ब्रेकिंग
बुधवार, 30 सितंबर 2026
शहर और स्थानीय मार्गदर्शिका
Denva Post
सभी खबरें
माखन नगर · 22-08-2026

मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान: हर शुक्रवार जनता के बीच पहुंचेगा प्रशासन, माखन नगर शिविर में 4 युवाओं को ऑफर लेटर

माखन नगर में मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत जनसंवाद शिविर आयोजित हुआ। रोजगार मेले में 4 युवाओं को ऑफर लेटर और 94 का प्राथमिक चयन हुआ।

दीपक शर्मा
दीपक शर्मा
Editor-in-Chief · 22-08-2026
शेयर
मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान: हर शुक्रवार जनता के बीच पहुंचेगा प्रशासन, माखन नगर शिविर में 4 युवाओं को ऑफर लेटर

माखन नगर। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत शुक्रवार को नगरीय क्षेत्र माखन नगर में जनसंवाद शिविर आयोजित किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में नागरिकों ने भाग लिया। विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए स्टॉल और काउंटरों के माध्यम से लोगों को शासकीय योजनाओं, सेवाओं और पात्रतानुसार मिलने वाले लाभों की जानकारी दी गई। इस दौरान विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को हितलाभ भी वितरित किए गए।

कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने शिविर की रूपरेखा की जानकारी देते हुए नागरिकों से विभागीय काउंटरों पर पहुंचकर अपनी समस्याएं रखने और पात्रता के अनुसार शासकीय योजनाओं का लाभ लेने की अपील की।

जनता और प्रशासन के बीच संवाद का माध्यम बना अभियान

लोकसभा सांसद दर्शन सिंह चौधरी ने कहा कि नर्मदापुरम जिले में औद्योगिक गतिविधियों के विस्तार से प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से लोगों को लाभ मिल रहा है। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश  सरकार नागरिकों के कल्याण और उत्थान के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने नागरिकों से शिविर में लगाए गए विभागीय काउंटरों पर पहुंचकर योजनाओं की जानकारी लेने और पात्रता के अनुसार लाभ प्राप्त करने की अपील की।

शहर और स्थानीय मार्गदर्शिका

राज्यसभा सांसद माया नारोलिया ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में सरकार का प्रयास है कि प्रत्येक पात्र हितग्राही तक योजनाओं का लाभ पहुंचे। इसी उद्देश्य से मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान शुरू किया गया है। उन्होंने कहा कि अभियान के माध्यम से प्रशासन स्वयं जनता के बीच पहुंचकर उनकी समस्याएं सुन रहा है और उनके निराकरण की दिशा में कार्य कर रहा है।

मोहासा औद्योगिक क्षेत्र से बढ़ेंगे रोजगार के अवसर

विधायक विजयपाल सिंह ने कहा कि नर्मदापुरम जिले को औद्योगिक हब के रूप में विकसित करने की दिशा में लगातार कार्य किया जा रहा है। मोहासा औद्योगिक क्षेत्र के विकसित होने से स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर उपलब्ध होंगे।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप प्रत्येक शुक्रवार को प्रशासन जनता के बीच पहुंचकर उनकी समस्याएं सुन रहा है। जन विश्वास शिविर में विभिन्न विभागों के काउंटर लगाए जा रहे हैं, जहां नागरिक अपनी विभागीय समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रख सकते हैं।

सरकार

उद्यम संवाद में युवाओं ने साझा किए अनुभव

कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने बताया कि शिविर का महत्वपूर्ण हिस्सा ‘उद्यम संवाद’ रहा। इसमें शासकीय योजनाओं का लाभ लेकर स्वरोजगार और उद्यम के क्षेत्र में सफलता हासिल करने वाले स्थानीय नागरिकों ने अपने अनुभव साझा किए।

उन्होंने कहा कि माखन नगर के समीप मोहासा औद्योगिक क्षेत्र तेजी से औद्योगिक हब के रूप में विकसित हो रहा है। इससे जिले में रोजगार के साथ-साथ स्वरोजगार की संभावनाएं भी बढ़ रही हैं। उन्होंने बताया कि मोहासा में रिन्यूएबल एनर्जी के क्षेत्र में काम करने वाली कंपनियां विस्तार कर रही हैं और कुछ कंपनियों ने अपनी उत्पादन इकाइयों में काम भी शुरू कर दिया है।

कलेक्टर ने नागरिकों से वर्षा जल संचयन को बढ़ावा देने और भू-जल स्तर सुधारने के लिए अपने घरों में आवश्यक उपाय करने की अपील की। साथ ही उन्होंने शासकीय योजनाओं का लाभ दिलाने के नाम पर ठगी करने वाले लोगों से सावधान रहने की सलाह दी।

एसपी ने साइबर फ्रॉड से बचाव के बताए उपाय

पुलिस अधीक्षक साई कृष्ण एस. थोटा ने नागरिकों को साइबर अपराधों से बचाव के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि साइबर फ्रॉड होने की स्थिति में तत्काल 1930 हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराएं। उन्होंने नागरिकों से संदिग्ध लिंक पर क्लिक नहीं करने तथा किसी अनजान व्यक्ति के साथ बैंकिंग और व्यक्तिगत जानकारी साझा नहीं करने की अपील की।

रोजगार मेले में 4 को ऑफर लेटर, 94 का प्राथमिक चयन

जनसंवाद शिविर के दौरान रोजगार मेले का भी आयोजन किया गया। विभिन्न कंपनियों ने अपने स्टॉल लगाए और युवाओं को रोजगार के उपलब्ध अवसरों की जानकारी दी।

रोजगार मेले में ग्रू एनर्जी प्राइवेट लिमिटेड द्वारा 4 युवाओं का चयन किया गया, जिन्हें शिविर के दौरान ऑफर लेटर वितरित किए गए। वहीं 94 युवाओं का प्राथमिक स्तर पर चयन किया गया।

हितग्राहियों को योजनाओं का मिला लाभ

शिविर में विभिन्न शासकीय योजनाओं के हितग्राहियों को हितलाभ वितरित किए गए। इनमें पीएमएफएमई योजना के 1, भीमराव अंबेडकर कामधेनु योजना के 1, सखी स्वावलंबन योजना के 6, सीसीएल ऋण के 4, लाड़ली लक्ष्मी योजना के 4 और पीएम किसान सम्मान निधि योजना के 12 हितग्राही शामिल रहे।

इसके अलावा नामांतरण के 5, वृद्धावस्था पेंशन के 5, साइकिल वितरण के 5, आयुष्मान योजना के 10 तथा कस्टम हायरिंग एवं ई-कृषि अनुदान योजना के 2 हितग्राहियों को भी लाभ प्रदान किया गया। सांसदों और विधायक द्वारा टीबी मरीज को फूड बास्केट भी वितरित किए गए।

शिविर में नगर परिषद माखन नगर अध्यक्ष रीना तिवारी, जनपद पंचायत माखन नगर अध्यक्ष सावित्रीबाई परनामे, उपाध्यक्ष लालचंद यादव, जिला पंचायत सीईओ हिमांशु जैन, डीएफओ गौरव शर्मा, एसडीएम देवेंद्र प्रताप सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।

यह खबर शेयर करें
शेयर