ब्रेकिंग
शुक्रवार, 20 नवंबर 2026
Denva Post
सभी खबरें
नर्मदापुरम · 13 मिनट पहले

केसला में मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत जनसंवाद शिविर, हितग्राहियों को मिला योजनाओं का लाभ

नरवाई प्रबंधन करने वाले दो किसान सम्मानित, युवा उद्यमियों ने साझा किए सफलता के अनुभव; 205 लोगों ने स्वास्थ्य शिविर में कराई जांच

गोविंद यादव
गोविंद यादव
Reporter · 13 मिनट पहले
शेयर
केसला में मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत जनसंवाद शिविर, हितग्राहियों को मिला योजनाओं का लाभ

नर्मदापुरम। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत शुक्रवार को केसला के मंगल भवन में जनसंवाद शिविर आयोजित किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त की। जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने नागरिकों की समस्याएं सुनीं तथा कई शिकायतों का मौके पर ही निराकरण किया। इस दौरान पात्र हितग्राहियों को विभिन्न शासकीय योजनाओं के हितलाभ भी वितरित किए गए।

शिविर में सिवनीमालवा विधायक प्रेमशंकर वर्मा, कलेक्टर आशीष वशिष्ठ, पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार शुक्ला, जिला पंचायत सीईओ हिमांशु जैन, जनपद पंचायत केसला अध्यक्ष गंगाराम कलमे सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।

नरवाई प्रबंधन करने वाले किसान सम्मानित

पर्यावरण संरक्षण और फसल अवशेषों के बेहतर प्रबंधन को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से जुझारपुर के कृषक मनीष पटेल एवं पथरोटा के कृषक उमेश पटेल को सम्मानित किया गया। दोनों किसानों ने नरवाई प्रबंधन के क्षेत्र में सराहनीय कार्य किया है।

कलेक्टर आशीष वशिष्ठ शिविर में लगाए गए स्टॉल का निरीक्षण करते हुए
कलेक्टर आशीष वशिष्ठ शिविर में लगाए गए स्टॉल का निरीक्षण करते हुए

युवा उद्यमियों ने बताई सफलता की कहानी

शिविर में आयोजित उद्यम संवाद में विभिन्न शासकीय योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों और युवा उद्यमियों ने अपने अनुभव साझा किए। प्रदीप चौधरी, मृत्युंजय राय, सतीश राय, ममता बटूरी एवं संजीव पटेल ने बताया कि किस तरह सरकारी योजनाओं के तहत ऋण और आर्थिक सहायता प्राप्त कर उन्होंने अपने व्यवसाय स्थापित किए और आत्मनिर्भरता की दिशा में कदम बढ़ाया। उन्होंने युवाओं को स्वरोजगार एवं उद्यमिता अपनाने के लिए प्रेरित किया।

वहीं यशस्वी संवाद में स्कूली विद्यार्थियों अंश उईके, धैर्य उईके, जियान खान, आयुष कास्दे, अंकित पंवार एवं मिथिलेश उईके ने क्रिकेट के क्षेत्र में हासिल अपनी उपलब्धियों की जानकारी साझा की।

कलेक्टर ने विभागीय स्टॉल का किया निरीक्षण

कलेक्टर आशीष वशिष्ठ ने शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉल का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों से नागरिकों को दी जा रही सुविधाओं और योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी ली। साथ ही हितग्राहियों के स्टॉल का अवलोकन कर उनके व्यवसाय एवं स्वरोजगार से जुड़ी गतिविधियों के बारे में जानकारी प्राप्त की।

पेंशन से लेकर स्वरोजगार तक के हितलाभ वितरित

शिविर में विभिन्न योजनाओं के तहत पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया। कल्याणी पेंशन योजना के 2, कन्या अभिभावक पेंशन योजना के 1 और वृद्धावस्था पेंशन योजना के 2 हितग्राहियों को पेंशन संबंधी लाभ दिया गया। अनुग्रह सहायता योजना के तहत 3 हितग्राहियों को सहायता प्रदान की गई। टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत 5 हितग्राहियों को फूड बास्केट वितरित की गईं।

इसके अलावा पीएमएफएमई योजना के 2 और पशुपालन विभाग की केसीसी योजना के 5 हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत 3 हितग्राहियों को 6-6 लाख रुपये की ऋण राशि वितरित की गई।

एक ही शिविर में स्वास्थ्य जांच से लेकर पंजीयन तक की सुविधा

जनसंवाद शिविर में विभिन्न विभागों ने मौके पर ही नागरिकों को सेवाएं उपलब्ध कराईं। स्वास्थ्य शिविर में 205 लोगों को सेवाएं दी गईं। इनमें 10 आयुष्मान कार्ड, 30 आभा कार्ड, 45 बीपी जांच, 45 शुगर जांच, 2 एनीमिया जांच, 67 सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण और 8 सिकल सेल जांच शामिल रहीं।

आधार केंद्र पर 8 लोगों को सुविधा दी गई, जिनमें 7 के बायोमेट्रिक अपडेट और एक की जन्मतिथि अपडेट की गई। महिला एवं बाल विकास विभाग ने 37 लोगों को पोषण परामर्श दिया। वहीं 23 लोगों की समग्र ई-केवाईसी और 26 लोगों को किसान पीएमएसवाई संबंधी परामर्श दिया गया।

आयुष विभाग ने 13 लोगों को दवाओं का वितरण किया, जबकि 4 हितग्राहियों का संबल पंजीयन किया गया। इसके अलावा 30 किसानों का फार्मर पंजीयन, 31 लोगों का रोजगार पंजीयन तथा पशु चिकित्सा विभाग द्वारा 20 लोगों को दवा वितरण और 6 हितग्राहियों की केसीसी तैयार की गई।

शिविर के माध्यम से शासन की योजनाओं, स्वरोजगार, स्वास्थ्य सुविधाओं और जनसमस्याओं के निराकरण को एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने का प्रयास किया गया।

यह खबर शेयर करें
शेयर
ज़्यादा जानें
कोरियर सर्विस चुनें
नक्शे देखें
स्थानीय परमिट लें