ब्रेकिंग
शुक्रवार, 20 नवंबर 2026
Denva Post
सभी खबरें
नर्मदापुरम · 13 मिनट पहले

निर्माणाधीन सांदीपनि विद्यालय पर कलेक्टर सख्त, कार्यों में देरी पर जताई नाराजगी

पावरखेड़ा विद्यालय का निरीक्षण कर निर्माण एजेंसी को दिए निर्देश, सीपेज रोकने से लेकर पेवर ब्लॉक और खेल मैदान विकसित करने पर दिया जोर

गोविंद यादव
गोविंद यादव
Reporter · 13 मिनट पहले
शेयर
निर्माणाधीन सांदीपनि विद्यालय पर कलेक्टर सख्त, कार्यों में देरी पर जताई नाराजगी

नर्मदापुरम। पावरखेड़ा स्थित निर्माणाधीन सांदीपनि विद्यालय के निर्माण कार्यों में हो रही देरी को लेकर कलेक्टर आशीष वशिष्ठ ने नाराजगी जताई है। शुक्रवार को विद्यालय का निरीक्षण करते हुए उन्होंने निर्माण एजेंसी को कार्यों में तेजी लाने और भवन के सभी अधूरे कार्य निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्ता के साथ पूरे करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि विद्यालय भवन की फिनिशिंग और विद्यार्थियों को मिलने वाली सुविधाओं में किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने विद्यालय भवन के अंदरूनी और बाहरी हिस्सों का जायजा लिया। उन्होंने निर्माण एजेंसी को निर्देशित किया कि शेष कार्यों को पूरा करने के लिए श्रमिकों के अलग-अलग दल बनाए जाएं, ताकि सभी काम एक साथ तेजी से पूरे हो सकें। भवन में छोटी-छोटी कमियों को भी गुणवत्ता के साथ दूर करने और बेहतर फिनिशिंग सुनिश्चित करने को कहा।

सीपेज और अधूरे निर्माण कार्यों पर विशेष ध्यान

कलेक्टर ने भवन के विभिन्न हिस्सों का बारीकी से निरीक्षण करते हुए निर्देश दिए कि कहीं भी सीपेज की समस्या नहीं रहनी चाहिए। निर्माण विभाग के अधिकारियों को भवन के सभी जॉइंट्स और छत के आसपास के हिस्सों की जांच कर आवश्यक सुधार कराने को कहा। प्रार्थना सभा के लिए निर्धारित क्षेत्र में केवल पाथवे बनाने के बजाय पूरे परिसर में पेवर ब्लॉक लगाने के निर्देश भी दिए।

मल्टीपरपज हॉल का उपयोग खेल गतिविधियों के लिए नहीं होगा

कलेक्टर ने विद्यालय के मल्टीपरपज हॉल के उपयोग को लेकर भी स्पष्ट निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस हॉल का उपयोग खेल गतिविधियों के बजाय सांस्कृतिक कार्यक्रमों, बैठकों, वाद-विवाद प्रतियोगिताओं और अन्य शैक्षणिक गतिविधियों के लिए किया जाए।

विद्यालय के कॉरिडोर में पर्याप्त डस्टबिन रखने, कक्षाओं के आसपास साफ-सफाई बनाए रखने और कॉरिडोर की डीप क्लीनिंग कराने के निर्देश प्राचार्य को दिए। साथ ही कक्षाओं के दरवाजों के आसपास अनावश्यक पोस्टर और कागज चिपकाने पर रोक लगाने को कहा।

खेल मैदान में बनेगा रनिंग ट्रैक, फुटबॉल-हैंडबॉल की भी सुविधा

कलेक्टर ने विद्यालय के खेल मैदान को विद्यार्थियों की जरूरतों के अनुसार विकसित करने पर जोर दिया। उन्होंने मैदान में रनिंग ट्रैक के साथ फुटबॉल, हैंडबॉल और क्रिकेट जैसी खेल गतिविधियों के लिए आवश्यक सुविधाएं विकसित करने के निर्देश दिए। इसके लिए विशेष कार्ययोजना तैयार कर प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने को कहा।

इसके अलावा विद्यालय परिसर में किचन गार्डन विकसित करने और कक्षाओं के आसपास उपलब्ध खाली स्थानों को छोटे-छोटे गार्डन के रूप में तैयार करने के निर्देश दिए, ताकि प्राथमिक कक्षाओं के बच्चे इन स्थानों पर खेल सकें।

विद्यार्थियों को मिलेंगी अपडेटेड पुस्तकें और बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्थाओं की भी जानकारी ली। उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारी एवं प्राचार्य को आगामी शैक्षणिक सत्र और भविष्य की आवश्यकताओं को देखते हुए फर्नीचर सहित अन्य शैक्षणिक सामग्री की मांग समय पर प्रदेश स्तर पर भेजने के निर्देश दिए।

उन्होंने विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए नवीन पाठ्यक्रम पर आधारित पुस्तकें उपलब्ध कराने पर जोर दिया। साथ ही यह सुनिश्चित करने को कहा कि विद्यालय में उपलब्ध कराई जाने वाली सभी शैक्षणिक सामग्री वर्तमान पाठ्यक्रम के अनुरूप हो।

कलेक्टर ने कहा कि सांदीपनि विद्यालय में विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण अधोसंरचना, बेहतर शैक्षणिक वातावरण और सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना शासन की प्राथमिकता है। इसके लिए निर्माण कार्यों की समयबद्ध पूर्णता और गुणवत्ता के साथ विद्यालय की व्यवस्थाओं में निरंतर सुधार किया जाए।

निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सीईओ हिमांशु जैन सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

यह खबर शेयर करें
शेयर