ब्रेकिंग
सोमवार, 9 नवंबर 2026
Denva Post
सभी खबरें
भोपाल · 13 मिनट पहले

MP में हर साल तैयार होंगे 1 लाख उन्नत नस्ल के गौवंश के भ्रूण, 50 एकड़ में बनेगा विशेष प्रोजेक्ट

गोवर्धन पूजा पर CM मोहन यादव की बड़ी घोषणा, साहीवाल जैसी उन्नत नस्ल की बछिया तैयार करने पर होगा काम; गौशालाओं को 65.66 करोड़ का अनुदान जारी

दीपक शर्मा
दीपक शर्मा
Editor-in-Chief · 13 मिनट पहले
शेयर
MP में हर साल तैयार होंगे 1 लाख उन्नत नस्ल के गौवंश के भ्रूण, 50 एकड़ में बनेगा विशेष प्रोजेक्ट

भोपाल। मध्यप्रदेश में गौवंश की नस्ल सुधार और उन्नत नस्ल के पशुओं की संख्या बढ़ाने के लिए राज्य सरकार विशेष परियोजना शुरू करने जा रही है। इसके तहत हर साल एक लाख भ्रूण तैयार किए जाएंगे। इस परियोजना के लिए 50 एकड़ जमीन पर विशेष केंद्र स्थापित किया जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गोवर्धन पूजा के अवसर पर भोपाल के रवींद्र भवन में आयोजित राज्य स्तरीय गौ-पूजन एवं पशुपालक सम्मान समारोह में यह घोषणा की।

मुख्यमंत्री ने बताया कि इस परियोजना को केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह की मंजूरी मिल चुकी है। नई तकनीक के माध्यम से साहीवाल जैसी उन्नत नस्ल की बछिया तैयार करने के साथ निराश्रित गौवंश में भी भ्रूण प्रत्यारोपण किया जाएगा। सरकार का उद्देश्य आधुनिक तकनीक के जरिए प्रदेश में गौवंश की नस्ल सुधार को बढ़ावा देना है।

466 पशुपालकों को मिले 2.95 करोड़ रुपये

समारोह के दौरान मुख्यमंत्री ने गोपाल-कृष्ण ग्राम पुरस्कार योजना 2026-27 के तहत चयनित 466 विजयी पशुपालकों को कुल 2 करोड़ 95 लाख रुपये की राशि ट्रांसफर की।

इसके साथ ही प्रदेश की तीन हजार से अधिक पंजीकृत गोशालाओं में रखे 5.51 लाख निराश्रित गौवंश के भरण-पोषण के लिए 65 करोड़ 66 लाख रुपये का अनुदान जारी किया गया। मुख्यमंत्री ने विधि-विधान से गोवर्धन पूजा कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना भी की।

गौ माता के रोम-रोम से निकलती है दुआ: मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण ने हजारों साल पहले ही प्रकृति, जल, वन और जीवों के संरक्षण का संदेश दिया था। गोवर्धन पर्वत उठाकर उन्होंने सामूहिक शक्ति और प्रकृति के महत्व को समझाया।

उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति और ग्रामीण जीवन में गौ माता का विशेष स्थान है। मान्यता है कि गाय में 33 करोड़ देवी-देवताओं का वास है और गौ माता के रोम-रोम से हमारे लिए दुआ निकलती है।

मुख्यमंत्री ने खेती में रासायनिक खाद के बढ़ते इस्तेमाल पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि इसके कारण मिट्टी की गुणवत्ता प्रभावित हो रही है और स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं बढ़ रही हैं। ऐसे में प्राकृतिक खेती को प्रोत्साहित करने की जरूरत है। गौपालन से मिलने वाली जैविक खाद खेतों की उर्वरता बढ़ाने और रासायनिक खाद पर निर्भरता कम करने में मददगार हो सकती है।

सीएम पूजा अर्चना करते हुए - फोटो  denvapost
सीएम पूजा अर्चना करते हुए - फोटो denvapost

गौशालाओं में प्रति गाय अनुदान 20 से बढ़ाकर 40 रुपये किया

मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार ने गौशालाओं में रखी गायों के भरण-पोषण के लिए प्रति गाय मिलने वाली सहायता राशि 20 रुपये से बढ़ाकर 40 रुपये कर दी है। निजी स्तर पर गोशाला संचालित करने वालों को भी नियमानुसार सहायता दी जा रही है।

इसके अलावा नगरीय निकायों के माध्यम से भी गौशालाएं संचालित की जा रही हैं। प्रदेश के प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में वृंदावन गांव विकसित करने की योजना पर भी काम किया जा रहा है।

दूध उत्पादन में इन पशुपालकों ने हासिल किए स्थान

समारोह में पशुपालन के क्षेत्र में बेहतर उपलब्धि हासिल करने वाले पशुपालकों का भी उल्लेख किया गया। मुख्यमंत्री ने बताया कि गौरव रघुवंशी की गाय ने 19.760 लीटर दूध देकर पहला स्थान हासिल किया।

रतलाम के मुकेश परमार दूसरे और उमरिया की संध्या पांडे तीसरे स्थान पर रहीं। समारोह में पशुपालकों की उपलब्धियों को प्रोत्साहित करते हुए उन्हें सम्मानित किया गया।

प्रदेश सरकार की इस प्रस्तावित परियोजना के माध्यम से गौवंश की उन्नत नस्लों के संवर्धन, निराश्रित पशुओं के संरक्षण और पशुपालन को बढ़ावा देने की दिशा में काम किया जाएगा।

यह खबर शेयर करें
शेयर
ज़्यादा जानें
कोरियर सर्विस चुनें
नक्शे देखें
स्थानीय परमिट लें