ब्रेकिंग
सोमवार, 16 नवंबर 2026
Denva Post
सभी खबरें
सिंगरौली · 8 मिनट पहले

अवैध रेत परिवहन का विरोध करने पर युवक को ट्रैक्टर से कुचला, मौके पर मौत; तीन बच्चों के सिर से उठा पिता का साया

बैढ़न के बिहरा गांव में अवैध रेत परिवहन का विरोध करने पर 35 वर्षीय अरुण कोल की ट्रैक्टर से कुचलकर मौत। आरोपी चालक फरार, परिजनों ने पुलिस कार्रवाई पर उठाए सवाल।

अशोक शर्मा
अशोक शर्मा
Sub Editor · 8 मिनट पहले
शेयर
अवैध रेत परिवहन का विरोध करने पर युवक को ट्रैक्टर से कुचला, मौके पर मौत; तीन बच्चों के सिर से उठा पिता का साया

सिंगरौली। जिले के बैढ़न कोतवाली थाना क्षेत्र के बिहरा गांव में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन का विरोध करना एक युवक को भारी पड़ गया। खेत के पास नाले से रेत निकालने का विरोध करने पर ट्रैक्टर चालक ने कथित तौर पर युवक को वाहन से कुचल दिया। हादसे में 35 वर्षीय अरुण कोल की मौके पर ही मौत हो गई। घटना रविवार शाम करीब 5 से 6 बजे के बीच की बताई जा रही है। वारदात के बाद आरोपी चालक ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर फरार हो गया।

घटना के बाद मृतक के परिजन पुलिस कार्रवाई की मांग को लेकर सोमवार सुबह से बैढ़न कोतवाली थाने में बैठे रहे। परिजनों का आरोप था कि घटना के करीब 21 घंटे बाद भी पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज नहीं की थी। पुलिस की कार्रवाई में देरी को लेकर ग्रामीणों और परिजनों में नाराजगी देखी गई।

खेत के पास रेत निकालने से मना किया तो चढ़ा दिया ट्रैक्टर

मृतक के चाचा चंद्रावली कोल के अनुसार, अरुण के खेत के पास स्थित नाले से अवैध रूप से रेत निकाली जा रही थी। रविवार को सुनील कुमार पटेल ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर वहां रेत निकालने पहुंचा था। खेत को नुकसान होने की आशंका के चलते अरुण और उसके पिता ने उसे रेत ले जाने से मना किया।

आरोप है कि विरोध के बावजूद चालक ने निकाली गई रेत वहीं गिरा दी और इसके बाद ट्रैक्टर तेज गति से भगाने लगा। इसी दौरान अरुण वाहन की चपेट में आ गया। ट्रैक्टर से कुचले जाने के कारण उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना के बाद चालक वाहन लेकर फरार हो गया।

तीन छोटे बच्चों के सिर से उठा पिता का साया

अरुण कोल अपने परिवार का इकलौता सहारा था। उसके परिवार में पत्नी संगीता और तीन छोटे बच्चे हैं। इनमें 14 वर्षीय बेटी रानू, 11 वर्षीय बेटा रंजित और आठ वर्षीय बेटा राजश्री शामिल हैं।

अरुण के पास महज ढाई एकड़ कृषि भूमि थी। वह खेती करने के साथ खाली समय में मजदूरी भी करता था, जिससे परिवार का भरण-पोषण होता था। उसकी अचानक हुई मौत से परिवार पर आर्थिक संकट गहरा गया है। पत्नी और तीनों बच्चों के सामने अब भविष्य और रोजी-रोटी की चिंता खड़ी हो गई है।

21 घंटे बाद भी एफआईआर नहीं होने का आरोप, थाने में बैठे रहे परिजन

परिजनों का आरोप है कि घटना के बाद पुलिस ने तत्काल प्राथमिकी दर्ज नहीं की। सोमवार दोपहर तक घटना के करीब 21 घंटे बीत जाने के बावजूद एफआईआर दर्ज नहीं होने की बात सामने आई। इससे नाराज मृतक के स्वजन सुबह से ही बैढ़न कोतवाली थाने में बैठकर कार्रवाई और न्याय की मांग करते रहे।

नगर पुलिस अधीक्षक हेमंत कुमार ने बताया कि घटना के बाद से आरोपी ट्रैक्टर चालक फरार है। पुलिस मर्ग कायम करने की विधिक प्रक्रिया पूरी कर रही है और मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

रेत के अवैध कारोबार पर ग्रामीणों ने उठाए सवाल

घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने क्षेत्र में लंबे समय से चल रहे कथित अवैध रेत उत्खनन और परिवहन को लेकर प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में रेत का अवैध कारोबार लगातार जारी है और कई बार शिकायतें करने के बावजूद प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई।

बिहरा गांव की इस घटना ने एक बार फिर अवैध रेत उत्खनन, परिवहन और उससे जुड़े सुरक्षा इंतजामों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि पुलिस फरार आरोपी को कब तक गिरफ्तार करती है और अवैध रेत कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए प्रशासन क्या कदम उठाता है।

यह खबर शेयर करें
शेयर