ब्रेकिंग
रविवार, 22 नवंबर 2026
Denva Post
सभी खबरें
नर्मदापुरम · 21 मिनट पहले

बांद्राभान मेले में खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई, मिठाइयों सहित 37 खाद्य नमूनों की जांच

चलित खाद्य प्रयोगशाला से मौके पर परखी गई खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, दुकानदारों को स्वच्छता और खाद्य सुरक्षा मानकों के पालन के निर्देश

गोविंद यादव
गोविंद यादव
Reporter · 21 मिनट पहले
शेयर
बांद्राभान मेले में खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई, मिठाइयों सहित 37 खाद्य नमूनों की जांच

नर्मदापुरम। बांद्राभान मेले में श्रद्धालुओं को शुद्ध और सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा विभाग ने विशेष निरीक्षण अभियान चलाया। कलेक्टर आशीष वशिष्ठ के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा अधिकारी कमलेश एस. दियावार ने मेला क्षेत्र में संचालित मिठाई दुकानों, खाद्य प्रतिष्ठानों और खाद्य सामग्री विक्रय केंद्रों का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान चलित खाद्य प्रयोगशाला के माध्यम से विभिन्न खाद्य पदार्थों की मौके पर ही गुणवत्ता जांच की गई। इस दौरान बर्फी, बेसन के लड्डू, नारियल बर्फी, मावा मिठाई, केसर बर्फी, सब्जी सहित अन्य खाद्य पदार्थों के कुल 37 नमूनों की जांच की गई।

दुकानदारों को दिए स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश

खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने मेले में संचालित खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर दुकानदारों को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के प्रावधानों की जानकारी दी। साथ ही निर्धारित स्वच्छता मानकों का अनिवार्य रूप से पालन करने के निर्देश दिए।

दुकानदारों को खाद्य सामग्री स्वच्छ एवं सुरक्षित तरीके से रखने, उसकी गुणवत्ता बनाए रखने और ग्राहकों को शुद्ध खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने की हिदायत दी गई।

मेले में लगातार जारी रहेगी जांच

बांद्राभान मेले में पांच दिनों तक बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए निरीक्षण और जांच अभियान लगातार जारी रहेगा।

विभाग का उद्देश्य मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को मिलावटी, असुरक्षित और अमानक खाद्य सामग्री से बचाना तथा आमजन के स्वास्थ्य की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।

यह खबर शेयर करें
शेयर