नर्मदापुरम में खनिज माफिया पर प्रशासन का शिकंजा, ओवरलोड रेत के 4 डंपर सहित 7 वाहन जब्त
निमसाड़िया में ओवरलोड रेत परिवहन करते चार डंपर पकड़े, सुखतवा में गिट्टी का अवैध परिवहन करते डंपर और भंडारण में लगी जेसीबी जब्त; सिवनी मालवा में दो ट्रैक्टर-ट्रॉली पर कार्रवाई


नर्मदापुरम। जिले में अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ जिला प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है। कलेक्टर आशीष वशिष्ठ के निर्देश पर खनिज विभाग और पुलिस की टीम लगातार जांच अभियान चला रही है। इसी क्रम में अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए ओवरलोड रेत परिवहन करने वाले चार डंपर, गिट्टी का अवैध परिवहन करने वाला एक डंपर, अवैध भंडारण में लगी एक जेसीबी और रेत का अवैध परिवहन करने वाली दो ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त की गई हैं।
प्रशासन की इस कार्रवाई में कुल छह वाहन और एक जेसीबी मशीन जब्त की गई है। जब्त वाहनों को संबंधित पुलिस थानों और आरटीओ परिसर में सुरक्षित रखवाया गया है।
निमसाड़िया में ओवरलोड रेत के चार डंपर जब्त
खनिज विभाग की टीम ने नर्मदापुरम तहसील के ग्राम निमसाड़िया में कार्रवाई करते हुए ओवरलोड रेत का परिवहन कर रहे चार डंपर पकड़े। इनमें MP04YD4732, MP38ZG9799, MP04ZQ7024 और MP38ZF9799 क्रमांक के डंपर शामिल हैं।
जांच के दौरान ओवरलोड रेत परिवहन पाए जाने पर चारों डंपरों को जब्त कर सुरक्षार्थ आरटीओ परिसर में खड़ा कराया गया।
सुखतवा में गिट्टी का अवैध परिवहन और भंडारण पकड़ा
इटारसी तहसील के सुखतवा क्षेत्र में भी खनिज विभाग ने कार्रवाई की। यहां गिट्टी का अवैध परिवहन करते हुए डंपर क्रमांक MP39H7521 को जब्त किया गया। इसके अलावा गिट्टी का अवैध भंडारण किए जाने के मामले में एक जेसीबी मशीन भी जब्त की गई है।
डंपर और जेसीबी दोनों को पुलिस थाना केसला की अभिरक्षा में रखा गया है। प्रशासन द्वारा मामले में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है।
सिवनी मालवा में संयुक्त टीम ने दो ट्रैक्टर-ट्रॉली पकड़ीं
अवैध खनिज परिवहन की सूचना मिलने पर खनिज विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने सिवनी मालवा क्षेत्र में भी दबिश दी। जांच के दौरान रेत का अवैध परिवहन करते हुए दो ट्रैक्टर-ट्रॉली पकड़ी गईं। दोनों वाहनों को जब्त कर पुलिस थाना सिवनी मालवा की अभिरक्षा में रखवाया गया है।
अवैध खनन के खिलाफ अभियान जारी रखने के निर्देश
उक्त कार्रवाई खनिज अधिकारी दिवेश मरकाम सहित विभागीय अधिकारियों और होमगार्ड बल की उपस्थिति में की गई। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
