सोनिया गांधी का बड़ा खुलासा: पीएम मोदी से कभी नहीं हुई वास्तविक बातचीत
सोनिया गांधी ने अपनी नई किताब 'बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव' में पीएम मोदी से संबंधों, राजनीतिक विचारधारा, कांग्रेस मुक्त भारत और नेहरू को लेकर कई बड़े खुलासे किए हैं।


कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ अपने संबंधों और दोनों की राजनीतिक विचारधाराओं को लेकर बड़ा खुलासा किया है। सोनिया गांधी का कहना है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ उनकी कभी कोई वास्तविक बातचीत नहीं हुई। यहां तक कि जब दोनों आमने-सामने आते हैं, तब भी प्रधानमंत्री उनसे नजरें मिलाने से बचते हैं। सोनिया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने भारत के विचार के लिए लड़ रहे हैं, जबकि वह अपने विचारों के लिए संघर्ष कर रही हैं।
सोनिया गांधी ने ये बातें अपनी बहुप्रतीक्षित संस्मरण पुस्तक 'बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव' में लिखी हैं। हार्परकॉलिन्स इंडिया द्वारा प्रकाशित यह पुस्तक मंगलवार को बाजार में आई। किताब में सोनिया ने अपने व्यक्तिगत जीवन, राजनीतिक अनुभवों और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ अपने संबंधों के अलावा कांग्रेस और भाजपा की विचारधाराओं पर भी विस्तार से अपनी बात रखी है।
संसद में केवल औपचारिक अभिवादन तक सीमित रही बातचीत
सोनिया गांधी ने किताब में लिखा है कि नरेंद्र दामोदरदास मोदी को प्रधानमंत्री पद पर रहते हुए एक दशक से अधिक समय हो चुका है और उनका तीसरा कार्यकाल चल रहा है, लेकिन इसके बावजूद दोनों के बीच कभी वास्तविक बातचीत नहीं हुई।
उन्होंने बताया कि संसद के प्रत्येक सत्र के बाद प्रमुख राजनीतिक दलों के नेता लोकसभा अध्यक्ष के कक्ष में मिलते हैं। इन मुलाकातों के दौरान भी प्रधानमंत्री और उनके बीच केवल औपचारिक अभिवादन होता है।
सोनिया के मुताबिक, पहले अलग-अलग राजनीतिक दलों के नेता आपसी शिष्टाचार और सौहार्द के साथ मिलते थे, लेकिन अब राजनीतिक माहौल में काफी बदलाव आ गया है। उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री आमने-सामने आने पर उनसे नजरें फेर लेते हैं और आंखों से संपर्क बनाने से बचते हैं।
अस्पताल से लौटने पर प्रधानमंत्री पूछते हैं हालचाल
सोनिया गांधी ने अपनी किताब में कुछ ऐसे मौकों का भी जिक्र किया है, जब अस्पताल में इलाज के बाद लौटने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनका हालचाल पूछा था।
उन्होंने लिखा कि प्रधानमंत्री ने उनसे पूछा था, 'ठीक हैं आप?' इस पर उन्होंने जवाब दिया, 'जी, अब मैं ठीक हूं, शुक्रिया।'
सोनिया के अनुसार, इस तरह की छोटी और औपचारिक बातचीत के अलावा दोनों के बीच कभी कोई संवाद नहीं हुआ। हालांकि, समय-समय पर जन्मदिन और नए साल की शुभकामनाओं का आदान-प्रदान जरूर होता रहा है।
'मोदी और मेरे भारत के विचार अलग-अलग'
अपनी पुस्तक में सोनिया गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अपनी भारत को लेकर सोच के बीच वैचारिक अंतर को भी विस्तार से बताया है।
उन्होंने लिखा कि भारत को लेकर उनकी समझ अपने परिवार के सदस्यों के जीवन, सेवा और अनुभवों से विकसित हुई है। उनका परिवार ऐसे भारत में विश्वास करता रहा है, जहां अलग-अलग जातियों, संस्कृतियों, भाषाओं और धर्मों के लोगों को समान अवसर और सम्मान मिले। ऐसा भारत, जहां स्वतंत्रता, समानता और धर्मनिरपेक्षता के मूल्यों को महत्व दिया जाए।
वहीं, सोनिया गांधी के अनुसार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की भारत संबंधी सोच राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के विचारकों और उनके अपने जीवन के अनुभवों से बनी है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस विचारधारा में अपने धर्म और संस्कृति को दूसरों से ऊपर रखने तथा सामाजिक पदानुक्रम, व्यवस्था और नियंत्रण को केंद्रीय महत्व दिया जाता है।
सोनिया ने स्पष्ट किया कि वह ऐसे भारत की पक्षधर हैं, जो वर्चस्व के बजाय समावेशिता, धर्मनिरपेक्षता और सामाजिक न्याय के सिद्धांतों पर आधारित हो। उनके मुताबिक, यह किसी व्यक्ति विशेष से मतभेद का मामला नहीं, बल्कि देश के भविष्य और उसकी मूल अवधारणा को लेकर दो अलग-अलग विचारों की लड़ाई है।
पीएम मोदी की राजनीतिक यात्रा पर भी की टिप्पणी
