MP: सोफे से गिरी 11 माह की बच्ची के माथे में घुसा खिलौने का लोहे का तार, डेढ़ घंटे के ऑपरेशन से बची जान
कटनी के बाकल गांव की घटना, करीब दो इंच तक सिर में घुस गया था तार; जबलपुर मेडिकल कॉलेज के डॉक्टरों ने जटिल सर्जरी कर बच्ची को दिया नया जीवन


जबलपुर। मध्यप्रदेश के कटनी जिले में एक दर्दनाक हादसे में 11 माह की बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। बाकल गांव में सोफे से गिरने के दौरान प्लास्टिक के खिलौने में लगा लोहे का तार बच्ची के माथे में घुस गया। तार करीब दो इंच तक सिर के अंदर पहुंच गया था। गंभीर हालत में बच्ची को जबलपुर मेडिकल कॉलेज के सुपर स्पेशलिटी अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों की टीम ने करीब डेढ़ घंटे तक जटिल ऑपरेशन कर तार को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। समय पर उपचार मिलने से बच्ची की जान बच गई। अब उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
सोफे से गिरते ही माथे में घुसा खिलौने का तार
जानकारी के अनुसार, हादसा शनिवार शाम कटनी जिले के बाकल गांव में हुआ। 11 माह की आरवी सोफे पर बैठकर खेल रही थी। पास में कुछ प्लास्टिक के खिलौने रखे हुए थे। इसी दौरान अचानक बच्ची सोफे से नीचे गिर गई और खिलौने में लगा करीब एक सेंटीमीटर मोटा लोहे का तार सीधे उसके माथे में जा घुसा।
हादसे के बाद बच्ची के सिर से तेजी से खून बहने लगा। उसकी गंभीर हालत देखकर मां तत्काल उसे स्थानीय अस्पताल लेकर पहुंची। यहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए उसे जबलपुर रेफर कर दिया। परिजन शनिवार रात बच्ची को लेकर जबलपुर के सुपर स्पेशलिटी अस्पताल पहुंचे।
सिर की हड्डी तोड़कर दो इंच अंदर तक पहुंचा था तार
अस्पताल में डॉक्टरों ने बच्ची की गहन जांच की। परीक्षण में सामने आया कि लोहे का तार सिर की हड्डी को क्षतिग्रस्त करते हुए करीब दो इंच अंदर तक पहुंच गया था। इसके कारण मस्तिष्क के भीतर खून का थक्का भी जम गया था।
डॉक्टरों के मुताबिक, तार के हिलने-डुलने से मस्तिष्क के संवेदनशील हिस्सों को और नुकसान पहुंचने का खतरा था। इसके अलावा संक्रमण फैलने और आंखों की रोशनी प्रभावित होने की आशंका भी थी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए डॉक्टरों ने तत्काल आपातकालीन ऑपरेशन करने का निर्णय लिया।
डेढ़ घंटे की सर्जरी के बाद सुरक्षित निकाला तार
बच्ची की जान बचाने के लिए मेडिकल कॉलेज के विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने तत्काल तैयारी शुरू की। संस्थान के डीन डॉ. नवनीत सक्सेना और न्यूरो सर्जन डॉ. जितिन बजाज के मार्गदर्शन में ऑपरेशन की रूपरेखा तैयार की गई।
सुपर स्पेशलिटी अस्पताल की संचालक डॉ. अपर्णा तामस्कर, अधीक्षक लेफ्टिनेंट कर्नल डॉ. जितेंद्र गुप्ता और न्यूरो सर्जरी विभागाध्यक्ष डॉ. विजय परिहार के नेतृत्व में विशेषज्ञों की टीम ने सर्जरी की।
इस टीम में डॉ. शैलेंद्र रात्रे, डॉ. मुकेश शर्मा, डॉ. आशुतोष कारपेंटर और एनेस्थीसिया विशेषज्ञ डॉ. वरुण अरोड़ा भी शामिल रहे। करीब डेढ़ घंटे तक चले जटिल ऑपरेशन के बाद डॉक्टरों ने लोहे के तार को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
समय पर ऑपरेशन नहीं होता तो बढ़ सकता था खतरा
न्यूरो सर्जन डॉ. जितिन बजाज ने बताया कि यदि समय रहते ऑपरेशन नहीं किया जाता तो मस्तिष्क के संवेदनशील हिस्सों को गंभीर नुकसान पहुंच सकता था। समय पर की गई सर्जरी से बच्ची की जान बचाने में सफलता मिली।
फिलहाल बच्ची की हालत खतरे से बाहर है। उसे मेडिकल कॉलेज के बच्चा वार्ड में डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया है।
इस घटना ने एक बार फिर छोटे बच्चों के आसपास खिलौने और अन्य वस्तुएं रखते समय सावधानी बरतने की जरूरत को सामने ला दिया है।

