ब्रेकिंग
बुधवार, 7 अक्टूबर 2026
मानचित्र ऐप खोजें
Denva Post
सभी खबरें
लाइफस्टाइल डेस्क · 24-08-2026

हड्डियों की सेहत के लिए फायदेमंद है रागी और सब्जियों का सूप, जानें बनाने की आसान रेसिपी

रागी और सब्जियों से बना कैल्शियम से भरपूर सूप कैसे बनाएं? जानें आसान रेसिपी, सामग्री और इसे डाइट में शामिल करने के फायदे।

कंचन शर्मा
कंचन शर्मा
Reporter · 24-08-2026
शेयर
हड्डियों की सेहत के लिए फायदेमंद है रागी और सब्जियों का सूप, जानें बनाने की आसान रेसिपी

लाइफस्टाइल डेस्क। हड्डियों को मजबूत और स्वस्थ बनाए रखने के लिए कैल्शियम बेहद जरूरी पोषक तत्व है। शरीर में कैल्शियम की पर्याप्त मात्रा बनाए रखने के लिए डाइट में कैल्शियम से भरपूर खाद्य पदार्थों को शामिल करना जरूरी माना जाता है। अगर आप कैल्शियम को अपनी डाइट में स्वादिष्ट और आसान तरीके से शामिल करना चाहते हैं, तो रागी और सब्जियों से बना सूप एक अच्छा विकल्प हो सकता है।

रागी में कैल्शियम सहित कई पोषक तत्व पाए जाते हैं, वहीं सहजन, मटर, कॉर्न, बीन्स और गाजर जैसी सब्जियां सूप को पौष्टिक बनाने के साथ इसका स्वाद भी बढ़ाती हैं। यह सूप खासतौर पर ठंड के मौसम में गर्मागर्म पीने के लिए अच्छा विकल्प हो सकता है।

कैल्शियम से भरपूर सूप बनाने के लिए सामग्री

सब्जियों के लिए

1 सहजन

आधा कप मटर

आधा कप कॉर्न

आधा कप बीन्स

आधा कप गाजर

रागी का घोल बनाने के लिए

2 बड़े चम्मच रागी का आटा

1 कप पानी

तड़के और स्वाद के लिए

अदरक-लहसुन का पेस्ट

1 छोटा चम्मच जीरा पाउडर

काली मिर्च

स्वादानुसार नमक

नींबू का रस

ताजा हरा धनिया

थोड़ा तेल

कैसे बनाएं रागी और सब्जियों का सूप?

पहला स्टेप: सबसे पहले सहजन, मटर, कॉर्न, बीन्स और गाजर को कुकर में डालें। इसमें जरूरत के अनुसार पानी डालकर सब्जियों को करीब 10-12 मिनट तक अच्छी तरह पकाएं। सब्जियां नरम हो जाने के बाद सहजन का गूदा निकाल लें और बाकी सब्जियों को अच्छी तरह मैश कर लें।

दूसरा स्टेप: अब एक कटोरी में 2 बड़े चम्मच रागी का आटा लें और उसमें एक कप पानी डालकर अच्छी तरह घोल बना लें। ध्यान रखें कि घोल में गांठें न रहें।

तीसरा स्टेप: अब गैस पर एक गहरी कड़ाही रखें और उसमें थोड़ा तेल गर्म करें। इसमें अदरक-लहसुन का पेस्ट और जीरा पाउडर डालकर हल्का भूनें।

ये भी पढ़े: बेसन के लड्डू बनाने की आसान विधि, परफेक्ट लड्डू के लिए अपनाएं ये ट्रिक्स

जब लहसुन हल्का सुनहरा हो जाए, तब इसमें मैश की हुई सब्जियां डालकर अच्छी तरह मिलाएं। सूप की जरूरत के अनुसार इसमें 2-3 कप पानी डालें।

अब तैयार किया हुआ रागी का घोल धीरे-धीरे डालते हुए लगातार चलाते रहें, ताकि गांठें न बनें। इसे धीमी आंच पर करीब 10-15 मिनट तक पकने दें।

अंत में स्वादानुसार नमक, काली मिर्च, नींबू का रस और ताजा हरा धनिया डालें। अच्छी तरह मिलाने के बाद गैस बंद कर दें। गर्मागर्म सूप सर्व करें।

रागी का सूप पीने के क्या फायदे हैं?

रागी को कैल्शियम का अच्छा स्रोत माना जाता है। डाइट में इसे शामिल करने से हड्डियों की सेहत को सपोर्ट करने में मदद मिल सकती है। इसके अलावा रागी और सब्जियों से बने इस सूप में फाइबर समेत कई पोषक तत्व मिलते हैं, जो संतुलित डाइट का हिस्सा बन सकते हैं।

यह सूप पेट को लंबे समय तक भरा हुआ महसूस कराने में मदद कर सकता है, इसलिए वजन को नियंत्रित रखने वाली डाइट में भी इसे शामिल किया जा सकता है। सब्जियों की वजह से इसमें विटामिन, मिनरल और अन्य पोषक तत्व भी मिलते हैं।

हालांकि, किसी बीमारी के इलाज या डायबिटीज जैसी स्वास्थ्य समस्या को नियंत्रित करने के लिए केवल इस सूप पर निर्भर नहीं रहना चाहिए। संतुलित आहार और डॉक्टर की सलाह को प्राथमिकता देना जरूरी है।

यह खबर शेयर करें
शेयर