यामी गौतम का दिखेगा अब तक का सबसे अलग अंदाज, ‘नई नवेली’ में डायन के किरदार से मचाएंगी धमाल
यामी गौतम धर की फिल्म ‘नई नवेली’ में दिखेगा मोहिनी का अनोखा अवतार। कॉमेडी, फैंटेसी, मिस्ट्री और एक्शन से भरपूर फिल्म 16 अक्टूबर को रिलीज होगी।


अवस्थी परिवार की दुनिया में आपका स्वागत है, जहां रिश्तों की नोकझोंक, मस्ती और हंसी के बीच एक डायन का राज भी देखने को मिलेगा। यामी गौतम धर स्टारर फिल्म ‘नई नवेली’ इस दशहरा दर्शकों को फैमिली एंटरटेनमेंट के साथ कॉमेडी, फैंटेसी, मिस्ट्री और एक्शन का अनोखा मिश्रण पेश करने के लिए तैयार है।
फिल्म की कहानी एक आम भारतीय परिवार के इर्द-गिर्द बुनी गई है, जिसकी जिंदगी अचानक ऐसे मोड़ पर पहुंच जाती है, जहां हर पल कुछ नया और अप्रत्याशित देखने को मिलता है। परिवार के बड़े किरदारों से लेकर मजेदार घटनाओं और रहस्यमयी ट्विस्ट तक, फिल्म में मनोरंजन का भरपूर तड़का लगाया गया है। खास बात यह है कि इस पूरे घटनाक्रम में परिवार का डॉग भी अहम अंदाज में शामिल होता नजर आएगा।
मोहिनी के किरदार में यामी का अलग अवतार
फिल्म में नेशनल अवॉर्ड विनर यामी गौतम धर मोहिनी के किरदार में नजर आएंगी। यह भूमिका उनके अब तक के किरदारों से काफी अलग बताई जा रही है। मोहिनी के लुक, बॉडी लैंग्वेज, कॉमिक टाइमिंग और एक्शन अंदाज के जरिए यामी दर्शकों को चौंकाने की तैयारी में हैं।
एक इवेंट के दौरान यामी ने अपने किरदार की तैयारी को लेकर बताया कि हर भूमिका अपने साथ एक नई चुनौती लेकर आती है। उनके मुताबिक किसी किरदार को निभाने के लिए सिर्फ संवाद याद करना ही पर्याप्त नहीं होता, बल्कि उसकी अपनी एक अलग पर्सनैलिटी तैयार करनी पड़ती है।
यामी ने कहा कि किरदार की तैयारी के दौरान स्किल्स, एक्शन और बॉडी लैंग्वेज पर काम करना पड़ता है। उनके लिए यह प्रक्रिया ऐसी है, जैसे किसी समानांतर व्यक्तित्व को तैयार करके उसे अपनी त्वचा की तरह अपना लिया जाए।
हर किरदार में कुछ नया जोड़ना चाहती हैं यामी
यामी ने यह भी बताया कि वह अपनी तैयारी को लेकर हमेशा सजग रहती हैं और बार-बार स्क्रिप्ट पढ़कर किरदार की नई परतों को समझने की कोशिश करती हैं। उनका मानना है कि किसी फिल्म की नब्ज समझना किरदार को प्रभावी बनाने के लिए बेहद जरूरी है।
उन्होंने कहा कि मोहिनी के हंसने का अंदाज भी उनके पिछले किरदारों से बिल्कुल अलग होगा। वह अपने हर किरदार में कुछ अतिरिक्त और नया जोड़ने की कोशिश करती हैं, ताकि दर्शकों के लिए उसे देखना दिलचस्प और मनोरंजक बना रहे।
बड़े कलाकारों की टीम भी आएगी नजर
‘नई नवेली’ में यामी गौतम के अलावा अड्डिनाथ एम. कोठारे, अनुराग ठाकुर, सुनीता राजवार, मीता वशिष्ठ, आदित्य कुलश्रेष्ठ, सुस्मिता मुखर्जी और प्रतीक पचौरी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।
फिल्म का निर्देशन बालाजी मोहन ने किया है। इसकी कहानी हिमांशु शर्मा और दिव्य निधि शर्मा ने लिखी है। फिल्म का निर्माण आनंद एल. राय और हिमांशु शर्मा ने किया है, जबकि संगीत जी. वी. प्रकाश कुमार ने दिया है।
फिल्म में पारिवारिक रिश्तों, कॉमेडी और फैंटेसी के साथ मिस्ट्री और एक्शन को भी जोड़ा गया है। निर्माताओं का दावा है कि कहानी दर्शकों को एक ऐसी दुनिया में ले जाएगी, जो भारतीय पारिवारिक पृष्ठभूमि से जुड़ी होने के बावजूद अपने अंदाज में बिल्कुल अलग नजर आएगी।
‘नई नवेली’ 16 अक्टूबर को दशहरा के मौके पर सिनेमाघरों में रिलीज होने के लिए तैयार है।
