ब्रेकिंग
बुधवार, 26 अगस्त 2026
Denva Post
सभी खबरें
नर्मदापुरम · 1 मिनट पहले

नर्मदापुरम में रक्षाबंधन पर नन्हीं छात्राओं ने कलेक्टर सोमेश मिश्रा और जिला पंचायत सीईओ को राखी बांधी। कलेक्टर ने छात्राओं को पढ़ाई और अनुशासन के लिए प्रेरित किया।

गोविंद यादव
गोविंद यादव
Reporter · 1 मिनट पहले
शेयर

नर्मदापुरम। रक्षाबंधन के पावन अवसर पर नर्मदापुरम में आयोजित रक्षा सूत्र कार्यक्रम में भाई-बहन के स्नेह और अपनत्व की अनूठी तस्वीर देखने को मिली। पवारखेड़ा स्थित सांदीपनि विद्यालय, माता शबरी आवासीय कन्या शिक्षा परिसर और वीरांगना रानी दुर्गावती शासकीय संयुक्त सीनियर बालिका छात्रावास की नन्ही छात्राओं ने कलेक्टर सोमेश मिश्रा एवं जिला पंचायत सीईओ को भाई मानकर उनकी कलाई पर राखी बांधी।

कलेक्टर और जिला पंचायत सीईओ ने भी छात्राओं के इस स्नेह को आत्मीयता से स्वीकार किया और उन्हें रक्षाबंधन की शुभकामनाएं देते हुए मिठाई एवं उपहार भेंट किए। अधिकारियों को अपने बीच पाकर छात्राओं के चेहरे खुशी से खिल उठे। राखी बांधने के दौरान माहौल में अपनापन और उत्साह साफ नजर आया।

नन्हीं छात्राओं ने प्रशासनिक अधिकारीयों को बांधी राखी
नन्हीं छात्राओं ने प्रशासनिक अधिकारीयों को बांधी राखी

छात्राओं से जाना पढ़ाई और सुविधाओं का हाल

कार्यक्रम के दौरान कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने छात्राओं से आत्मीय संवाद किया। उन्होंने विद्यालय में मिलने वाली शिक्षा, आवासीय सुविधाओं, शिक्षकों के व्यवहार और अन्य व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी ली। कलेक्टर ने छात्राओं से भोजन की गुणवत्ता को लेकर भी सीधे फीडबैक लिया।

छात्राओं ने उत्साहपूर्वक विद्यालय में मिलने वाले भोजन और अन्य सुविधाओं के संबंध में अपनी बात कलेक्टर के सामने रखी। कलेक्टर ने उनकी समस्याओं और सुझावों को गंभीरता से सुना।

ये भी पढ़े:नर्मदापुरम में मिलावटी मावे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 650 किलो मावा जब्त

‘मन लगाकर पढ़ो और अपने सपनों को साकार करो’

कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा के साथ अनुशासन बेहद जरूरी है। अनुशासन के बिना शिक्षा अधूरी है। उन्होंने छात्राओं से नियमित रूप से अनुशासन का पालन करते हुए मन लगाकर पढ़ाई करने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि आवासीय विद्यालयों में छात्राओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। छात्राएं इन सुविधाओं का भरपूर लाभ उठाते हुए मेहनत और लगन से पढ़ाई करें, अपने सपनों को साकार करें और माता-पिता एवं शिक्षकों को गौरवान्वित करें।

कलेक्टर ने कहा कि शिक्षा जीवन का ऐसा महत्वपूर्ण अस्त्र है, जिसके माध्यम से व्यक्ति जीवन की चुनौतियों और कठिन परिस्थितियों का सामना करते हुए सफलता हासिल कर सकता है। उन्होंने छात्राओं को लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर मेहनत करने के लिए प्रेरित किया।

10वीं और 12वीं की छात्राओं को मेरिट के लिए किया प्रेरित

कलेक्टर ने विशेष रूप से कक्षा 10वीं और 12वीं की छात्राओं से परीक्षा की तैयारी पूरी मेहनत और लगन के साथ करने को कहा। उन्होंने छात्राओं को प्रेरित करते हुए कहा कि कम से कम एक-एक छात्रा मेरिट सूची में स्थान हासिल करे और सभी छात्राएं प्रथम श्रेणी से परीक्षा उत्तीर्ण करें।

राखी के साथ मिला सफलता का संकल्प

रक्षाबंधन के अवसर पर नन्ही छात्राओं द्वारा अधिकारियों की कलाइयों पर बांधा गया रक्षा सूत्र कार्यक्रम का सबसे भावुक और यादगार क्षण रहा। कलेक्टर ने भी छात्राओं को स्नेहाशीष देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

कार्यक्रम ने रक्षाबंधन के पारंपरिक भाव को एक नए रूप में सामने रखा, जहां नन्हीं बहनों ने अधिकारियों को राखी बांधकर भाई-बहन के स्नेह का संदेश दिया और कलेक्टर ने उन्हें शिक्षा, अनुशासन और मेहनत के जरिए अपने भविष्य को बेहतर बनाने के लिए प्रेरित किया।

यह खबर शेयर करें
शेयर