शीतलहर का असर: नर्सरी से 8वीं तक के स्कूल अब सुबह 9 बजे के बाद खुलेंगे, कलेक्टर ने दी राहत
सरकारी और निजी स्कूलों पर आदेश लागू, सीबीएसई, आईसीएसई और एमपी बोर्ड के विद्यालय भी दायरे में; जिला शिक्षा अधिकारी ने जारी किए निर्देश


उज्जैन। लगातार गिरते तापमान और बढ़ती शीतलहर को देखते हुए जिला प्रशासन ने स्कूली बच्चों को राहत दी है। उज्जैन कलेक्टर रोशन कुमार सिंह के अनुमोदन के बाद जिला शिक्षा अधिकारी महेंद्र कुमार खत्री ने नर्सरी से कक्षा आठवीं तक के स्कूलों के समय में बदलाव का आदेश जारी किया है। नए आदेश के अनुसार, सोमवार से जिले के सभी स्कूल सुबह 9 बजे या उसके बाद ही संचालित होंगे। सुबह 9 बजे से पहले किसी भी स्थिति में स्कूल नहीं लगाए जा सकेंगे।
यह आदेश सभी सरकारी और निजी विद्यालयों के साथ सीबीएसई, आईसीएसई, एमपी बोर्ड तथा अन्य बोर्ड से संबद्ध स्कूलों पर भी लागू होगा। जिला शिक्षा अधिकारी ने आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया है।
सभी स्कूलों को पालन के निर्देश
आदेश के पालन के लिए सभी विकासखंड शिक्षा अधिकारियों, जिला परियोजना समन्वयक और स्कूलों के प्राचार्यों एवं प्रधानाध्यापकों को निर्देश भेजे गए हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय से पहले स्कूल संचालित नहीं किए जाएंगे।
जिला प्रशासन का कहना है कि लगातार गिरते तापमान और सर्द हवाओं के कारण बच्चों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल असर पड़ने की आशंका है। इसी को ध्यान में रखते हुए स्कूलों के समय में बदलाव का निर्णय लिया गया है।
सुबह की ठंड से बच्चों को मिलेगी राहत
अब तक जिले के कई स्कूलों में सुबह 7:30 से 8 बजे के बीच कक्षाएं शुरू हो रही थीं। इसके चलते छोटे बच्चों को सुबह करीब 6 बजे उठकर स्कूल के लिए निकलना पड़ता था।
सुबह की सर्द हवाओं और कोहरे के बीच बस, वैन या पैदल स्कूल जाने वाले बच्चों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। ठंड के कारण सर्दी-जुकाम, बुखार और वायरल संक्रमण का खतरा भी बढ़ रहा था।
स्कूलों का समय सुबह 9 बजे या उसके बाद निर्धारित होने से छोटे बच्चों को सुबह की कड़ाके की ठंड से राहत मिलेगी। प्रशासन के इस फैसले से अभिभावकों ने भी राहत महसूस की है।
