प्रेम विवाह को लेकर तनाव में युवक ने खाया जहर, इलाज के दौरान मौत; भोपाल पुलिस जांच में जुटी
भोपाल के शाहपुरा क्षेत्र में रहने वाले 22 वर्षीय अखिलेश अहिरवार ने जहरीला पदार्थ खा लिया। इलाज के दौरान सोमवार सुबह मौत हो गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की।


भोपाल। राजधानी भोपाल में प्रेम विवाह को लेकर चल रहे पारिवारिक विरोध के बीच एक 22 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। युवक का इंदौर की एक युवती से प्रेम प्रसंग था और दोनों शादी करना चाहते थे। युवक का परिवार इस रिश्ते के लिए तैयार था, लेकिन युवती के परिजन विवाह के पक्ष में नहीं थे। बताया जा रहा है कि इसी बात को लेकर युवक तनाव में था। उसने शनिवार देर रात जहरीला पदार्थ खा लिया। सोमवार सुबह उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
सागर का रहने वाला था युवक, भोपाल में करता था ठेकेदारी
शाहपुरा पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान अखिलेश अहिरवार पिता राजाराम अहिरवार (22) के रूप में हुई है। वह मूल रूप से सागर जिले का निवासी था और भोपाल के शाहपुरा थाना क्षेत्र में शैतान सिंह चौराहे के पास किराये के मकान में रहता था। अखिलेश भोपाल में प्लंबिंग कार्य की ठेकेदारी करता था। परिवार में माता-पिता और एक छोटी बहन है।
परिजनों के मुताबिक, अखिलेश का इंदौर निवासी एक युवती से प्रेम संबंध था। दोनों एक-दूसरे को पसंद करते थे और विवाह करना चाहते थे। अखिलेश ने अपने परिवार को भी इस रिश्ते के बारे में बताया था। उसका परिवार शादी के लिए सहमत था, लेकिन युवती के परिजन इस रिश्ते को स्वीकार नहीं कर रहे थे।
बताया जा रहा है कि विवाह को लेकर दोनों परिवारों के बीच सहमति नहीं बन पाने से अखिलेश परेशान रहने लगा था।
शनिवार देर रात बिगड़ी तबीयत, सोमवार को तोड़ा दम
जानकारी के अनुसार, शनिवार देर रात अखिलेश ने जहरीला पदार्थ खा लिया। कुछ ही समय बाद उसकी तबीयत बिगड़ने लगी। परिजन उसे तत्काल मयूर हॉस्पिटल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने गंभीर हालत में भर्ती कर उपचार शुरू किया।
डॉक्टरों के प्रयासों के बावजूद उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। सोमवार सुबह करीब 10 बजे उपचार के दौरान अखिलेश की मौत हो गई।
पुलिस ने मर्ग कायम कर शुरू की जांच
घटना के बाद शाहपुरा पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी और परिजनों के बयानों में प्रेम प्रसंग तथा विवाह को लेकर तनाव की बात सामने आई है। हालांकि, युवक द्वारा जहरीला पदार्थ खाने के वास्तविक कारणों की पुष्टि पुलिस जांच, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य तथ्यों के आधार पर होगी।

