बिना तेल-घी के बनाएं मसालेदार राजमा, स्वाद भी भरपूर और सेहत का भी रखें ख्याल; जानें आसान रेसिपी
बिना तेल-घी के बनाएं मसालेदार राजमा, स्वाद भी भरपूर और सेहत का भी रखें ख्याल; जानें आसान रेसिपी


लाइफस्टाइल डेस्क। राजमा खाना पसंद करने वालों के लिए आज हम एक खास रेसिपी लेकर आए हैं। आमतौर पर राजमा बनाने में तेल या घी का इस्तेमाल किया जाता है, लेकिन आप चाहें तो इसे बिना तेल और घी के भी तैयार कर सकते हैं। इस रेसिपी की खासियत यह है कि इसमें ग्रेवी को गाढ़ा और स्वादिष्ट बनाने के लिए कद्दू, लौकी और गाजर जैसी सब्जियों की प्यूरी का इस्तेमाल किया जाता है।
यह रेसिपी उन लोगों के लिए एक विकल्प हो सकती है, जो अपने खाने में तेल की मात्रा कम रखना चाहते हैं। आइए जानते हैं बिना तेल-घी के मसालेदार राजमा बनाने की सामग्री और आसान विधि।
बिना तेल वाले राजमा के लिए सामग्री
राजमा – 250 ग्राम (6 से 8 घंटे भिगोया हुआ)
प्याज – 3
टमाटर – 4
हरी मिर्च – 2
लहसुन – 8 से 10 कलियां
अदरक – कद्दूकस किया हुआ
दालचीनी – 2 टुकड़े
काली इलायची – 1
तेजपत्ता – 2
जीरा – 1 छोटा चम्मच
नमक – 1 छोटा चम्मच या स्वादानुसार
हल्दी पाउडर – आधा छोटा चम्मच
कश्मीरी लाल मिर्च पाउडर – 1 बड़ा चम्मच
धनिया पाउडर – 2 बड़े चम्मच
गरम मसाला – आधा छोटा चम्मच
पानी – 3 कप
सब्जियों की प्यूरी के लिए:
कद्दू – 100 ग्राम
लौकी – 100 ग्राम
गाजर – 100 ग्राम
भुनी हुई कसूरी मेथी पाउडर – एक चुटकी
हरा धनिया – एक मुट्ठी
बिना तेल-घी के राजमा बनाने की आसान विधि
पहला स्टेप: राजमा और मसालों को कुकर में पकाएं
सबसे पहले राजमा को अच्छी तरह धोकर 6 से 8 घंटे के लिए पानी में भिगो दें। इसके बाद भीगे हुए राजमा को प्रेशर कुकर में डालें। इसमें मोटे कटे प्याज और टमाटर, बीच से कटी हरी मिर्च, लहसुन, कद्दूकस किया हुआ अदरक, दालचीनी, काली इलायची, तेजपत्ता और जीरा डालें।
अब इसमें नमक, हल्दी, कश्मीरी लाल मिर्च पाउडर, धनिया पाउडर और गरम मसाला मिलाएं। थोड़ा पानी डालकर सभी सामग्री को अच्छी तरह मिला लें। कुकर का ढक्कन बंद करके तेज आंच पर एक सीटी आने दें। इसके बाद आंच धीमी कर करीब 15 मिनट तक पकाएं। राजमा पूरी तरह नरम होने तक पकाना जरूरी है।
दूसरा स्टेप: सब्जियों की प्यूरी तैयार करें
जब तक राजमा पक रहा है, तब तक कद्दू, लौकी और गाजर को छोटे टुकड़ों में काट लें। इन्हें स्टीमिंग ट्रे में रखकर करीब 12 से 15 मिनट तक या पूरी तरह नरम होने तक स्टीम करें।
सब्जियां पकने के बाद इन्हें बाहर निकालें और मिक्सर जार में डालकर बारीक प्यूरी तैयार कर लें।
तीसरा स्टेप: राजमा में मिलाएं सब्जियों की प्यूरी
जब कुकर का प्रेशर पूरी तरह निकल जाए, तब ढक्कन खोलें। टमाटर के ढीले छिलके और साबुत मसालों को निकाल दें। अब इसमें तैयार सब्जियों की प्यूरी डालकर अच्छी तरह मिला लें।
इस मिश्रण को धीमी आंच पर करीब 10 से 12 मिनट तक पकाएं। बीच-बीच में चलाते रहें, ताकि राजमा नीचे चिपके नहीं और ग्रेवी अच्छी तरह गाढ़ी हो जाए।
चौथा स्टेप: डालें कसूरी मेथी और हरा धनिया
अंत में थोड़ा गरम मसाला, भुनी हुई कसूरी मेथी का पाउडर और बारीक कटा हरा धनिया डालें। सभी चीजों को अच्छी तरह मिला लें। आपका बिना तेल और घी वाला मसालेदार राजमा तैयार है।
ये भी पढ़े: घर पर बनाएं चाय मसाला, जानें खुशबूदार और कड़क मसाला चाय की आसान रेसिपी
स्वाद और सेहत का रखें खास ध्यान
इस रेसिपी में तेल या घी के बजाय सब्जियों की प्यूरी से ग्रेवी तैयार की जाती है। इससे राजमा को गाढ़ापन और अलग स्वाद मिलता है। इसे चावल, रोटी या पराठे के साथ गर्मागर्म परोस सकते हैं।

