ब्रेकिंग
सोमवार, 16 नवंबर 2026
Denva Post
सभी खबरें
छिंदवाड़ा · 8 मिनट पहले

भाई दूज की खुशियां मातम में बदलीं: आंगन में खेल रहे मासूम भाई-बहन को कार ने रौंदा, दोनों की मौत

छिंदवाड़ा के छिंदी कामथ गांव में अनियंत्रित कार घर के आंगन में घुस गई। हादसे में पांच वर्षीय मिष्ठी और तीन वर्षीय शिवाय की मौत हो गई। कार चालक गिरफ्तार।

अशोक शर्मा
अशोक शर्मा
Sub Editor · 8 मिनट पहले
शेयर
भाई दूज की खुशियां मातम में बदलीं: आंगन में खेल रहे मासूम भाई-बहन को कार ने रौंदा, दोनों की मौत

छिंदवाड़ा। मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले के छिंदी कामथ गांव में सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे परिवार की खुशियां छीन लीं। घर के आंगन में खेल रहे पांच वर्षीय मासूम मिष्ठी यदुवंशी और उसके तीन वर्षीय भाई शिवाय यदुवंशी को एक अनियंत्रित कार ने कुचल दिया। हादसे में दोनों बच्चों की मौत हो गई। भाई दूज का त्योहार मनाने ननिहाल आए परिवार पर अचानक दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।

अनियंत्रित कार सीधे घर के आंगन में घुसी

प्राप्त जानकारी के अनुसार, दोनों बच्चे मूल रूप से बोरदेही के रहने वाले थे। वे अपनी मां के साथ भाई दूज का त्योहार मनाने छिंदी कामथ स्थित ननिहाल आए थे। सोमवार को मिष्ठी और शिवाय घर के आंगन में खेल रहे थे। उनका घर सड़क किनारे स्थित है और उसके चारों ओर चहारदीवारी नहीं बनी हुई थी।

इसी दौरान नवेगांव रेलवे स्टेशन पर पदस्थ स्टेशन मास्टर अश्विनी कुमार सोनी टाटा टियागो कार से वहां से गुजर रहे थे। बताया जा रहा है कि उन्होंने अचानक कार को विपरीत दिशा में मोड़ा, जिसके बाद वाहन अनियंत्रित होकर सीधे घर के आंगन में जा घुसा। कार की चपेट में आने से दोनों बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। परिजन और स्थानीय लोग तत्काल दोनों बच्चों को जुन्नारदेव अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

गिरफ्तार हुआ कार चालक, पुलिस ने दर्ज किया मामला

घटना की सूचना मिलने पर जुन्नारदेव पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने कार चालक अश्विनी कुमार सोनी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी नवेगांव रेलवे स्टेशन पर स्टेशन मास्टर के पद पर पदस्थ बताया गया है।

पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध लापरवाही से वाहन चलाने के आरोप में मामला दर्ज किया है। दोनों बच्चों की मौत के मामले में मर्ग कायम कर घटना की विस्तृत जांच की जा रही है।

त्योहार की खुशियां पलभर में मातम में बदलीं

भाई दूज का त्योहार मनाने ननिहाल आए परिवार के लिए यह दिन कभी न भूलने वाला दर्द बन गया। जिन बच्चों के साथ घर में त्योहार की खुशियां मनाई जानी थीं, उनकी असमय मौत से परिवार में शोक का माहौल है। हादसे ने एक बार फिर सड़क किनारे बने घरों और खुले आंगनों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

यह खबर शेयर करें
शेयर