भोपाल में 1 जनवरी 2027 से डिजिटल करेंसी से मिलेगा राशन, 14 लाख कार्डधारियों का सत्यापन
भोपाल में 1 जनवरी 2027 से CBDC आधारित डिजिटल राशन वितरण शुरू होगा। करीब 14 लाख राशन कार्डधारियों का दिसंबर तक सत्यापन होगा। आधार और समग्र में एक मोबाइल नंबर अनिवार्य।


भोपाल। सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) को अधिक पारदर्शी और आधुनिक बनाने के लिए भोपाल जिले में केंद्रीय बैंक की डिजिटल मुद्रा (CBDC) आधारित राशन वितरण की पायलट परियोजना शुरू की जा रही है। इस नई व्यवस्था के तहत जिले के करीब 14 लाख राशन कार्डधारियों का सत्यापन किया जाएगा। जिला प्रशासन ने दिसंबर 2026 तक सत्यापन की पूरी प्रक्रिया संपन्न करने का लक्ष्य रखा है। इसके बाद 1 जनवरी 2027 से पात्र परिवारों को डिजिटल प्रणाली के माध्यम से राशन वितरित किया जाएगा।
आधार और समग्र पोर्टल में एक ही मोबाइल नंबर जरूरी
नई डिजिटल व्यवस्था में शामिल होने के लिए राशन कार्ड में दर्ज परिवार के प्रत्येक सदस्य की जानकारी का सत्यापन अनिवार्य होगा। इस प्रक्रिया को तकनीकी भाषा में ‘व्हाइटलिस्टिंग’ कहा गया है।
इसके लिए हितग्राहियों को अपनी नियमित उचित मूल्य राशन दुकान पर जाकर परिवार के सभी सदस्यों का विवरण दर्ज कराना होगा। सत्यापन के दौरान यह विशेष ध्यान रखना होगा कि सदस्य के आधार कार्ड से लिंक मोबाइल नंबर और समग्र पोर्टल में दर्ज मोबाइल नंबर एक ही हो।
यदि दोनों जगह अलग-अलग मोबाइल नंबर दर्ज हैं, तो हितग्राहियों को पहले उनमें आवश्यक संशोधन कराना होगा। इसके बाद ही डिजिटल सूची में उनका सत्यापन पूरा हो सकेगा।
सत्यापन अधूरा रहा तो राशन लेने में आ सकती है परेशानी
जिला आपूर्ति नियंत्रक चंद्रभान सिंह जादौन ने राशन कार्डधारियों से अपील की है कि वे समय रहते अपनी संबंधित उचित मूल्य दुकान पर पहुंचकर सत्यापन की प्रक्रिया पूरी कराएं।
उन्होंने बताया कि परिवार के किसी सदस्य की जानकारी या सत्यापन अधूरा रहने पर नई व्यवस्था लागू होने के बाद राशन प्राप्त करने में तकनीकी कठिनाई आ सकती है। इसलिए कार्डधारी अंतिम समय का इंतजार न करें और जल्द से जल्द अपनी राशन दुकान पर संपर्क कर परिवार के सभी सदस्यों का सत्यापन सुनिश्चित कराएं।
दिसंबर तक पूरी होगी प्रक्रिया
जिला प्रशासन का लक्ष्य दिसंबर 2026 तक भोपाल जिले के लगभग 14 लाख राशन कार्डधारियों का सत्यापन पूरा करना है। इसके बाद 1 जनवरी 2027 से डिजिटल मुद्रा आधारित नई व्यवस्था के तहत राशन वितरण शुरू किया जाएगा। ऐसे में पात्र हितग्राहियों के लिए जरूरी है कि वे आधार और समग्र पोर्टल में मोबाइल नंबर की समानता सहित सभी जानकारियां समय रहते दुरुस्त करा लें।

