ब्रेकिंग
सोमवार, 21 सितंबर 2026
शहर और स्थानीय मार्गदर्शिका
Denva Post
सभी खबरें
माखन नगर · 32 मिनट पहले

सेवा संकल्प अभियान में प्रतिभाओं का सम्मान, चित्रकला और भाषण प्रतियोगिता के विजेताओं को मिले पुरस्कार

माखन नगर के शासकीय महाविद्यालय में सेवा संकल्प अभियान 2026 के तहत चित्रकला व भाषण प्रतियोगिता के विजेताओं को विधायक ठाकुर विजयपाल सिंह ने पुरस्कार व प्रशस्ति-पत्र प्रदान किए

दीपक शर्मा
दीपक शर्मा
Editor-in-Chief · 32 मिनट पहले
शेयर
सेवा संकल्प अभियान में प्रतिभाओं का सम्मान, चित्रकला और भाषण प्रतियोगिता के विजेताओं को मिले पुरस्कार

माखन नगर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक आयोजित किए जा रहे सेवा संकल्प अभियान 2026 के तहत श्री माखनलाल चतुर्वेदी शासकीय महाविद्यालय, माखन नगर में चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतियोगिताओं के विजेता प्रतिभागियों को कार्यक्रम में प्रशस्ति-पत्र एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

पुरस्कार वितरण समारोह में सोहागपुर विधायक ठाकुर विजयपाल सिंह, महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. नीता चौबे, मंडल अध्यक्ष मनीष चतुर्वेदी, लाइंस क्लब अध्यक्ष राजेश मीणा, समाजसेवी आकाश गर्ग तथा पार्षद सविता सुरेश यादव सहित महाविद्यालय स्टाफ एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। अध्यक्षीय उद्बोधन में प्राचार्य डॉ. नीता चौबे ने सेवा संकल्प अभियान के उद्देश्यों और इसके तहत आयोजित की जा रही विभिन्न गतिविधियों की जानकारी दी।

इस अवसर पर विधायक ठाकुर विजयपाल सिंह ने विद्यार्थियों से 2047 के भारत की कल्पना को लेकर अपने विचार साझा किए। उन्होंने प्रतिभागियों से भी यह जानने का प्रयास किया कि वे भविष्य के भारत को किस स्वरूप में देखना चाहते हैं। विधायक ने विद्यार्थियों को रचनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रोत्साहित किया।

इसके बाद विधायक ने चित्रकला प्रदर्शनी का अवलोकन किया। चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को प्रशस्ति-पत्र एवं पुरस्कार प्रदान किए गए। विधायक द्वारा विजेता प्रतिभागियों के लिए क्रमशः 5 हजार, 3 हजार और 2 हजार रुपये की पुरस्कार राशि देने की घोषणा भी की गई।

राष्ट्रीय सेवा योजना की कार्यक्रम अधिकारी डॉ. कविता दुबे ने बताया कि प्रतियोगिताओं में स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी आगामी जिला स्तरीय प्रतियोगिता में सहभागिता करेंगे।

कार्यक्रम का मंच संचालन डॉ. मनीष शर्मा ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन लेफ्टिनेंट डॉ. आई.एस. कनेश ने किया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

महाविद्यालय के मीडिया प्रभारी डॉ. राजकुमार पटवा ने बताया कि सेवा संकल्प अभियान 2026 के तहत 17 अक्टूबर तक महाविद्यालय में खेल, योग, सांस्कृतिक कार्यक्रमों सहित विभिन्न गतिविधियों का नियमित आयोजन किया जाता रहेगा।

यह खबर शेयर करें
शेयर