ब्रेकिंग
सोमवार, 7 सितंबर 2026
भौगोलिक संदर्भ
Denva Post
सभी खबरें
बैतूल · 42 मिनट पहले

महाराष्ट्र-MP सीमा पर टाइगर की दहशत: अमरावती में बच्ची की मौत के बाद बैतूल के गांव में दिखने का दावा, वीडियो सामने आया

आठनेर के दाभोना गांव में टाइगर दिखाई देने का दावा; पुलिस-वन विभाग ने जारी किया अलर्ट

देनवा पोस्ट
देनवा पोस्ट
समाचार डेस्क · 42 मिनट पहले
शेयर
समाचार
महाराष्ट्र-MP सीमा पर टाइगर की दहशत: अमरावती में बच्ची की मौत के बाद बैतूल के गांव में दिखने का दावा, वीडियो सामने आया

बैतूल। महाराष्ट्र और मध्यप्रदेश की सीमा से लगे ग्रामीण इलाकों में वन्यजीवों की मौजूदगी को लेकर दहशत का माहौल है। महाराष्ट्र के अमरावती जिले में टाइगर के हमले में एक बच्ची की मौत की जानकारी सामने आने के बाद अब मध्यप्रदेश के बैतूल जिले के आठनेर थाना क्षेत्र के दाभोना गांव में भी टाइगर दिखाई देने का दावा किया जा रहा है। कथित टाइगर का एक वीडियो भी सामने आया है।

भौगोलिक संदर्भ

हालांकि, दाभोना गांव में दिखाई दिए वन्यजीव की पहचान की आधिकारिक पुष्टि वन विभाग की ओर से किया जाना बाकी है। प्रशासन ने ग्रामीणों से अफवाहों पर भरोसा न करने और किसी भी वन्यजीव की मौजूदगी की सूचना तत्काल संबंधित विभाग को देने की अपील की है।

अमरावती में टाइगर के हमले में बच्ची की मौत

अमरावती पुलिस कंट्रोल रूम से मिली जानकारी के अनुसार, महाराष्ट्र के ब्राह्मणवाडा गांव में टाइगर के हमले में एक बच्ची की मौत हो गई। घटना के बाद आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में भी सतर्कता बढ़ा दी गई है।

वहीं, इससे एक दिन पहले महाराष्ट्र के सिराजगांव क्षेत्र में एक तेंदुए द्वारा गाय और उसके बछड़े का शिकार किए जाने की जानकारी सामने आई थी। लगातार सामने आ रही वन्यजीवों की घटनाओं के बाद सीमा से लगे गांवों में लोगों की चिंता बढ़ गई है।

बैतूल के दाभोना में टाइगर दिखने का दावा

मध्यप्रदेश के बैतूल जिले के आठनेर थाना क्षेत्र के दाभोना गांव में भी टाइगर दिखाई देने का दावा किया जा रहा है। ग्रामीणों के बीच कथित टाइगर का वीडियो सामने आने के बाद इलाके में दहशत बढ़ गई।

वीडियो में दिखाई दे रहे वन्यजीव की वास्तविक पहचान और वह टाइगर ही है या नहीं, इसकी पुष्टि वन विभाग की जांच के बाद ही हो सकेगी। फिलहाल वन विभाग की टीम क्षेत्र में निगरानी और सर्च ऑपरेशन में जुटी है।

गांवों में मुनादी, रात में अकेले नहीं निकलने की सलाह

स्थिति को देखते हुए पुलिस और वन विभाग की ओर से ग्रामीणों को सतर्क रहने की अपील की गई है। सीमा से लगे ग्रामीण क्षेत्रों में मुनादी कराकर लोगों को रात के समय अकेले बाहर नहीं निकलने की सलाह दी जा रही है।

इसके साथ ही बच्चों पर विशेष नजर रखने और खेत या जंगल की ओर जाते समय सावधानी बरतने के लिए कहा गया है। ग्रामीणों को किसी भी संदिग्ध वन्यजीव के दिखाई देने पर उसके करीब नहीं जाने और तत्काल पुलिस या वन विभाग को सूचना देने की सलाह दी गई है।

अफवाहों से बचने की अपील

प्रशासन ने ग्रामीणों से अपील की है कि वन्यजीव से संबंधित किसी भी जानकारी को बिना पुष्टि के सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों से प्रसारित न करें। लोगों से केवल आधिकारिक सूचना पर भरोसा करने को कहा गया है।

फिलहाल महाराष्ट्र-मध्यप्रदेश सीमा से लगे क्षेत्र में सतर्कता बढ़ा दी गई है और वन विभाग की टीमें वन्यजीव की तलाश एवं निगरानी में जुटी हैं। ग्रामीणों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की गई है।

यह खबर शेयर करें
शेयर