ब्रेकिंग
रविवार, 22 नवंबर 2026
Denva Post
सभी खबरें
लाइफस्टाइल डेस्क · 15 मिनट पहले

घर पर बनाएं खुशबूदार चाय मसाला, सर्दियों में मिलेगी कड़क मसाला चाय का स्वाद; जानें आसान रेसिपी

दालचीनी, इलायची, लौंग और तुलसी से तैयार करें खास मसाला; सही तरीके से स्टोर करेंगे तो लंबे समय तक बरकरार रहेगी खुशबू और स्वाद

कंचन शर्मा
कंचन शर्मा
Reporter · 15 मिनट पहले
शेयर
घर पर बनाएं खुशबूदार चाय मसाला, सर्दियों में मिलेगी कड़क मसाला चाय का स्वाद; जानें आसान रेसिपी

लाइफस्टाइल डेस्क। सर्दियों के मौसम में अदरक और मसालों वाली गर्मागर्म चाय मिल जाए तो दिन बन जाता है। कई लोग बाजार से चाय मसाला खरीदने के बजाय घर पर ही इसे तैयार करना पसंद करते हैं। घर पर बने मसाले में अपनी पसंद के अनुसार सामग्री का इस्तेमाल किया जा सकता है। हालांकि, मसाला बनाते समय और उसे स्टोर करते समय कुछ बातों का ध्यान रखना जरूरी है, ताकि उसकी खुशबू और स्वाद लंबे समय तक बना रहे।

आज हम आपको दालचीनी, इलायची, लौंग, काली मिर्च और तुलसी जैसी सामग्री से चाय मसाला बनाने का आसान तरीका बता रहे हैं। इससे आप घर पर ही खुशबूदार मसाला तैयार कर सकते हैं।

चाय मसाला बनाने के लिए जरूरी सामग्री

घर पर चाय मसाला तैयार करने के लिए इन चीजों की जरूरत होगी:

दालचीनी – 10 ग्राम

साबुत काली मिर्च – 10 ग्राम

लौंग – 5 ग्राम

हरी सौंफ – 8 ग्राम

हरी इलायची – 20 ग्राम

काली इलायची – 3 से 4 फली

तुलसी मंजरी – एक छोटी मुट्ठी

ताजी तुलसी की पत्तियां – एक छोटी मुट्ठी

सोंठ पाउडर – 15 ग्राम

जावित्री – 1 बड़ा चम्मच

जायफल – 1 छोटा टुकड़ा

चाय मसाला बनाने की आसान विधि

पहला स्टेप: साबुत मसालों को हल्का भूनें

सबसे पहले एक पैन लें और उसमें दालचीनी, साबुत काली मिर्च, लौंग और सौंफ डालकर धीमी आंच पर करीब 30 सेकंड तक हल्का गर्म करें। ध्यान रखें कि मसाले जलने न पाएं। इसके बाद हरी और काली इलायची डालकर कुछ देर और हल्का गर्म करें। सभी मसालों को एक प्लेट में निकालकर ठंडा होने दें।

अब उसी पैन में तुलसी की पत्तियां और तुलसी मंजरी डालें। इन्हें धीमी आंच पर तब तक सूखा भूनें, जब तक इनकी नमी अच्छी तरह दूर न हो जाए।

दूसरा स्टेप: सभी सामग्री को पीस लें

एक बर्तन में सोंठ पाउडर, जावित्री और जायफल डालें। इसमें पहले से भुने हुए मसाले और तुलसी की पत्तियां मिला दें। सभी सामग्री को पूरी तरह ठंडा होने दें।

इसके बाद मिश्रण को मिक्सर में डालकर पल्स मोड पर बारीक पीस लें। इस तरह आपका घर पर तैयार खुशबूदार चाय मसाला बनकर तैयार हो जाएगा।

मसाले को स्टोर करते समय इन बातों का रखें ध्यान

चाय मसाले की खुशबू और स्वाद बनाए रखने के लिए इसे सही तरीके से रखना जरूरी है।

मसाले को पीसने से पहले सभी सामग्री पूरी तरह ठंडी और सूखी होनी चाहिए।

तैयार मसाले को साफ और पूरी तरह सूखे एयरटाइट कंटेनर में भरें।

डिब्बे में गीला चम्मच न डालें।

मसाले के डिब्बे को नमी, धूप और गैस की गर्मी से दूर रखें।

जरूरत के अनुसार ही मसाला निकालें और इस्तेमाल के बाद डिब्बे का ढक्कन अच्छी तरह बंद कर दें।

घर पर ऐसे बनाएं कड़क मसाला चाय

अब घर पर तैयार मसाले से स्वादिष्ट चाय बनाने की बारी है। इसके लिए सबसे पहले एक पैन में डेढ़ कप पानी गर्म करें। इसमें चायपत्ती, स्वादानुसार चीनी और आधा छोटा चम्मच तैयार चाय मसाला डालें।

इसे कुछ देर अच्छी तरह उबलने दें, ताकि मसालों की खुशबू और स्वाद पानी में घुल जाए। अब इसमें दूध डालकर धीमी आंच पर कुछ मिनट तक पकाएं। जब चाय अच्छी तरह उबल जाए और उसका रंग गाढ़ा हो जाए, तो गैस बंद कर दें।

तैयार चाय को छानकर गर्मागर्म सर्व करें। घर पर बने मसाले से तैयार खुशबूदार और कड़क मसाला चाय का आनंद लें।

यह खबर शेयर करें
शेयर
ज़्यादा जानें
कोरियर सर्विस चुनें
नक्शे देखें
स्थानीय परमिट लें