ब्रेकिंग
सोमवार, 16 नवंबर 2026
Denva Post
सभी खबरें
नर्मदापुरम · 16 मिनट पहले

बांद्राभान मेले की तैयारियों का कलेक्टर-एसपी ने लिया जायजा, झूलों से लेकर दुकानों तक की होगी सुरक्षा जांच

नर्मदापुरम के बांद्राभान मेले की तैयारियों का कलेक्टर आशीष वशिष्ठ और एसपी दीपक कुमार शुक्ला ने निरीक्षण किया। सड़क, पेयजल, सफाई, झूले, फायर सेफ्टी और यातायात व्यवस्था के निर्देश।

गोविंद यादव
गोविंद यादव
Reporter · 16 मिनट पहले
शेयर
बांद्राभान मेले की तैयारियों का कलेक्टर-एसपी ने लिया जायजा, झूलों से लेकर दुकानों तक की होगी सुरक्षा जांच

नर्मदापुरम। नर्मदा और तवा नदी के पवित्र संगम स्थल बांद्राभान में आयोजित होने वाले पारंपरिक मेले की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन सक्रिय हो गया है। सोमवार को कलेक्टर आशीष वशिष्ठ और पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार शुक्ला ने मेला स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने सड़क, पेयजल, स्वच्छता, विद्युत सुरक्षा, झूलों की जांच, अग्निशमन और यातायात व्यवस्था को लेकर संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।

जिला मुख्यालय से लगभग 8 किलोमीटर दूर स्थित बांद्राभान में हर वर्ष नर्मदा-तवा संगम पर मेले का आयोजन होता है। यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और आमजन के पहुंचने को देखते हुए कलेक्टर एवं एसपी ने सभी व्यवस्थाएं समय-सीमा में पूरी करने के निर्देश दिए।

मेला मार्ग की होगी मरम्मत, मुरम-बजरी डालकर सुधारी जाएगी सड़क

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर आशीष वशिष्ठ ने मेला स्थल तक पहुंचने वाले मार्गों की स्थिति सुधारने पर जोर दिया। उन्होंने मेला मार्ग पर मुरम और बजरी डालकर मरम्मत कराने तथा बांद्राभान के मुख्य मार्ग को भी मेले से पहले दुरुस्त करने के निर्देश दिए। खनिज विभाग को सड़क मरम्मत का कार्य गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा कराने की जिम्मेदारी सौंपी गई।

पेयजल की नियमित होगी जांच

मेले में श्रद्धालुओं को स्वच्छ और सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराने के लिए लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग को विशेष व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने कहा कि पानी की गुणवत्ता की नियमित जांच के लिए विशेष दल गठित किया जाए। यह दल पूरे मेला अवधि के दौरान पेयजल की जांच करेगा, ताकि दूषित पानी से होने वाली बीमारियों की आशंका को रोका जा सके।

सफाई के लिए लगाए जाएंगे अतिरिक्त कचरा वाहन

मेला स्थल पर स्वच्छता बनाए रखने के लिए पर्याप्त संख्या में कचरा संग्रहण वाहन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। इसके लिए आसपास के नगरीय निकायों से भी वाहन बुलाकर नियमित कचरा उठाव सुनिश्चित किया जाएगा। मेले में दुकानों और श्रद्धालुओं की आवाजाही के कारण जमा होने वाले कचरे के व्यवस्थित निपटान पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

झूलों का परीक्षण, सुरक्षा प्रमाणपत्र के बाद ही संचालन

मेले में लगने वाले झूलों की सुरक्षा को लेकर भी प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। कलेक्टर ने लोक निर्माण विभाग और अन्य संबंधित विभागों को संयुक्त रूप से झूलों का तकनीकी परीक्षण करने तथा सुरक्षा संबंधी प्रमाणपत्र जारी करने के निर्देश दिए। इसके अलावा विद्युत कनेक्शन और बिजली से जुड़ी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए फायर एंड इलेक्ट्रिकल सेफ्टी विभाग से आवश्यक प्रमाणन कराने को कहा गया।

हर दुकान में फायर एक्सटिंग्विशर अनिवार्य

पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार शुक्ला ने मेला स्थल की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक दुकान में फायर एक्सटिंग्विशर उपलब्ध होना अनिवार्य किया जाए। खाद्य सामग्री बेचने वाली दुकानों पर विशेष रूप से अग्निशमन यंत्र की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने मेला स्थल के समीप फायर ब्रिगेड की गाड़ियां तैनात रखने तथा पूरे मेला अवधि में ड्राइवर और अग्निशमन दल की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि आगजनी या किसी अन्य आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जा सके।

पार्किंग और यातायात व्यवस्था पर भी रहेगी नजर

मेले के दौरान वाहनों की बढ़ती आवाजाही को देखते हुए यातायात विभाग को सुचारू यातायात व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए। निर्धारित पार्किंग स्थलों का उचित प्रबंधन करने और नियमित निगरानी रखने को कहा गया, ताकि श्रद्धालुओं को आवागमन में परेशानी न हो और मेला क्षेत्र में जाम की स्थिति निर्मित न हो।

निरीक्षण के दौरान जनपद पंचायत अध्यक्ष भूपेंद्र चौकसे, जिला पंचायत सीईओ हिमांशु जैन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

यह खबर शेयर करें
शेयर