न भूलें।

खिचड़ी को तेज आंच पर ज्यादा देर न पकाएं।

हल्के हाथों से चलाएं ताकि दाने टूटें नहीं।

Disclaimer: व्रत के नियम अलग-अलग परंपराओं में भिन्न हो सकते हैं। सामग्री का उपयोग अपने धार्मिक नियमों के अनुसार करें।

यह खबर शेयर करें
शेयर
ज़्यादा जानें
इतिहास
Maps
news