कटनी-सिवनी में 12 लोगों की मौत, CM मोहन यादव ने किया 4-4 लाख की सहायता का ऐलान
दो परिवारों की खुशियां मातम में बदलीं, सिवनी के छपारा में एक ही परिवार के छह लोगों की मौत; कटनी के बरही में दो महीने के मासूम समेत छह ने गंवाई जान


भोपाल। मध्यप्रदेश में दीपावली का त्योहार दो परिवारों के लिए जिंदगी का सबसे दर्दनाक दिन बन गया। कटनी और सिवनी जिले में आग लगने की दो अलग-अलग घटनाओं में 12 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। दोनों हादसों में परिवार के सदस्य आग और धुएं के बीच फंस गए और उन्हें बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिल सका। इन घटनाओं से पूरे प्रदेश में शोक की लहर है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दोनों हादसों पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों को राज्य सरकार की ओर से चार-चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर घटनाओं को बेहद दुखद बताया और मृतकों को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने शोकाकुल परिवारों के प्रति संवेदना जताते हुए कहा कि इस कठिन समय में राज्य सरकार पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है।
सिवनी के छपारा में एक ही परिवार के छह लोगों की मौत
पहला दर्दनाक हादसा सिवनी जिले के छपारा में हुआ। दीपावली की रात के बाद तड़के करीब 4 से 4:30 बजे महावीर वार्ड क्रमांक-7 में जैन मंदिर के पास स्थित कुंदन सोनी के मकान में अचानक आग लग गई। घटना के समय घर में परिवार के 10 सदस्य मौजूद थे।
आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया। लपटों और धुएं के कारण घर में मौजूद लोगों को बाहर निकलने का पर्याप्त मौका नहीं मिला। हादसे में परिवार के छह सदस्यों की मौत हो गई, जबकि चार लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। घटना के बाद इलाके में मातम पसरा हुआ है।
कटनी के बरही में दो महीने के मासूम समेत छह की मौत
दूसरा बड़ा अग्निकांड कटनी जिले के बरही में हुआ। यहां रात करीब 12 बजे पूरन अग्रवाल और रितेश अग्रवाल की क्रॉकरी दुकान में आग लग गई। दुकान के ऊपर बनी तीन मंजिला इमारत भी आग की चपेट में आ गई।
इमारत में मौजूद लोग आग और घने धुएं के बीच फंस गए। हालात इतने गंभीर हो गए कि उन्हें बाहर निकलने का मौका नहीं मिल सका। इस हादसे में दो महीने के मासूम बच्चे सहित छह लोगों की मौत हो गई।
आग बुझाने और इमारत में फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए देर रात तक राहत एवं बचाव कार्य जारी रहा। सुबह करीब 6:30 बजे जेसीबी की मदद से इमारत की दीवार तोड़कर दो लोगों को बाहर निकाला गया।
मुख्यमंत्री ने दिए चार-चार लाख रुपये की सहायता के निर्देश
कटनी और सिवनी की घटनाओं की जानकारी मिलने के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शोक व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि दोनों घटनाएं अत्यंत दुखद हैं। उन्होंने दिवंगत आत्माओं को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए पीड़ित परिवारों को इस असहनीय दुख को सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की।
दीपावली जैसे खुशियों के त्योहार पर हुए इन दोनों हादसों ने पूरे मध्यप्रदेश को झकझोर दिया है। दो अलग-अलग जिलों में आग की घटनाओं ने 12 जिंदगियां छीन लीं और कई परिवारों की खुशियां हमेशा के लिए उजाड़ दीं।
