दीपावली से पहले खाद्य प्रतिष्ठानों पर प्रशासन की जांच, मावा-मिठाई और नमकीन के सैंपल भोपाल भेजे
राजस्थान मिष्ठान भंडार और साईं इंडस्ट्री की फैक्ट्री का निरीक्षण, स्वच्छता और खाद्य सामग्री के भंडारण की व्यवस्था भी जांची


नर्मदापुरम। दीपावली पर्व के मद्देनजर खाद्य पदार्थों में मिलावट पर रोक लगाने और आम नागरिकों को शुद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए प्रशासन ने खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इस दौरान राजस्थान मिष्ठान भंडार और साईं इंडस्ट्री की नमकीन-ब्रेड फैक्ट्री का जायजा लेकर मावा, मिठाई और नमकीन सहित अन्य खाद्य पदार्थों के सैंपल जांच के लिए लिए गए।
प्रशासनिक टीम ने प्रतिष्ठानों में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, साफ-सफाई और सामग्री के भंडारण की व्यवस्था का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने संचालकों को खाद्य सुरक्षा एवं स्वच्छता संबंधी आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
जांच के लिए भोपाल भेजे गए सैंपल
निरीक्षण के दौरान मावा, मिठाई, नमकीन सहित अन्य खाद्य पदार्थों के नमूने एकत्र किए गए। इन सैंपलों को गुणवत्ता की जांच के लिए भोपाल भेजा गया है। जांच रिपोर्ट के आधार पर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता के संबंध में स्थिति स्पष्ट होगी।
त्योहारी सीजन में मिठाइयों और अन्य खाद्य सामग्री की मांग बढ़ने के कारण मिलावट की आशंका को देखते हुए प्रशासन द्वारा यह कार्रवाई की गई। इसका उद्देश्य उपभोक्ताओं को सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना और खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करना है।
निरीक्षण दल में ये अधिकारी रहे शामिल
खाद्य प्रतिष्ठानों के निरीक्षण के दौरान सिटी मजिस्ट्रेट सीमा बड़ोले, तहसीलदार नगर सुनील शर्मा, फूड सेफ्टी ऑफिसर बी.एस. धाकड़ और उनकी टीम मौजूद रही।
प्रशासन की इस कार्रवाई के तहत खाद्य पदार्थों के नमूनों की जांच कराई जा रही है, ताकि गुणवत्ता संबंधी नियमों का पालन सुनिश्चित किया जा सके।

