ब्रेकिंग
बुधवार, 30 सितंबर 2026
Denva Post
सभी खबरें
नर्मदापुरम · 1 घंटे पहले

15 दिन की चूल्हा बंद हड़ताल और 3 दिन की भूख हड़ताल स्थगित, अधिकारियों के आश्वासन के बाद लिया निर्णय

नर्मदापुरम में महिला स्व सहायता समूह महासंघ ने 15 दिन की चूल्हा बंद और 3 दिन की भूख हड़ताल अधिकारियों के आश्वासन के बाद स्थगित की। भुगतान, खाद्यान्न और टेक होम राशन की मांगें शामिल।

गोविंद यादव
गोविंद यादव
Reporter · 1 घंटे पहले
शेयर
15 दिन की चूल्हा बंद हड़ताल और 3 दिन की भूख हड़ताल स्थगित, अधिकारियों के आश्वासन के बाद लिया निर्णय

नर्मदापुरम। प्रांतीय महिला स्व सहायता समूह महासंघ नर्मदापुरम द्वारा अपनी विभिन्न मांगों को लेकर पिछले 15 दिनों से जारी चूल्हा बंद हड़ताल और 3 दिन से चल रही भूख हड़ताल को गुरुवार से स्थगित करने का निर्णय लिया गया है। मंगलवार को कलेक्टर से चर्चा और बुधवार को विधायक डॉ. सीताशरण शर्मा सहित जिला प्रशासन एवं जिला पंचायत के अधिकारियों से हुई बातचीत के बाद महासंघ ने यह निर्णय लिया।

महासंघ के मीडिया प्रभारी अजय मंजारिया ने बताया कि कलेक्टर से चर्चा के दौरान स्पष्ट किया गया कि पोषण आहार एवं मध्यान्ह भोजन की दरों में वृद्धि का निर्णय जिला स्तर पर नहीं लिया जा सकता। इसके लिए प्रदेश स्तर पर कैबिनेट के निर्णय की आवश्यकता होगी। हालांकि, जिला स्तर पर आने वाली समस्याओं के निराकरण पर अधिकारियों ने विचार करने का आश्वासन दिया।

अधिकारियों को सौंपा मांगों का पत्र

महासंघ के प्रतिनिधिमंडल में मीडिया प्रभारी अजय मंजारिया, प्रदेश उपाध्यक्ष रोशनी सोनी सहित अन्य प्रतिनिधि शामिल रहे। प्रतिनिधिमंडल ने डिप्टी कलेक्टर, जिला पंचायत अध्यक्ष और मध्यान्ह भोजन प्रभारी से चर्चा कर कलेक्टर के नाम मांगों का पत्र सौंपा।

पत्र में जिला स्तर पर निराकरण योग्य मांगों में 20 प्रतिशत खाद्यान्न बढ़ाने, हर माह समय पर भुगतान करने, पिछली बकाया राशि का भुगतान तथा टेक होम राशन का भुगतान सहित अन्य मांगें शामिल थीं।

अधिकारियों ने चर्चा के दौरान संबंधित समस्याओं का शीघ्र निराकरण करने का आश्वासन दिया।

जूस पिलाकर भूख हड़ताल समाप्त कराई

अधिकारियों से चर्चा के बाद प्रतिनिधिमंडल धरना स्थल पहुंचा। यहां भूख हड़ताल पर बैठीं जिला अध्यक्ष समूह गौरी इश्कर एवं अध्यक्ष समूह कविता राजपूत को जूस पिलाकर भूख हड़ताल समाप्त कराई गई।

इस दौरान अधिकारियों की ओर से हड़ताल पर बैठी महिलाओं को संबोधित करते हुए भुगतान और राशन से संबंधित समस्याओं के शीघ्र निराकरण का आश्वासन दिया गया।

बच्चों के भोजन को देखते हुए हड़ताल स्थगित

मीडिया प्रभारी अजय मंजारिया ने बताया कि अधिकारियों के आश्वासन के बाद संगठन ने हड़ताल स्थगित करने का निर्णय लिया है, ताकि आंगनवाड़ियों और स्कूलों में गरीब बच्चों को भोजन मिल सके और वे पोषण आहार से वंचित न हों।

दर बढ़ाने की मांग पर भोपाल में होगा प्रदेशव्यापी आंदोलन

अजय मंजारिया ने बताया कि स्व सहायता समूहों द्वारा प्रदाय किए जाने वाले भोजन की दरों में वृद्धि का निर्णय प्रदेश शासन के स्तर पर होना है। इसलिए महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष के निर्देशानुसार जल्द ही भोपाल में प्रदेशव्यापी धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। इस आंदोलन में प्रदेशभर के महिला स्व सहायता समूहों की भागीदारी प्रस्तावित है।

यह खबर शेयर करें
शेयर