ब्रेकिंग
रविवार, 22 नवंबर 2026
Denva Post
सभी खबरें
नर्मदापुरम · 18 मिनट पहले

बांद्राभान मेले का भव्य शुभारंभ, 200 साल की ऐतिहासिक परंपरा के साक्षी बने श्रद्धालु

नर्मदा-तवा संगम पर 26 नवंबर तक चलेगा पांच दिवसीय मेला, लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना; सुरक्षा के लिए ड्रोन से होगी निगरानी

गोविंद यादव
गोविंद यादव
Reporter · 18 मिनट पहले
शेयर
बांद्राभान मेले का भव्य शुभारंभ, 200 साल की ऐतिहासिक परंपरा के साक्षी बने श्रद्धालु

नर्मदापुरम। मां नर्मदा और तवा नदी के पावन संगम स्थल बांद्राभान में सोमवार, 22 नवंबर को पांच दिवसीय प्रसिद्ध बांद्राभान मेले का विधिवत शुभारंभ हुआ। इस वर्ष मेले की ऐतिहासिक परंपरा के 200 वर्ष पूरे होने के कारण आयोजन विशेष महत्व रखता है। शुभारंभ अवसर पर जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने सामूहिक रूप से पूजा-अर्चना कर मां नर्मदा का आशीर्वाद लिया। मेला 26 नवंबर तक चलेगा।

कार्यक्रम में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं नर्मदापुरम विधायक डॉ. सीतासरन शर्मा, लोकसभा सांसद दर्शन सिंह चौधरी, सोहागपुर विधायक विजयपाल सिंह, श्रीमती प्रीति शुक्ला, नगर पालिका नर्मदापुरम अध्यक्ष नीतू यादव, इटारसी नगर पालिका अध्यक्ष पंकज चौरे, जनपद अध्यक्ष भूपेंद्र चौकसे, मध्य प्रदेश तैराकी संघ के अध्यक्ष पीयूष शर्मा, दूरसंचार सलाहकार समिति भारत सरकार के सदस्य विकास नारोलिया सहित कलेक्टर आशीष वशिष्ठ, पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार शुक्ला और जिला पंचायत सीईओ हिमांशु जैन मौजूद रहे।

नक्शे देखें

200 साल पुरानी परंपरा, लाखों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र

कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर आयोजित होने वाला बांद्राभान मेला नर्मदापुरम जिले की प्रमुख धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं में शामिल है। हर वर्ष मध्य प्रदेश के नर्मदापुरम सहित बैतूल, नरसिंहपुर, सीहोर, भोपाल, राजगढ़ और आसपास के जिलों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां पहुंचकर मां नर्मदा और तवा के संगम में स्नान करते हैं। इस वर्ष मेले के 200 वर्ष पूरे होने के विशेष अवसर पर श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किए हैं।

घाटों से लेकर पार्किंग तक प्रशासन ने किए इंतजाम

श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मेला स्थल तक पहुंचने वाले मार्गों को दुरुस्त किया गया है। मुख्य घाट सहित अन्य स्नान घाटों तक रेतीले क्षेत्र में आवागमन सुगम बनाया गया है। नदी में गहरे पानी की ओर जाने से रोकने के लिए बैरिकेडिंग की गई है। इसके साथ ही शुद्ध पेयजल, अस्थायी शौचालय, चलित शौचालय और वस्त्र बदलने के लिए चेंजिंग बूथ की व्यवस्था की गई है।

यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए अलग-अलग स्थानों पर पार्किंग स्थल बनाए गए हैं, ताकि मेला क्षेत्र में वाहनों की आवाजाही प्रभावित न हो और जाम की स्थिति निर्मित नहीं हो।

डूबने की घटनाओं को रोकने के लिए गोताखोर और मोटर बोट तैनात

नदी में स्नान के दौरान किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए प्रशासन ने विशेष सुरक्षा व्यवस्था की है। प्रशिक्षित तैराकों और गोताखोरों की तैनाती के साथ मोटर बोट, लाइफ जैकेट, वायरलेस सेट, वॉकी-टॉकी, सर्च लाइट और वॉच टावर की व्यवस्था की गई है। आपात स्थिति से निपटने के लिए स्वास्थ्य विभाग की टीम, एंबुलेंस और प्राथमिक उपचार की सुविधाएं भी मेला स्थल पर उपलब्ध रहेंगी। श्रद्धालुओं की सहायता के लिए खोया-पाया केंद्र भी बनाया गया है।

पुलिस जवानों को दिए सतर्कता और अनुशासन के निर्देश

मेला निरीक्षण के दौरान कलेक्टर आशीष वशिष्ठ और पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार शुक्ला ने मेला परिसर में तैनात पुलिस बल को संबोधित किया। कलेक्टर ने कहा कि मेले के 200 वर्ष पूरे होने के विशेष अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। ऐसे में सभी अधिकारी और जवान पूरी सतर्कता के साथ अपनी ड्यूटी निभाएं। श्रद्धालुओं की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

एसपी दीपक कुमार शुक्ला ने पुलिसकर्मियों को निर्धारित समय पर ड्यूटी स्थल पर पहुंचने, अनुशासन बनाए रखने और किसी भी अप्रिय स्थिति की सूचना तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को देने के निर्देश दिए। उन्होंने आपसी समन्वय के साथ सुरक्षा व्यवस्था संभालने पर जोर दिया।

ड्रोन से होगी पूरे मेला क्षेत्र की निगरानी

कलेक्टर और एसपी ने मेला परिसर में स्थापित कंट्रोल रूम का निरीक्षण कर सुरक्षा निगरानी की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। कलेक्टर ने पूरे मेला क्षेत्र में ड्रोन के माध्यम से लगातार निगरानी रखने और ड्रोन से मिलने वाली जानकारी को कंट्रोल रूम के जरिए मॉनिटर करने के निर्देश दिए। उन्होंने रात्रि में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था तथा स्नान के बाद कपड़े बदलने के लिए चेंजिंग रूम की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को भी कहा।

मेले में विकसित भारत @2047 प्रदर्शनी बनी आकर्षण

बांद्राभान मेले में प्रेस इन्फॉर्मेशन ब्यूरो (पीआईबी) की ओर से विकसित भारत @2047 की थीम पर विशेष प्रदर्शनी भी लगाई गई है। इसका उद्घाटन सांसद दर्शन सिंह चौधरी, विधायक डॉ. सीतासरन शर्मा, कलेक्टर आशीष वशिष्ठ, एसपी दीपक कुमार शुक्ला और जिला पंचायत सीईओ हिमांशु जैन सहित जनप्रतिनिधियों ने किया। अतिथियों ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों और विकसित भारत की संकल्पना से संबंधित जानकारी प्राप्त की।

धार्मिक आयोजनों के साथ सजीं दुकानें, सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे

मेले में दूरस्थ क्षेत्रों से आए दुकानदारों ने खानपान, चाय-नाश्ते और दैनिक जरूरतों से जुड़ी दुकानें लगाई हैं। श्रद्धालुओं के लिए धार्मिक वातावरण के साथ मनोरंजन की व्यवस्था भी की गई है। मेले के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

यह खबर शेयर करें
शेयर