शिवराज सिंह चौहान ने रेहटी में किया 28 करोड़ के सांदीपनि विद्यालय का लोकार्पण, बोले- सरकारी स्कूल निजी से बेहतर बनें
50 बिस्तरीय एकीकृत आयुष चिकित्सालय का भी किया निरीक्षण, अस्पताल में ओपीडी शुरू; बच्चों को दिलाया नशे से दूर रहने का संकल्प


रेहटी (सीहोर)। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने रविवार को सीहोर जिले के रेहटी में करीब 28 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित सांदीपनि विद्यालय के नए भवन का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों को भी सरकारी स्कूलों में निजी विद्यालयों से बेहतर शिक्षा और सुविधाएं मिलनी चाहिए। केवल स्कूलों का भवन अच्छा बनाने से काम नहीं चलेगा, बल्कि पढ़ाई का स्तर भी बेहतर करना होगा।
सरकारी स्कूलों को निजी स्कूलों से बेहतर बनाने का लक्ष्य
शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि मुख्यमंत्री रहते हुए उन्होंने सरकारी स्कूलों को निजी स्कूलों से बेहतर बनाने के उद्देश्य से सीएम राइज स्कूलों की कल्पना की थी। अब इन्हें सांदीपनि विद्यालय के रूप में विकसित किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि इन विद्यालयों में प्रयोगशाला, लाइब्रेरी, स्मार्ट क्लास रूम, खेल मैदान और संगीत-नृत्य जैसी गतिविधियों के लिए सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया गया है। उनका सपना है कि आसपास के गांवों के बच्चे भी स्कूल बसों से इन विद्यालयों तक पहुंचें और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त करें।
उन्होंने शिक्षकों से पूरी लगन और समर्पण के साथ पढ़ाने की अपील करते हुए कहा कि विद्यालय में शिक्षा का स्तर ऐसा होना चाहिए कि यहां के विद्यार्थी हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा साबित कर सकें और देश-दुनिया में क्षेत्र का नाम रोशन करें।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि निजी स्कूलों की महंगी फीस के कारण हर परिवार अपने बच्चों को वहां नहीं पढ़ा सकता। ऐसे में सरकारी स्कूलों को बेहतर बनाना जरूरी है, ताकि आर्थिक स्थिति की परवाह किए बिना हर बच्चे को अच्छी शिक्षा मिल सके।
बच्चों को दिलाया नशे से दूर रहने का संकल्प
कार्यक्रम के दौरान शिवराज सिंह चौहान ने विद्यार्थियों से संवाद किया। उन्होंने बच्चों को खूब पढ़ने, मेहनत करने और माता-पिता का नाम रोशन करने की सीख दी। साथ ही रेहटी को नशामुक्त बनाने का संकल्प भी दिलाया।
उन्होंने कहा कि नशा नाश की जड़ है। बच्चों को स्वयं नशे से दूर रहना चाहिए और यदि परिवार में कोई इसकी गिरफ्त में है, तो उसे भी नशे के नुकसान समझाने चाहिए।
उन्होंने बेटियों के सम्मान, अच्छी शिक्षा और गलत गतिविधियों से दूर रहने का संदेश दिया। शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि जनता की सेवा करना उनके लिए भगवान की पूजा के समान है। दूसरों की मदद करने से बड़ा कोई धर्म नहीं है।
6.55 करोड़ के आयुष अस्पताल में शुरू हुई ओपीडी
सांदीपनि विद्यालय के लोकार्पण के साथ ही शिवराज सिंह चौहान ने रेहटी में 6.55 करोड़ रुपये की लागत से बने 50 बिस्तरीय एकीकृत आयुष चिकित्सालय का भी निरीक्षण किया।
उन्होंने बताया कि अस्पताल में आयुर्वेद, होम्योपैथी और यूनानी चिकित्सा पद्धतियों के माध्यम से मरीजों को उपचार की सुविधा मिलेगी। यहां ओपीडी शुरू की जा रही है, जिसमें मरीजों को चिकित्सकीय परामर्श के साथ दवाइयां भी उपलब्ध कराई जाएंगी।
उन्होंने अस्पताल में आवश्यक पदों की स्वीकृति, स्टाफ की व्यवस्था और शेष सुविधाएं जल्द शुरू करने के लिए संबंधित मंत्री एवं अधिकारियों से चर्चा की।
अस्पताल में प्रसव कक्ष, आपातकालीन चिकित्सा सुविधा और 50 बिस्तरों की व्यवस्था है। शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि इतने बड़े अस्पताल का लाभ आसपास के गांवों के लोगों को भी मिलना चाहिए। इसके लिए स्वास्थ्य सुविधाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि अधिक से अधिक लोग यहां उपलब्ध उपचार सेवाओं का लाभ उठा सकें।

