बैतूल में शरद पूर्णिमा की रात दो पक्षों में पथराव, 18 लोगों पर मामला दर्ज
संजय कॉलोनी में पुराने विवाद को लेकर हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदला, आधा दर्जन लोग घायल; घटना का वीडियो सामने आया


बैतूल। मध्य प्रदेश के बैतूल में शरद पूर्णिमा की रात मामूली कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया। गंज थाना क्षेत्र की संजय कॉलोनी में पुराने विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर पथराव हुआ। घटना में करीब आधा दर्जन लोगों को मामूली चोटें आई हैं। घायलों को जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार दिया गया। पुलिस ने मामले में दोनों पक्षों के कुल 18 लोगों के खिलाफ नामजद प्रकरण दर्ज किया है।

थाने से लौटने के बाद फिर आमने-सामने आए दोनों पक्ष
जानकारी के अनुसार, संजय कॉलोनी में शरद पूर्णिमा के अवसर पर कार्यक्रम चल रहा था। इसी दौरान पुराने विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर दोनों पक्ष गंज थाने पहुंचे और एक-दूसरे के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।
बताया जा रहा है कि थाने से घर लौटने के बाद दोनों पक्ष एक बार फिर आमने-सामने आ गए। इसके बाद गाली-गलौज शुरू हुई और देखते ही देखते दोनों तरफ से पत्थरबाजी होने लगी। रात के समय हुई इस घटना से इलाके में तनाव फैल गया। स्थिति को देखते हुए स्थानीय लोगों ने अपने घरों के दरवाजे बंद कर लिए।
पथराव का वीडियो आया सामने
घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें सड़क पर मौजूद लोग एक-दूसरे पर पत्थर फेंकते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद मामले को लेकर चर्चा तेज हो गई है।
सूचना मिलने पर गंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पथराव में घायल हुए लोगों को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया।

18 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज, अन्य की पहचान जारी
पुलिस ने दोनों पक्षों के कुल 18 लोगों के खिलाफ नामजद मामला दर्ज किया है। इसके अलावा, वायरल वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर घटना में शामिल दूसरे लोगों की पहचान भी की जा रही है।
फिलहाल गंज थाना पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। पुलिस पुराने विवाद की वजह और थाने से लौटने के बाद दोबारा हुई हिंसक झड़प के कारणों का पता लगा रही है। क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है।

