नल-जल योजनाओं के संचालन को लेकर संभाग आयुक्त सख्त, जलकर वसूली और सेंसर लगाने के दिए निर्देश
भानपुरा और शुक्करवाड़ा में जल योजनाओं का किया औचक निरीक्षण, हर घर तक नल कनेक्शन पहुंचाने और ग्रामीण स्तर पर मॉनिटरिंग कमेटी बनाने पर दिया जोर


नर्मदापुरम। ग्रामीण क्षेत्रों में नल-जल योजनाओं के सुचारू संचालन और नियमित रखरखाव को लेकर संभाग आयुक्त श्रीकांत बनोठ ने शुक्रवार को माखननगर के ग्राम भानपुरा एवं शुक्करवाड़ा में नल-जल परियोजनाओं का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सरपंच एवं सचिवों से योजनाओं के संचालन, जलकर वसूली और रखरखाव की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
संभाग आयुक्त ने कहा कि नल-जल योजनाओं को लगातार संचालित रखने के लिए ग्रामीण स्तर पर जलकर की नियमित वसूली जरूरी है। इसके लिए ग्रामसभा में प्रस्ताव पारित कर जलकर की राशि निर्धारित की जाए और सभी परिवारों को इसकी जानकारी दी जाए। ग्रामीणों को बताया जाए कि जलकर से प्राप्त राशि का उपयोग बिजली बिल के भुगतान और पाइपलाइन में टूट-फूट होने पर मरम्मत जैसे कार्यों में किया जाएगा।
हर घर में नल कनेक्शन सुनिश्चित करने के निर्देश
संभाग आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि गांव के प्रत्येक घर तक नल-जल कनेक्शन पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए। जो परिवार कनेक्शन लेने के इच्छुक नहीं हैं, उनकी सूची तैयार कर उनसे लिखित में अनापत्ति प्राप्त की जाए। इसके बाद ग्रामसभा में सूची का वाचन कर उसे पंचायत भवन में चस्पा किया जाए, ताकि पूरी प्रक्रिया पारदर्शी रहे।
पानी की टंकी में लगाएं सेंसर, रुकेगा अतिरिक्त पानी का बहाव
निरीक्षण के दौरान संभाग आयुक्त ने पानी की टंकियों में सेंसर लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सेंसर के माध्यम से टंकी में पानी का स्तर नियंत्रित किया जा सकेगा और टंकी भरने के बाद अतिरिक्त पानी बहने की समस्या को रोका जा सकेगा। उन्होंने योजनाओं के नियमित मेंटेनेंस पर भी विशेष ध्यान देने को कहा।
गांवों में बनेगी मॉनिटरिंग कमेटी
संभाग आयुक्त ने नल-जल योजनाओं के प्रभावी संचालन के लिए ग्रामीण स्तर पर मॉनिटरिंग कमेटी गठित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि समिति योजना के रखरखाव, जलापूर्ति और सामने आने वाली समस्याओं की निगरानी करेगी, जिससे समस्याओं का स्थानीय स्तर पर समाधान किया जा सकेगा।
उन्होंने कहा कि नल-जल योजनाएं केंद्र सरकार की महत्वपूर्ण योजना हैं। इनके माध्यम से प्रत्येक परिवार को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने का लक्ष्य है। घरों तक पानी पहुंचने से महिलाओं को दूर से पानी लाने की परेशानी और अतिरिक्त मेहनत से राहत मिलेगी।
संभाग आयुक्त ने अधिकारियों एवं पंचायत प्रतिनिधियों से योजनाओं के नियमित संचालन, समय पर जलकर वसूली और आवश्यक मरम्मत की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

