ब्रेकिंग
शुक्रवार, 27 नवंबर 2026
Denva Post
सभी खबरें
माखननगर · 2 घंटे पहले

माखननगर महाविद्यालय में मनाया गया संविधान दिवस

प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व को बताया संविधान का आधार

गोविंद यादव
गोविंद यादव
Reporter · 2 घंटे पहले
शेयर
माखननगर महाविद्यालय में मनाया गया संविधान दिवस

माखननगर। श्री माखनलाल चतुर्वेदी शासकीय महाविद्यालय माखननगर में गुरुवार को संविधान दिवस उत्साह और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। प्राचार्य डॉ. नीता चौबे के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम में भारत की एकता और अखंडता बनाए रखने की शपथ दिलाई गई। साथ ही भारतीय संविधान पर आधारित प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भागीदारी की।

कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती और संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। इसके बाद प्राचार्य डॉ. नीता चौबे ने अपने उद्बोधन में स्वतंत्रता संग्राम से लेकर भारतीय संविधान के निर्माण तक की महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व भारतीय संविधान के प्रमुख आधार स्तंभ हैं। प्रत्येक नागरिक को अपने मौलिक अधिकारों के प्रति जागरूक रहने के साथ मौलिक कर्तव्यों का भी पूरी निष्ठा से पालन करना चाहिए।

उन्होंने विद्यार्थियों से संविधान में निहित मूल्यों को अपने जीवन में अपनाने और देश की एकता एवं अखंडता को बनाए रखने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। इस अवसर पर उपस्थित सभी लोगों ने भारत की एकता और अखंडता अक्षुण्ण रखने की शपथ ली।

प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने दिखाई रुचि

कार्यक्रम के अंतर्गत भारतीय संविधान पर प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। इसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लेते हुए संविधान से जुड़े विभिन्न प्रश्नों के उत्तर दिए। प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों को संविधान के प्रावधानों, नागरिक अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूक किया गया।

कार्यक्रम का आयोजन राष्ट्रीय सेवा योजना (रासेयो), रेडक्रॉस और भारतीय ज्ञान परंपरा के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। इस अवसर पर लेफ्टिनेंट डॉ. आई.एस. कनेश, डॉ. मनीष शर्मा, रासेयो कार्यक्रम अधिकारी डॉ. कविता दुबे, सुश्री श्रुतिका कांसकार, सुश्री शीतल वर्मा, डॉ. राजकुमार पटवा और डॉ. अमिताभ शुक्ला सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का संचालन रासेयो इकाई-01 के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. धर्मेंद्र सिंह चौहान ने किया, जबकि प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का संचालन डॉ. सुमन अवस्थी ने किया।

यह खबर शेयर करें
शेयर
ज़्यादा जानें
कोरियर सर्विस चुनें
नक्शे देखें
खबरें पढ़ें