ब्रेकिंग
गुरुवार, 8 अक्टूबर 2026
Denva Post
सभी खबरें
हेल्थ डेस्क · 27 मिनट पहले

आलू की सब्जी नहीं, इस बार ट्राई करें क्रीमी आलू सलाद, स्वाद ऐसा कि बच्चे भी मांगेंगे दोबारा

क्रीमी आलू सलाद की आसान रेसिपी जानें। उबले आलू, हंग कर्ड, सरसों, चाट मसाला और ताजी सब्जियों से बनाएं स्वादिष्ट और चटपटा सलाद।

कंचन शर्मा
कंचन शर्मा
Reporter · 27 मिनट पहले
शेयर
आलू की सब्जी नहीं, इस बार ट्राई करें क्रीमी आलू सलाद, स्वाद ऐसा कि बच्चे भी मांगेंगे दोबारा

हेल्थ डेस्क। आलू से आपने अब तक कई तरह की सब्जियां और स्नैक्स जरूर खाए होंगे, लेकिन अगर इस बार कुछ अलग और स्वादिष्ट बनाने का मन है तो क्रीमी आलू सलाद ट्राई किया जा सकता है। यह सलाद स्वाद में चटपटा और क्रीमी होता है, जबकि इसमें ककड़ी, टमाटर, प्याज, पुदीना, धनिया और अनार जैसे कई चीजें शामिल की जाती हैं।

इस रेसिपी को शेफ कुणाल कपूर के तरीके से तैयार किया जा सकता है। खास बात यह है कि इसे बनाने में बहुत ज्यादा मेहनत नहीं लगती और इसे नाश्ते या हल्के भोजन के साथ सर्व किया जा सकता है।

क्रीमी आलू सलाद के लिए सामग्री

आलू के लिए

500 ग्राम आलू

1 बड़ा चम्मच नमक

1 छोटा चम्मच नींबू का रस

क्रीमी ड्रेसिंग के लिए

¾ कप हंग कर्ड

1 छोटा चम्मच भुना जीरा

2½ बड़े चम्मच सरसों का पेस्ट

1 छोटा चम्मच नींबू का रस

स्वादानुसार नमक

½ छोटा चम्मच काला नमक

2 हरी मिर्च, बारीक कटी हुई

1½ छोटा चम्मच चाट मसाला

1 बड़ा चम्मच सरसों का तेल

सलाद के लिए

½ कप कटा हुआ प्याज

½ कप कटा हुआ टमाटर

½ कप कटी हुई ककड़ी

मुट्ठीभर पुदीना

मुट्ठीभर हरा धनिया

½ कप अनार के दाने

स्वादानुसार नमक

स्वादानुसार काला नमक

ऐसे बनाएं क्रीमी आलू सलाद

1. आलू उबालें

सबसे पहले आलू को अच्छी तरह धोकर छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लें। इन्हें पानी में नमक डालकर तब तक उबालें, जब तक आलू अच्छी तरह पक न जाएं। ध्यान रखें कि आलू इतने न गलें कि मिलाते समय पूरी तरह टूट जाएं।

उबले हुए आलू को पानी से निकालकर एक बाउल में रख दें और हल्का ठंडा होने दें।

2. तैयार करें क्रीमी ड्रेसिंग

अब एक बड़े बाउल में हंग कर्ड डालें। इसमें भुना हुआ जीरा, सरसों का पेस्ट, नींबू का रस, काला नमक, बारीक कटी हरी मिर्च, चाट मसाला और सरसों का तेल डालें।

सभी चीजों को अच्छी तरह मिलाएं, ताकि एक स्मूद और स्वादिष्ट ड्रेसिंग तैयार हो जाए।

3. सब्जियां और आलू मिलाएं

अब तैयार ड्रेसिंग में कटा हुआ प्याज, टमाटर, ककड़ी, पुदीना, हरा धनिया और अनार के दाने डालें। इसमें स्वादानुसार नमक और काला नमक मिलाएं।

अंत में उबले हुए आलू डालकर सभी चीजों को हल्के हाथ से मिलाएं, ताकि आलू टूटें नहीं और ड्रेसिंग हर टुकड़े पर अच्छी तरह लिपट जाए।

क्रीमी आलू सलाद में मिलेगा चटपटा और क्रीमी स्वाद

हंग कर्ड और सरसों की ड्रेसिंग इस सलाद को क्रीमी टेक्सचर देती है, जबकि चाट मसाला, नींबू और हरी मिर्च इसके स्वाद को चटपटा बनाते हैं। वहीं अनार के दाने सलाद में हल्का मीठा स्वाद और क्रंच जोड़ते हैं।

इसे तैयार करने के बाद तुरंत सर्व किया जा सकता है। अगर आपको ठंडा सलाद पसंद है तो कुछ देर फ्रिज में रखकर भी परोस सकते हैं।

यह खबर शेयर करें
शेयर