15 दिन में हैंडओवर करें सीएम राइज स्कूल का नया भवन, देरी पर लगेगी पेनल्टी
संभाग आयुक्त बनोठ और आईजी सोलंकी ने माखन नगर में किया औचक निरीक्षण, निर्माण की धीमी गति पर जताई नाराजगी


नर्मदापुरम/माखन नगर। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत संभाग आयुक्त श्रीकांत बनोठ और पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) चंद्रशेखर सोलंकी ने शुक्रवार को माखन नगर स्थित नवनिर्मित सीएम राइज स्कूल भवन का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान भवन निर्माण कार्य की गति धीमी पाए जाने पर अधिकारियों ने नाराजगी जताई और संबंधित अधिकारियों तथा ठेकेदार को निर्धारित समय सीमा में काम पूरा करने के सख्त निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान संभाग आयुक्त और आईजी ने भवन निर्माण की प्रगति, निर्माण कार्य की गुणवत्ता और शेष कार्यों की स्थिति का जायजा लिया। मौके पर मौजूद संबंधित इंजीनियरों और ठेकेदार को 15 दिवस के भीतर स्कूल भवन हैंडओवर करने के निर्देश दिए गए।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाए। साथ ही तय समय सीमा में भवन हैंडओवर नहीं होने की स्थिति में संबंधित के विरुद्ध पेनल्टी लगाने की कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए।
शहीद स्मारक पर पहुंचकर किया नमन
निरीक्षण के दौरान स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर अधिकारियों ने स्कूल परिसर में स्थित शहीद स्मारक पर पहुंचकर स्वतंत्रता सेनानियों को नमन किया और पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
इस अवसर पर अधिकारियों ने कहा कि स्मारक पर अंकित स्वतंत्रता सेनानियों के नाम माखन नगर के गौरव और स्वतंत्रता संग्राम की विरासत को दर्शाते हैं। यह स्मारक नई पीढ़ी को देशप्रेम, त्याग और राष्ट्र के प्रति समर्पण की प्रेरणा देने का महत्वपूर्ण माध्यम है।
स्मारक के रख-रखाव के दिए निर्देश
संभाग आयुक्त बनोठ ने संबंधित अधिकारियों को शहीद स्मारक को व्यवस्थित और आकर्षक स्वरूप देने के निर्देश दिए। उन्होंने स्मारक तक पहुंचने के लिए पाथ-वे निर्माण, नियमित रख-रखाव और उचित साज-सज्जा सुनिश्चित करने को कहा।
अधिकारियों ने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों की स्मृतियों से जुड़े स्थलों का संरक्षण केवल प्रशासनिक जिम्मेदारी नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को इतिहास और राष्ट्रभक्ति से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम भी है।
मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत किए गए इस निरीक्षण में अधिकारियों ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और समयबद्धता को प्राथमिकता देने पर जोर दिया। सीएम राइज स्कूल के नए भवन को निर्धारित समय में तैयार कर विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
