भारत दौरे पर नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह, आज PM मोदी के साथ होगी द्विपक्षीय वार्ता
व्यापार, ऊर्जा, परिवहन और निवेश पर रहेगा जोर; शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि और आपदा प्रबंधन सहित कई क्षेत्रों में समझौतों की उम्मीद


नई दिल्ली। नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह रविवार को अपने दो दिवसीय भारत दौरे पर नई दिल्ली पहुंचे। प्रधानमंत्री पद संभालने के बाद यह उनकी पहली भारत यात्रा और पहली द्विपक्षीय विदेश यात्रा है। दौरे की शुरुआत उन्होंने भारत के विदेश मंत्री एस. जयशंकर से मुलाकात के साथ की। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच भारत-नेपाल संबंधों को और मजबूत बनाने के साथ व्यापार, परिवहन, ऊर्जा, कनेक्टिविटी, शिक्षा और सांस्कृतिक सहयोग जैसे अहम मुद्दों पर चर्चा हुई।
अब सोमवार, 23 नवंबर को प्रधानमंत्री बालेन शाह भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे। इस बैठक में दोनों देशों के बीच आर्थिक सहयोग और साझा प्राथमिकताओं से जुड़े मुद्दों पर विशेष चर्चा होने की उम्मीद है।
जयशंकर बोले- नेपाल के साथ भारत की विशेष मित्रता
नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह ने रविवार शाम नई दिल्ली के होटल ताज महल में विदेश मंत्री एस. जयशंकर से मुलाकात की। बैठक के बाद जयशंकर ने भारत और नेपाल के बीच विशेष मित्रता का उल्लेख किया।
उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि नेपाल के प्रधानमंत्री से नई दिल्ली में मुलाकात करना उनके लिए सौभाग्य की बात है। भारत नेपाल के साथ अपनी विशेष मित्रता को महत्व देता है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ बालेन शाह की सोमवार को होने वाली बातचीत को लेकर भी उत्सुकता जताई।
नेपाल के प्रधानमंत्री कार्यालय के मुताबिक, बैठक में दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय सहयोग को और मजबूत करने के तरीकों पर विचार-विमर्श किया।
एयरपोर्ट पर केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद ने किया स्वागत
नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह रविवार को नई दिल्ली पहुंचे। एयरपोर्ट पर केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग राज्य मंत्री जितिन प्रसाद ने उनका स्वागत किया।
मार्च 2026 में प्रधानमंत्री पद संभालने के बाद यह बालेन शाह का पहला भारत दौरा है। विदेश मंत्रालय के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निमंत्रण पर वह 22 से 23 नवंबर तक भारत की राजकीय यात्रा पर हैं। इस दौरान उनकी राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से भी मुलाकात प्रस्तावित है।
व्यापार, निवेश और परिवहन पर होगी चर्चा
नेपाल के विदेश सचिव अमृत बहादुर राय ने शुक्रवार को प्रेस ब्रीफिंग में बताया था कि दोनों देशों के प्रधानमंत्रियों के बीच प्रतिनिधिमंडल स्तर की बातचीत होगी। इसमें साझा प्राथमिकताओं और द्विपक्षीय संबंधों के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की जाएगी। इसके बाद दोनों नेता संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने नेपाली समकक्ष और उनके 34 सदस्यीय सरकारी प्रतिनिधिमंडल के सम्मान में आधिकारिक दोपहर भोज भी आयोजित करेंगे।
बैठक में व्यापार, परिवहन, निवेश और बुनियादी ढांचे के विकास से जुड़े मुद्दे प्रमुखता से उठ सकते हैं। दोनों देशों के बीच आर्थिक सहयोग को नई गति देने पर भी जोर रहने की उम्मीद है।
शिक्षा, स्वास्थ्य और कृषि समेत कई क्षेत्रों में समझौते
भारत और नेपाल के बीच इस दौरे के दौरान कई अहम क्षेत्रों में समझौता ज्ञापनों (एमओयू) पर हस्ताक्षर होने की संभावना है। इनमें शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, खेल, आपदा प्रबंधन और मानव संसाधन विकास जैसे क्षेत्र शामिल हैं।
इसके अलावा दोनों देशों के बीच ऊर्जा सहयोग और कनेक्टिविटी को आगे बढ़ाने पर भी चर्चा होगी। यात्रा के दौरान कुछ पूर्ण हो चुकी परियोजनाओं का उद्घाटन और प्रस्तावित योजनाओं का शिलान्यास किए जाने की भी उम्मीद है।
नेपाल में भारतीय निवेश बढ़ाने पर भी रहेगा जोर
प्रधानमंत्री बालेन शाह के भारत दौरे के दौरान नेपाल-भारत बिजनेस फोरम का आयोजन भी किया जाएगा। इसका उद्देश्य नेपाल में भारतीय निवेश को आकर्षित करना और दोनों देशों के कारोबारी समुदायों के बीच सहयोग के नए अवसर तलाशना है।
इस मंच पर दोनों देशों के कारोबारी प्रतिनिधि आपसी साझेदारी, निवेश और व्यापारिक संबंधों को मजबूत बनाने के मुद्दों पर चर्चा करेंगे।
बालेन शाह के साथ नेपाल के वित्त मंत्री स्वर्णिम वागले, विदेश मंत्री शिशिर खनाल, प्रधानमंत्री के मुख्य सलाहकार कुमार ब्यांजनकर और अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी भारत आए हैं।
भारत की 'पड़ोसी प्रथम' नीति के लिए अहम दौरा
भारतीय विदेश मंत्रालय के अनुसार, बालेन शाह की यात्रा भारत और नेपाल के बीच नियमित उच्चस्तरीय मुलाकातों की परंपरा को आगे बढ़ाती है। यह दौरा भारत की 'पड़ोसी प्रथम' (Neighbourhood First) नीति के तहत नेपाल के साथ संबंधों को दिए जाने वाले महत्व को भी दर्शाता है।
भारत और नेपाल के संबंध ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और सभ्यतागत जुड़ाव के साथ मजबूत जनसंपर्क पर आधारित हैं। दोनों देशों के बीच व्यापार, ऊर्जा, जल संसाधन और भौतिक एवं डिजिटल कनेक्टिविटी जैसे क्षेत्रों में सहयोग लगातार बढ़ा है। अब स्टार्टअप, तकनीक, नवाचार और खेल जैसे नए क्षेत्रों में भी साझेदारी के विस्तार पर जोर दिया जा रहा है।
प्रधानमंत्री मोदी और बालेन शाह की प्रस्तावित बैठक को दोनों पड़ोसी देशों के संबंधों को नई दिशा देने के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
