ब्रेकिंग
शनिवार, 12 सितंबर 2026
नेविगेशन ऐप्स डाउनलोड
Denva Post
सभी खबरें
फूड डेस्क · 14 मिनट पहले

घर पर बनाएं बाजार जैसा छोले मसाला, मसालों का सही अनुपात देगा ढाबे जैसा स्वाद

घर पर आसानी से छोले मसाला तैयार करें। अजवाइन, अनारदाना, धनिया और साबुत मसालों से बना यह होममेड मसाला छोले को देगा ढाबे जैसा स्वाद और खुशबू।

कंचन शर्मा
कंचन शर्मा
Reporter · 14 मिनट पहले
शेयर
घर पर बनाएं बाजार जैसा छोले मसाला, मसालों का सही अनुपात देगा ढाबे जैसा स्वाद

फूड डेस्क। छोले का स्वाद सिर्फ चने की क्वालिटी पर निर्भर नहीं करता, बल्कि उसमें इस्तेमाल होने वाले मसालों का सही संतुलन भी बेहद महत्वपूर्ण होता है। मसालों की खुशबू, तीखापन और स्वाद ही छोले को साधारण सब्जी से एक बेहतरीन डिश बना देते हैं। यही वजह है कि ढाबे या हलवाई के छोले का स्वाद घर के छोले से अलग लगता है।

आमतौर पर घरों में छोले बनाने के लिए बाजार में मिलने वाले रेडीमेड छोले मसाले का इस्तेमाल किया जाता है। लेकिन अगर आप चाहें तो इसे घर पर भी आसानी से तैयार कर सकते हैं। घर पर तैयार किए गए मसाले में अपनी पसंद के अनुसार तीखापन और मसालों का संतुलन रखा जा सकता है।

मशहूर शेफ संजीव कपूर की बताई विधि के अनुसार, कुछ चुनिंदा साबुत मसालों को भूनकर और पीसकर स्वादिष्ट छोले मसाला तैयार किया जा सकता है।

छोले मसाला बनाने के लिए सामग्री

1 चम्मच अजवाइन

2 चम्मच सूखे अनार के दाने

1 चम्मच कसूरी मेथी

9-10 साबुत लाल मिर्च

3 चम्मच धनिया

1 काली इलायची

3-5 त्रिफल

2 चम्मच काली मिर्च

4 टुकड़े दालचीनी

8-10 लौंग

2 चम्मच जीरा

8-10 तेजपत्ते

1 चम्मच नमक

2 चम्मच काला नमक

1 चम्मच सूखा आमचूर पाउडर

1 चम्मच सोंठ

ऐसे तैयार करें घर का छोले मसाला

सबसे पहले एक पैन को गैस पर रखकर अच्छी तरह गर्म करें। अब अजवाइन, सूखे अनार के दाने, लाल मिर्च, धनिया, काली इलायची, त्रिफल, काली मिर्च, दालचीनी, लौंग और जीरा समेत बाकी साबुत मसालों को पैन में डालें।

मसालों को धीमी आंच पर करीब 2 से 3 मिनट तक ड्राई रोस्ट करें। ध्यान रखें कि मसाले जलें नहीं। हल्का भुनने से इनमें मौजूद खुशबूदार तेल बाहर आते हैं और मसाले का स्वाद ज्यादा बेहतर हो जाता है।

इसके बाद भुने हुए मसालों को एक प्लेट में निकालकर ठंडा होने दें।

अब पैन को दोबारा गर्म करें और उसमें तेजपत्ते डालकर करीब 2 मिनट तक ड्राई रोस्ट करें। इन्हें भी प्लेट में निकालकर ठंडा कर लें।

मिक्सर में पीसकर बनाएं मसाला

जब सभी भुने हुए मसाले पूरी तरह ठंडे हो जाएं तो उन्हें मिक्सर ग्राइंडर में डालें। इसमें नमक, काला नमक, सूखा आमचूर पाउडर और सोंठ भी डालें।

अब सभी सामग्री को बहुत बारीक पाउडर करने के बजाय हल्का दरदरा पीसें। दरदरी बनावट से मसाले का स्वाद और खुशबू छोले में अच्छी तरह महसूस होती है।

तैयार मसाले को किसी साफ और सूखे एयरटाइट जार में भरकर रखें।

बाजार के मसाले की जगह कर सकते हैं इस्तेमाल

घर पर तैयार किया गया यह छोले मसाला जरूरत के हिसाब से इस्तेमाल किया जा सकता है। छोले बनाते समय इसे मसाले की ग्रेवी में डालने से चनों में मसालों की खुशबू और स्वाद अच्छी तरह मिल जाता है।

घर पर मसाला तैयार करने का एक फायदा यह भी है कि इसमें इस्तेमाल होने वाली सामग्री और उसकी मात्रा आपके सामने रहती है। आप अपनी पसंद के अनुसार लाल मिर्च, काली मिर्च या खटास वाले मसालों की मात्रा में बदलाव भी कर सकते हैं।

कैसे करें स्टोर?

तैयार छोले मसाले को हमेशा एयरटाइट और सूखे जार में रखें। जार में नमी जाने से मसाले की खुशबू और गुणवत्ता प्रभावित हो सकती है। मसाला निकालने के लिए हमेशा सूखे चम्मच का इस्तेमाल करें।

इस तरह थोड़ी सी तैयारी के साथ आप घर पर ही ऐसा छोले मसाला तैयार कर सकते हैं, जो आपके छोले को मसालेदार, खुशबूदार और स्वादिष्ट बनाने में मदद करेगा।

यह खबर शेयर करें
शेयर
ओपिनियन कॉलम पढ़ें