विद्यार्थियों के रिकॉर्ड और दिव्यांग बच्चों की पहचान पर कलेक्टर का जोर, जनशिक्षकों को दिए विशेष निर्देश
कलेक्टर आशीष वशिष्ठ ने जनशिक्षकों को शिक्षक प्रोफाइल, यूडाइस, अपार आईडी अपडेट और दिव्यांग विद्यार्थियों की स्क्रीनिंग के निर्देश दिए।


नर्मदापुरम। जिले में शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने और विद्यार्थियों से जुड़े शासकीय रिकॉर्ड को अपडेट करने के लिए कलेक्टर आशीष वशिष्ठ ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों को लंबित कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने शिक्षक प्रोफाइल, यूडाइस पोर्टल, अपार आईडी निर्माण और दिव्यांग विद्यार्थियों की पहचान के लिए चल रही स्क्रीनिंग प्रक्रिया की समीक्षा करते हुए स्पष्ट कार्ययोजना के साथ काम पूरा करने को कहा। साथ ही छात्रावासों का नियमित निरीक्षण कर वहां विद्यार्थियों को मिल रही सुविधाओं की गुणवत्ता पर नजर रखने के निर्देश दिए।
सोमवार को कलेक्टर आशीष वशिष्ठ ने जिले के समस्त जनशिक्षकों की बैठक लेकर शिक्षा विभाग की गतिविधियों एवं शैक्षणिक कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने विभिन्न योजनाओं की प्रगति की जानकारी लेते हुए लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।
शिक्षक प्रोफाइल और यूडाइस के लंबित रिकॉर्ड होंगे अपडेट
बैठक में कलेक्टर ने शिक्षक प्रोफाइल के अंतर्गत शिक्षकों की आईडी सर्टिफिकेशन से संबंधित लंबित प्रकरणों को शीघ्र पूरा कर प्रोफाइल अपडेट करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही यूडाइस पोर्टल पर विद्यार्थियों की प्रोफाइल अपडेट करने में हो रही देरी को दूर करने पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि प्रोफाइल अपडेट के लिए विशेष शिविर आयोजित किए जाएं। प्रतिदिन के लक्ष्य निर्धारित कर कार्य की सूक्ष्म समीक्षा की जाए, ताकि लंबित प्रकरणों का समय पर निराकरण हो सके। इसके लिए स्पष्ट कार्ययोजना तैयार कर उसका प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने को कहा।
एमबीयू के साथ अपार आईडी निर्माण भी होगा
कलेक्टर ने विद्यार्थियों के एमबीयू अपडेट का कार्य तेजी से पूरा कराने के साथ-साथ समानांतर रूप से अपार आईडी बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि दोनों कार्यों को व्यवस्थित तरीके से संचालित किया जाए, जिससे विद्यार्थियों के शैक्षणिक रिकॉर्ड संबंधी प्रक्रिया में अनावश्यक देरी न हो।
दिव्यांग विद्यार्थियों की स्क्रीनिंग में बरतें संवेदनशीलता
प्रशस्त पोर्टल के माध्यम से दिव्यांग विद्यार्थियों की पहचान के लिए की जा रही स्क्रीनिंग को लेकर कलेक्टर ने विशेष सावधानी बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह अत्यंत संवेदनशील प्रक्रिया है, इसलिए किसी भी विद्यार्थी की पहचान के दौरान पूरी गंभीरता और जिम्मेदारी रखी जाए।
सभी जनशिक्षकों को स्वयं रैंडम सर्वे फॉर्म भरवाने की प्रक्रिया की निगरानी करने तथा विद्यालयों में शिक्षकों को आवश्यक दिशा-निर्देश देने को कहा गया। जरूरत के अनुसार संबंधित शिक्षकों को प्रशिक्षण भी उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि स्क्रीनिंग प्रक्रिया सही तरीके से पूरी हो सके।
छात्रावासों का नियमित निरीक्षण करेंगे जनशिक्षक
बैठक में छात्रावासों के संचालन की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने सभी जनशिक्षकों को समय-समय पर छात्रावासों का निरीक्षण करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान विद्यार्थियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं, व्यवस्थाओं और छात्रावास संचालन की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने को कहा।
उन्होंने स्पष्ट किया कि निरीक्षण केवल औपचारिकता न रहे, बल्कि व्यवस्थाओं की वास्तविक स्थिति का आकलन कर जवाबदेही के साथ सुधार सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ हिमांशु जैन, जिला शिक्षा अधिकारी एल.एन. प्रजापति सहित शिक्षा विभाग के अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

