भक्ति में डूबीं भूमि पेडनेकर, दतिया पहुंचकर मां पीतांबरा और वनखंडेश्वर महादेव के किए दर्शन
भूमि पेडनेकर बुधवार को दतिया के मां पीतांबरा शक्तिपीठ और वनखंडेश्वर महादेव मंदिर पहुंचीं। अभिनेत्री ने विधि-विधान से पूजा कर मां बगलामुखी और भगवान शिव का आशीर्वाद लिया।


दतिया। बॉलीवुड अभिनेत्री भूमि पेडनेकर इन दिनों आध्यात्मिक यात्रा पर नजर आ रही हैं। अभिनेत्री लगातार मंदिरों में पहुंचकर भगवान के दर्शन और पूजा-अर्चना कर रही हैं। इसी क्रम में बुधवार को भूमि पेडनेकर मध्य प्रदेश के दतिया पहुंचीं, जहां उन्होंने प्रसिद्ध मां पीतांबरा शक्तिपीठ में मां बगलामुखी के दर्शन किए और विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया।
भूमि पेडनेकर ने मंदिर में धार्मिक अनुष्ठान में हिस्सा लिया और काफी समय आध्यात्मिक माहौल में बिताया। इसके बाद अभिनेत्री दतिया के प्रसिद्ध वनखंडेश्वर महादेव मंदिर भी पहुंचीं। यहां उन्होंने भगवान शिव के दर्शन किए और शिवलिंग पर जल अर्पित कर पूजा की।
अभिनेत्री की एक झलक पाने को उमड़ी भीड़
भूमि पेडनेकर के दतिया पहुंचने की खबर जैसे ही उनके प्रशंसकों तक पहुंची, मंदिर परिसर के आसपास उन्हें देखने के लिए लोगों की भीड़ जुटने लगी। फैंस अभिनेत्री की एक झलक पाने और उनसे मिलने के लिए उत्साहित नजर आए।
हालांकि, अपनी इस धार्मिक यात्रा के दौरान भूमि ने मीडिया और प्रशंसकों से दूरी बनाए रखी। सुरक्षा और निजी धार्मिक यात्रा को देखते हुए उन्होंने किसी से मुलाकात नहीं की और सीधे मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद वहां से रवाना हो गईं।
अचलेश्वर महादेव मंदिर भी पहुंच चुकी हैं भूमि
भूमि पेडनेकर इससे पहले मध्य प्रदेश के ग्वालियर स्थित अचलेश्वर महादेव मंदिर भी पहुंची थीं। कुछ दिनों पहले उन्होंने मंदिर में भगवान शिव की आरती में हिस्सा लिया था। इस दौरान अभिनेत्री को जप माला के साथ भी देखा गया था।
भूमि ने बाद में अचलेश्वर महादेव मंदिर से जुड़ी तस्वीरें सोशल मीडिया पर शेयर की थीं। पोस्ट के साथ उन्होंने लिखा था— “हर हर महादेव, हर जगह शांति के लिए कामना।”
सावन में शिवलिंग पर जल चढ़ाने को लेकर हुई थीं ट्रोल
भूमि पेडनेकर की धार्मिक यात्राएं पहली बार चर्चा में नहीं हैं। इससे पहले मार्च में वह ऋषिकेश भी पहुंची थीं। वहां उन्होंने परमार्थ निकेतन आश्रम में पहुंचकर स्वामी चिदानंद सरस्वती और साध्वी सरस्वती से आशीर्वाद लिया था।
सावन के दौरान भी भूमि ने भगवान शिव की पूजा करते हुए तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा की थीं। शिवलिंग पर जल अर्पित करते हुए उनकी तस्वीरें सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर उन्हें ट्रोलिंग का सामना भी करना पड़ा था। हालांकि, अभिनेत्री ने इस विवाद को लेकर कोई बड़ा सार्वजनिक प्रतिक्रिया नहीं दी।
‘दलदल’ को लेकर मिल रही तारीफ
वर्कफ्रंट की बात करें तो भूमि पेडनेकर हाल ही में अमेजन प्राइम वीडियो की सीरीज ‘दलदल’ में नजर आई हैं। सीरीज में उनके अभिनय को दर्शकों और समीक्षकों की ओर से काफी सराहना मिली है।
अभिनेत्री के आगामी प्रोजेक्ट्स की बात करें तो उनकी फिल्मों की लिस्ट में ‘अधूरे हम अधूरे तुम’ और ‘द प्राइड ऑफ भारत: छत्रपति शिवाजी’ शामिल हैं। ‘अधूरे हम अधूरे तुम’ एक रोमांटिक कॉमेडी फिल्म बताई जा रही है, जिसकी रिलीज डेट अभी आधिकारिक तौर पर तय नहीं हुई है। वहीं ‘द प्राइड ऑफ भारत: छत्रपति शिवाजी’ में ऋषभ शेट्टी नजर आएंगे। फिल्म को दो भागों में रिलीज करने की तैयारी की जा रही है।
