ब्रेकिंग
शुक्रवार, 28 अगस्त 2026
Denva Post
सभी खबरें
एम्सटेलवीन · 1 घंटे पहले

महिला हॉकी वर्ल्ड कप में भारत का ऐतिहासिक प्रदर्शन, जर्मनी को 3-1 से हराकर हासिल किया पांचवां स्थान

भारतीय महिला हॉकी टीम ने 2026 वर्ल्ड कप में जर्मनी को 3-1 से हराकर पांचवां स्थान हासिल किया। नवनीत कौर ने दो और इशिका ने एक गोल कर भारत को ऐतिहासिक जीत दिलाई।

देनवा पोस्ट
देनवा पोस्ट
समाचार डेस्क · 1 घंटे पहले
शेयर
महिला हॉकी वर्ल्ड कप में भारत का ऐतिहासिक प्रदर्शन, जर्मनी को 3-1 से हराकर हासिल किया पांचवां स्थान

एम्सटेलवीन। भारतीय महिला हॉकी टीम ने 2026 महिला हॉकी वर्ल्ड कप में शानदार प्रदर्शन करते हुए जर्मनी को 3-1 से शिकस्त दी। नीदरलैंड के एम्सटेलवीन में खेले गए क्लासिफिकेशन मुकाबले में जीत दर्ज कर भारतीय टीम ने टूर्नामेंट में पांचवां स्थान हासिल किया।

इस जीत के साथ भारतीय महिला टीम ने विश्व कप इतिहास में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन दर्ज किया है। 1974 में हुए पहले महिला हॉकी विश्व कप में भारत ने चौथा स्थान हासिल किया था। इसके बाद लंबे 52 साल के अंतराल के बाद टीम ने शीर्ष पांच में जगह बनाते हुए अपने प्रदर्शन में नया इतिहास रचा।

नवनीत कौर और इशिका ने दिलाई जीत

जर्मनी के खिलाफ मुकाबले में भारतीय टीम की जीत की नायिका नवनीत कौर रहीं। उन्होंने दो गोल दागकर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। वहीं इशिका ने भी एक गोल किया।

खास बात यह रही कि भारत के तीनों गोल मैच के अंतिम 17 मिनट में आए। शुरुआती दो क्वार्टर में दोनों टीमें गोल करने में नाकाम रहीं, लेकिन तीसरे क्वार्टर से भारतीय खिलाड़ियों ने आक्रामक रुख अपनाते हुए मुकाबले का रुख पूरी तरह बदल दिया।

पहले हाफ में नहीं हुआ कोई गोल

मुकाबले के पहले क्वार्टर में दोनों टीमों ने गोल करने के कई प्रयास किए, लेकिन किसी को सफलता नहीं मिली। शुरुआती 15 मिनट गोलरहित रहे।

दूसरे क्वार्टर में भी यही स्थिति रही। जर्मनी को इस दौरान पेनल्टी कॉर्नर मिले, लेकिन भारतीय डिफेंस ने गोल नहीं होने दिया। जर्मनी की खिलाड़ी सोन्या जिमरमैन को ग्रीन कार्ड भी दिखाया गया।

पहले दो क्वार्टर के बाद स्कोर 0-0 था और मुकाबला काफी रोमांचक स्थिति में पहुंच चुका था।

43वें मिनट में इशिका ने खोला खाता

तीसरे क्वार्टर में भारतीय टीम ने आखिरकार गोल का खाता खोला। मैच के 43वें मिनट में इशिका ने शानदार गोल कर भारत को 1-0 की बढ़त दिलाई।

भारत की खुशी ज्यादा देर में नहीं बदली कि अगले ही मिनट 44वें मिनट में नवनीत कौर ने गोल कर टीम की बढ़त 2-0 कर दी। लगातार दो गोल से भारतीय टीम ने जर्मनी पर दबाव बढ़ा दिया।

तीसरे क्वार्टर के समाप्त होने तक भारत 2-0 से आगे था।

47वें मिनट में नवनीत ने दागा दूसरा गोल

चौथे क्वार्टर की शुरुआत में ही भारतीय टीम ने जर्मनी को एक और झटका दिया। 47वें मिनट में नवनीत कौर ने अपना दूसरा और भारत का तीसरा गोल कर दिया। इसके साथ भारत की बढ़त 3-0 हो गई।

इसके बाद जर्मनी ने वापसी की कोशिश की, लेकिन भारतीय रक्षापंक्ति ने लगातार दबाव झेलते हुए बढ़त बनाए रखी।

आखिरी मिनट में जर्मनी ने किया गोल

मुकाबला समाप्त होने से ठीक पहले जर्मनी को सफलता मिली। 59वें मिनट में लिन क्रिंग्स ने जर्मनी के लिए पहला गोल किया और स्कोर 3-1 कर दिया।

हालांकि इसके बाद जर्मनी के पास वापसी के लिए पर्याप्त समय नहीं था। फुल टाइम तक भारत ने 3-1 की बढ़त कायम रखी और मुकाबला अपने नाम कर लिया।

इस जीत के साथ भारतीय महिला हॉकी टीम ने 2026 विश्व कप में पांचवां स्थान हासिल किया। यह प्रदर्शन भारतीय महिला हॉकी के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।

यह खबर शेयर करें
शेयर
ज़्यादा जानें
पत्रकारिता और समाचार उद्योग
भौगोलिक संदर्भ
राजनीति