ब्रेकिंग
मंगलवार, 10 नवंबर 2026
Denva Post
सभी खबरें
भोपाल · 26 मिनट पहले

दिवाली पर पटाखे जलाने के बजाय बांट रहे ब्रोंकाइटिस! IAS रघुराज राजेंद्रन ने त्योहारों के बदलते स्वरूप पर उठाए सवाल

मध्यप्रदेश के IAS रघुराज राजेंद्रन ने दिवाली पर पटाखों से होने वाले वायु प्रदूषण और त्योहारों के व्यावसायीकरण पर चिंता जताई। कहा- रोशनी बांटने के बजाय ब्रोंकाइटिस बांट रहे हैं।

नक्शे देखें

अशोक शर्मा
अशोक शर्मा
Sub Editor · 26 मिनट पहले
शेयर
दिवाली पर पटाखे जलाने के बजाय बांट रहे ब्रोंकाइटिस! IAS रघुराज राजेंद्रन ने त्योहारों के बदलते स्वरूप पर उठाए सवाल

दिवाली खुशियों, रोशनी और उत्साह का त्योहार है, लेकिन बदलते समय के साथ त्योहार मनाने के तौर-तरीकों पर भी सवाल उठने लगे हैं। पटाखों से बढ़ते वायु प्रदूषण और त्योहारों के बढ़ते व्यावसायीकरण को लेकर मध्यप्रदेश के श्रम विभाग के सचिव एवं आईएएस अधिकारी रघुराज राजेंद्रन ने चिंता जताई है। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा करते हुए कहा कि दिवाली पर हम रोशनी बांटने के बजाय ब्रोंकाइटिस बांट रहे हैं।

नक्शे देखें

राजेंद्रन के मुताबिक, दिवाली का मूल संदेश अंधकार पर प्रकाश और अज्ञान पर ज्ञान की जीत है, लेकिन अब त्योहारों की खुशियों का पैमाना बाजार और खरीदारी तय करने लगा है। आकर्षक ऑफर, महंगे उपहार और बाजार में होने वाली बिक्री को उत्सव का हिस्सा बना दिया गया है। इस बदलाव के बीच त्योहार के वास्तविक उद्देश्य और पर्यावरण के प्रति हमारी जिम्मेदारी पीछे छूटती जा रही है।

पटाखों के धुएं में होते हैं खतरनाक रासायनिक तत्व

आईएएस अधिकारी ने अपने पोस्ट में बताया कि पटाखों से निकलने वाला धुआं सामान्य धुआं नहीं होता, बल्कि इसमें कई तरह के हानिकारक प्रदूषक मौजूद रहते हैं। इनमें बारीक धूल के कण (पार्टिकुलेट मैटर), सल्फर डाइऑक्साइड, नाइट्रोजन ऑक्साइड और रंग पैदा करने वाले विभिन्न धातु यौगिक शामिल होते हैं।

पटाखे जलने के बाद ये प्रदूषक वातावरण में फैल जाते हैं और हवा की गुणवत्ता को प्रभावित करते हैं। दिवाली के बाद कई शहरों में वायु गुणवत्ता बेहद खराब से लेकर गंभीर श्रेणी तक पहुंच जाती है। यदि हवा की रफ्तार कम रहती है, तो प्रदूषण और धुंध कई दिनों तक वातावरण में बनी रह सकती है।

बच्चों और बुजुर्गों के स्वास्थ्य पर ज्यादा खतरा

रघुराज राजेंद्रन ने पटाखों से होने वाले वायु प्रदूषण के स्वास्थ्य पर पड़ने वाले प्रभावों को लेकर भी आगाह किया। उन्होंने बताया कि प्रदूषण के बारीक कण सांस के साथ फेफड़ों के भीतर तक पहुंच सकते हैं। इससे अस्थमा के मरीजों की परेशानी बढ़ सकती है और ब्रोंकाइटिस जैसी श्वसन संबंधी समस्याओं का खतरा भी बढ़ सकता है।

इसका सबसे ज्यादा असर बच्चों, बुजुर्गों और पहले से किसी बीमारी से जूझ रहे लोगों पर पड़ता है। चिंता की बात यह भी है कि पटाखे नहीं जलाने वाले परिवार भी इसके प्रदूषण से बच नहीं पाते।

उन्होंने इस ओर ध्यान दिलाया कि जब एक मोहल्ले या शहर में हजारों पटाखे जलाए जाते हैं, तो उनसे निकलने वाला धुआं पूरे वातावरण में फैलता है। ऐसे में किसी परिवार का पटाखे नहीं जलाना उसे प्रदूषण के प्रभाव से पूरी तरह सुरक्षित नहीं रख सकता।

मिठाइयों और उपहारों के नाम पर बढ़ रहा बाजारवाद

आईएएस अधिकारी ने त्योहारों के बढ़ते व्यावसायीकरण पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि दिवाली पर लोगों को स्वच्छ हवा सबसे अच्छा उपहार हो सकती है, लेकिन बाजार में अधिक चीनी और वसा वाली मिठाइयां, पैकेटबंद नमकीन और ऐसे उपहारों का चलन बढ़ गया है, जिनकी कई बार सामने वाले को जरूरत भी नहीं होती।

उनके अनुसार, त्योहार अब धीरे-धीरे खरीदारी, बिक्री और आकर्षक ऑफर तक सीमित होते जा रहे हैं। ऐसे में जरूरी है कि लोग त्योहारों के वास्तविक महत्व को समझें और खुशियों के साथ पर्यावरण तथा दूसरों की सेहत का भी ध्यान रखें।

त्योहार मनाने के तरीके में बदलाव की जरूरत

रघुराज राजेंद्रन ने स्पष्ट किया कि प्रदूषण कम करने की बात का मतलब त्योहारों के खिलाफ होना नहीं है। दिवाली की खुशियां और परंपराएं बरकरार रखते हुए भी पर्यावरण को सुरक्षित रखने के प्रयास किए जा सकते हैं।

उन्होंने इसके लिए मोहल्लों और स्थानीय स्तर पर लोगों के बीच खुलकर चर्चा करने तथा सामूहिक पहल करने की जरूरत बताई। उनका मानना है कि यदि लोग खुद जिम्मेदारी समझें और उत्सव मनाने के तरीके में सकारात्मक बदलाव लाएं, तो प्रदूषण को कम करने में मदद मिल सकती है।

अंत में उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाली दिवाली लोगों को धुएं और स्मॉग के बजाय दीयों की रोशनी, स्वच्छ हवा और खुशियों के लिए याद रहेगी। उनका संदेश साफ है कि त्योहार की असली खुशी दूसरों की सेहत और पर्यावरण की कीमत पर नहीं होनी चाहिए।

यह खबर शेयर करें
शेयर