सीएम मोहन यादव ने बैरसिया में ₹50.74 करोड़ के सांदीपनि विद्यालय का किया लोकार्पण, बोले- यह शिक्षा के नए युग की शुरुआत
बैरसिया को 50.74 करोड़ रुपये की लागत से बना आधुनिक सांदीपनि विद्यालय मिला है। विद्यालय के लोकार्पण के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भोपाल-बैरसिया मार्ग को फोरलेन बनाने की घोषणा भी की।


भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को भोपाल जिले के बैरसिया में लगभग 50.74 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित शासकीय सांदीपनि ठाकुर लाल सिंह उच्चतर माध्यमिक विद्यालय का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यह केवल एक नए विद्यालय भवन का उद्घाटन नहीं, बल्कि क्षेत्र में शिक्षा के नए युग की शुरुआत है। आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित यह विद्यालय विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, संस्कार और कौशल प्रदान कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
करीब 35 एकड़ क्षेत्र में विकसित विद्यालय परिसर का अवलोकन करने के बाद मुख्यमंत्री ने पौधरोपण भी किया। उन्होंने कहा कि माता-पिता जीवन देते हैं, जबकि गुरु और विद्यालय व्यक्तित्व का निर्माण करते हैं। अच्छे शिक्षक और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा ही विद्यार्थियों को समाज और राष्ट्र की अमूल्य संपदा बनाती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विद्यालय केवल पढ़ाई का केंद्र नहीं होता, बल्कि यह चरित्र निर्माण, अनुशासन और जीवन मूल्यों की पाठशाला भी है। शिक्षा का उद्देश्य केवल रोजगार प्राप्त करना नहीं, बल्कि जिम्मेदार और राष्ट्रहित में कार्य करने वाले नागरिक तैयार करना भी है।
भारत की पहचान गुरु-शिष्य परंपरा से
डॉ. यादव ने कहा कि भारत की पहचान उसकी समृद्ध गुरु-शिष्य परंपरा और ज्ञान संस्कृति से रही है। इसी परंपरा को आधुनिक स्वरूप देने के उद्देश्य से प्रदेश में सांदीपनि विद्यालयों का विकास किया जा रहा है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपनी रुचि के अनुसार डॉक्टर, इंजीनियर, किसान, उद्यमी, पत्रकार, वकील या प्रशासनिक अधिकारी बनकर देश के विकास में योगदान देने का आह्वान किया।
2047 के विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की होगी भूमिका
मुख्यमंत्री ने कहा कि जब वर्ष 2047 में देश स्वतंत्रता की शताब्दी मनाएगा, तब आज के विद्यार्थी विकसित भारत का नेतृत्व करेंगे। उन्होंने छात्रों से ज्ञान के साथ संस्कार, अनुशासन और सेवा-भाव को भी जीवन का हिस्सा बनाने का आग्रह किया।
भोपाल-बैरसिया फोरलेन सड़क की घोषणा
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने बैरसिया के समग्र विकास के लिए भोपाल-बैरसिया मार्ग को फोरलेन बनाने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि इससे राजधानी भोपाल और बैरसिया के बीच आवागमन सुगम होगा तथा क्षेत्र के आर्थिक और सामाजिक विकास को नई गति मिलेगी।
मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान, रोड-शो से किया नागरिकों का अभिवादन
कार्यक्रम में बैरसिया विधायक विष्णु खत्री ने विद्यालय को क्षेत्र के लिए बड़ी उपलब्धि बताया। मुख्यमंत्री ने बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छह मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया। इसके बाद उन्होंने बैरसिया में रोड-शो कर नागरिकों का अभिवादन किया।
इस अवसर पर जनप्रतिनिधि, शिक्षा विभाग के अधिकारी, शिक्षक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
