ब्रेकिंग
गुरुवार, 15 अक्टूबर 2026
स्क्रिप्ट सीखें
Denva Post
सभी खबरें
शहडोल · 31-08-2026

Shahdol News: उफनती नदी पर युवक की स्टंटबाजी, तेज बहाव के बीच पैदल पार किया पुल; वीडियो वायरल

शहडोल के जैतपुर में उफनती कसेड़ नदी के पुल को युवक ने तेज बहाव के बीच पैदल पार किया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

नक्शे देखें

देनवा पोस्ट
देनवा पोस्ट
समाचार डेस्क · 31-08-2026
शेयर
Shahdol News: उफनती नदी पर युवक की स्टंटबाजी, तेज बहाव के बीच पैदल पार किया पुल; वीडियो वायरल

शहडोल। मध्यप्रदेश के शहडोल जिले में लगातार तीन दिनों से हो रही बारिश के कारण नदी-नाले उफान पर हैं। कई स्थानों पर पुल-पुलिया पानी में डूबने से आवागमन प्रभावित हुआ है। प्रशासन की चेतावनी के बावजूद कुछ लोग जान जोखिम में डालकर उफनते नदी-नालों को पार करने से बाज नहीं आ रहे हैं।

खबरें पढ़ें

जैतपुर क्षेत्र से ऐसा ही एक वीडियो सामने आया है, जिसमें एक युवक तेज बहाव के बीच पुल को पैदल पार करता नजर आ रहा है। इंटरनेट मीडिया पर वीडियो तेजी से प्रसारित हो रहा है।

कसेड़ नदी के पुल पर दिखी लापरवाही

जानकारी के मुताबिक, बोकरा क्षेत्र में कसेड़ नदी का पुल रविवार सुबह से पानी में डूबा हुआ था। पुल के ऊपर से तेज बहाव के साथ पानी गुजर रहा था। इस दौरान एक युवक ने अपनी जान की परवाह किए बिना बहते पानी के बीच पुल पार करने की कोशिश की।

युवक पानी के तेज बहाव के बीच पैदल पुल पार करता रहा। किसी व्यक्ति ने इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

तेज बहाव के बीच इस तरह पुल पार करना बेहद जोखिम भरा माना जा रहा है। पानी का बहाव अचानक बढ़ने की स्थिति में व्यक्ति के बह जाने की आशंका बनी रहती है।

संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल तैनात

पुलिस के अनुसार बारिश और जलभराव को देखते हुए जिले के संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस और प्रशासन की ओर से लगातार लोगों को उफनती नदियों और नालों से दूर रहने की समझाइश दी जा रही है।

इसके बावजूद कुछ लोग चेतावनी को नजरअंदाज कर रहे हैं और अपनी जान जोखिम में डालकर पानी पार करने की कोशिश कर रहे हैं।

बाणसागर डैम के 8 गेट खोले गए

लगातार बारिश के बीच बाणसागर डैम के 8 गेट खोले जाने के बाद सोन नदी का जलस्तर बढ़ गया। इसके चलते सुखाड़ नदी में मछली पकड़ रहे छह लोग पानी के बीच फंस गए।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और बचाव दल सक्रिय हुआ। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए पांच लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। वहीं एक व्यक्ति बीच धार में करीब तीन घंटे तक फंसा रहा।

बाद में होमगार्ड और एसडीआरएफ की टीम की मदद से उसे देर रात सुरक्षित बाहर निकाला गया।

जैतपुर-छत्तीसगढ़ मार्ग भी प्रभावित

लगातार बारिश का असर जैतपुर से छत्तीसगढ़ को जोड़ने वाले भीतरी मार्ग पर भी पड़ा है। कई स्थानों पर नदी-नालों में तेज बहाव के कारण आवागमन प्रभावित रहा।

सोमवार सुबह तक क्षेत्र के कई नालों में पानी का बहाव तेज बना हुआ था। ऐसे में ग्रामीण और वाहन चालकों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

प्रशासन की अपील- नदी-नालों को पार न करें

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि बारिश के दौरान उफनती नदियों, नालों और पुल-पुलियाओं को पार करने का जोखिम न लें। पानी का बहाव सामान्य दिखाई देने पर भी अचानक जलस्तर बढ़ सकता है।

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि किसी भी संवेदनशील स्थान पर जाने से बचें और स्थानीय प्रशासन एवं पुलिस की ओर से जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करें।

यह खबर शेयर करें
शेयर