शाम की चाय के साथ बनाएं जोधपुरी मिर्ची वड़ा, कुरकुरा स्वाद देगा राजस्थानी ट्विस्ट
घर पर आसानी से बनाएं जोधपुरी मिर्ची वड़ा। जानिए बेसन बैटर, मसालेदार आलू की फिलिंग और मिर्ची वड़ा तलने की पूरी आसान रेसिपी।


लाइफस्टाइल डेस्क।शाम की चाय के साथ अगर कुछ चटपटा और स्वादिष्ट खाने का मन हो तो जोधपुरी मिर्ची वड़ा एक बेहतरीन विकल्प हो सकता है। राजस्थान के जोधपुर का यह लोकप्रिय स्नैक बाहर से कुरकुरा और अंदर से मसालेदार आलू की फिलिंग से भरपूर होता है।
बेसन के घोल में लपेटकर तली गई बड़ी हरी मिर्च और उसके अंदर भरी मसालेदार आलू की स्टफिंग इसे खास स्वाद देती है। इसे चाय, हरी चटनी या मीठी चटनी के साथ परोसा जा सकता है।
मिर्ची वड़ा बनाने के लिए सामग्री
बेसन का बैटर
2 कप बेसन
आधा चम्मच अजवाइन
स्वादानुसार नमक
थोड़ा बेकिंग सोडा
जरूरत के अनुसार पानी
आलू की फिलिंग
1 बड़ा चम्मच साबूत धनिया
आधा बड़ा चम्मच जीरा
आधा बड़ा चम्मच सौंफ
2 बड़े चम्मच तेल
चुटकीभर हींग
अदरक, लहसुन और हरी मिर्च का पेस्ट
उबले हुए आलू
2 चम्मच काली मिर्च पाउडर
हल्दी पाउडर
आधा चम्मच गरम मसाला
2 चम्मच कसूरी मेथी
1 चम्मच अमचूर पाउडर
स्वादानुसार नमक
बारीक कटा हरा धनिया
ऐसे तैयार करें बेसन का बैटर
सबसे पहले एक बड़े बाउल में बेसन, अजवाइन, नमक और बेकिंग सोडा डालकर अच्छी तरह मिला लें। अब धीरे-धीरे पानी डालते हुए बैटर तैयार करें।
घोल को अच्छी तरह फेंटें ताकि उसमें गांठें न रहें। बैटर न तो बहुत गाढ़ा हो और न ही बहुत पतला, क्योंकि मिर्च पर बेसन की अच्छी परत चढ़ना जरूरी है।
मसालेदार आलू की फिलिंग ऐसे बनाएं
सबसे पहले साबूत धनिया, जीरा और सौंफ को मिक्सर में डालकर दरदरा पीस लें।
अब पैन में तेल गर्म करें। इसमें दरदरे पिसे मसाले और हींग डालकर धीमी आंच पर करीब 30 सेकंड से 1 मिनट तक भूनें। इसके बाद कसूरी मेथी और थोड़ा पानी डालकर मसालों को कुछ देर और पकाएं।
अब इसमें उबले हुए आलू डालकर अच्छी तरह मैश करें। अमचूर पाउडर, नमक, हल्दी, काली मिर्च और गरम मसाला डालकर सभी चीजों को अच्छी तरह मिला लें। अंत में हरा धनिया डालकर फिलिंग तैयार कर लें।
हरी मिर्च में भरें आलू की फिलिंग
अब बड़ी हरी मिर्चों को अच्छी तरह धोकर पोंछ लें। प्रत्येक मिर्च में लंबाई की तरफ चीरा लगाएं और उसके अंदर से बीज निकाल दें।
इसके बाद तैयार मसालेदार आलू की फिलिंग को मिर्च के अंदर भरें। फिलिंग को हल्के हाथ से दबाकर अच्छी तरह सेट कर दें, ताकि तलते समय वह बाहर न निकले।
बेसन में लपेटकर करें फ्राई
अब एक-एक करके भरी हुई मिर्च को बेसन के बैटर में डुबोएं। ध्यान रखें कि मिर्च पर बैटर की अच्छी और समान परत चढ़ जाए।
कड़ाही में तेल गर्म करें और मिर्ची वड़े को मध्यम आंच पर तलें। इन्हें पलट-पलटकर तब तक फ्राई करें जब तक बाहरी परत सुनहरी और कुरकुरी न हो जाए।
तैयार मिर्ची वड़ों को छलनी या पेपर टॉवल पर निकाल लें, ताकि अतिरिक्त तेल निकल जाए।
चाय के साथ करें सर्व
गरमा-गरम जोधपुरी मिर्ची वड़े को हरी चटनी, इमली की मीठी चटनी और गर्म चाय के साथ परोसें। शाम की चाय के साथ यह राजस्थान के मशहूर स्नैक का स्वाद घर पर ही देने वाला शानदार विकल्प बन सकता है।