सोनिया गांधी ने प्रधानमंत्री मोदी की राजनीतिक यात्रा और उनके शुरुआती जीवन को लेकर भी अपनी राय रखी है। उन्होंने लिखा कि नरेंद्र मोदी का राजनीति में आने का रास्ता उनसे बिल्कुल अलग रहा है।
हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि अपने समय के सत्ता प्रतिष्ठान को लेकर प्रधानमंत्री की असहजता के कुछ पहलुओं को वह समझ सकती हैं।
सोनिया ने दिल्ली के राजनीतिक और सामाजिक दायरों का उल्लेख करते हुए लिखा कि वहां होने वाली कई चर्चाएं उन्हें भारत की वास्तविक परिस्थितियों से दूर लगती थीं। अपने निर्वाचन क्षेत्र और देश के विभिन्न हिस्सों की यात्राओं के दौरान उन्होंने आम लोगों के संघर्ष और रोजमर्रा की मुश्किलों को करीब से देखा था। उनके अनुसार, दिल्ली के संपन्न वर्ग के कई लोग इन वास्तविकताओं को समझ नहीं पाते।
उन्होंने यह भी टिप्पणी की कि प्रधानमंत्री मोदी की शुरुआती परिस्थितियां शायद उतनी साधारण नहीं थीं, जितनी उनकी छवि बनाने के लिए प्रचार टीम की ओर से पेश की गई हैं। सोनिया के मुताबिक, मोदी ने वंचित पृष्ठभूमि से निकलकर आरएसएस के भीतर अपनी राजनीतिक पहचान और स्थान बनाया।
संसद में प्रधानमंत्री के भाषणों पर भी उठाए सवाल
सोनिया गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसद में दिए जाने वाले भाषणों की शैली पर भी टिप्पणी की है। उन्होंने लिखा कि प्रधानमंत्री कई बार संसद में भी उसी तरह की भाषा का इस्तेमाल करते हैं, जैसी चुनावी रैलियों में करते हैं।
उनके मुताबिक, प्रधानमंत्री अपने भाषणों में अक्सर विपक्ष पर तीखे हमले करते हैं। सोनिया ने आरोप लगाया कि भाजपा और उससे जुड़े वैचारिक संगठन देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू को लगातार निशाना बनाते रहे हैं।
उन्होंने लिखा कि जवाहरलाल नेहरू ने भारत को लोकतांत्रिक और धर्मनिरपेक्ष रास्ते पर आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। सोनिया ने संघ परिवार से जुड़ी इंटरनेट साइटों पर नेहरू के खिलाफ की जाने वाली टिप्पणियों और उनके बारे में प्रसारित की जाने वाली गलत जानकारियों पर भी आपत्ति जताई है।
'कांग्रेस मुक्त भारत' के नारे को लेकर भाजपा पर निशाना
सोनिया गांधी ने भाजपा के चर्चित नारे 'कांग्रेस मुक्त भारत' का भी अपनी पुस्तक में उल्लेख किया है। उन्होंने लिखा कि भाजपा का घोषित उद्देश्य कांग्रेस पार्टी, उसकी नीतियों और विचारधारा से मुक्त भारत बनाना है।
सोनिया के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कांग्रेस के प्रति विरोध की भावना के पीछे आरएसएस का वैचारिक प्रभाव है। उन्होंने आरोप लगाया कि संघ ने अपने कार्यकर्ताओं में हिंदू धर्म के एक ऐसे कठोर और बहिष्कारवादी स्वरूप के प्रति प्रतिबद्धता विकसित की है, जिसे राजनीतिक एजेंडे के रूप में आगे बढ़ाया जाता है।
उन्होंने अपनी सास से मिली धार्मिक समझ का भी जिक्र किया। सोनिया ने लिखा कि भारत में सदियों से प्रचलित धार्मिक परंपराएं विविध मान्यताओं और रास्तों को स्वीकार करती रही हैं। इसमें किसी एक देवता, सिद्धांत, पैगंबर या धर्मग्रंथ को अनिवार्य नहीं माना गया है। असहमति और अलग-अलग विचारों को भी भारतीय धार्मिक परंपराओं में जगह मिली है।
महात्मा गांधी के अहिंसा और धर्म के सिद्धांतों का उल्लेख
सोनिया गांधी ने अपनी पुस्तक में महात्मा गांधी के विचारों और उनसे मिली सीख का भी उल्लेख किया है। उन्होंने लिखा कि उन्हें गांधी की व्याख्या के अनुसार अहिंसा और धर्म के सिद्धांतों की शिक्षा मिली। इन्हीं मूल्यों से उन्होंने स्वीकार्यता, सहिष्णुता और आपसी समझ का महत्व जाना।
उन्होंने भारतीय समाज में जाति व्यवस्था के कारण पैदा हुई असमानताओं और शोषण का भी जिक्र किया। सोनिया के मुताबिक, समाज सुधार के कई बड़े नेताओं ने हिंदू धर्म के भीतर मौजूद विचारों और परंपराओं के आधार पर ही जातिगत भेदभाव और असमानता को चुनौती दी।
सोनिया ने किताब को बताया व्यक्तिगत संस्मरण
सोनिया गांधी ने अपनी पुस्तक को व्यक्तिगत संस्मरण बताया है। उन्होंने स्पष्ट किया है कि इस किताब का मुख्य विषय राजनीति नहीं है, बल्कि राजनीति उनके जीवन की पृष्ठभूमि और अनुभवों का एक हिस्सा है।
हालांकि, पुस्तक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा, आरएसएस, कांग्रेस की विचारधारा और भारतीय लोकतंत्र को लेकर की गई टिप्पणियों ने इसे राजनीतिक चर्चा के केंद्र में ला दिया है। खासतौर पर प्रधानमंत्री के साथ अपने व्यक्तिगत संवाद को लेकर सोनिया गांधी के दावों ने राजनीतिक गलियारों में नई बहस को जन्म दे दिया है।
