ब्रेकिंग
गुरुवार, 27 अगस्त 2026
ज्योग्राफिक मैप्स और जीपीएस गाइड एक्सप्लोर करना
Denva Post
सभी खबरें
नर्मदापुरम · 2 मिनट पहले

पचमढ़ी गैंगरेप: आरोपितों को कोर्ट ले जाते समय हंगामा, पुलिस से विवाद

पचमढ़ी में नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म के आरोपितों को पिपरिया कोर्ट ले जाते समय लोगों ने पुलिस वाहन रोककर जुलूस निकालने की मांग की। पुलिस ने सीन रिक्रिएशन कर साक्ष्य जुटाए।

देनवा पोस्ट
देनवा पोस्ट
समाचार डेस्क · 2 मिनट पहले
शेयर
डिजिटल समाचार और मैगजीन सब्सक्रिप्शन लेना
पचमढ़ी गैंगरेप: आरोपितों को कोर्ट ले जाते समय हंगामा, पुलिस से विवाद

नर्मदापुरम। पचमढ़ी में नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म की घटना को लेकर लोगों में भारी आक्रोश है। बुधवार को पुलिस जब मामले में गिरफ्तार आरोपितों को पिपरिया कोर्ट में पेश करने के लिए ले जा रही थी, तभी स्थानीय लोगों की भीड़ ने पुलिस वाहन को रोक लिया। कुछ लोग पुलिस वाहन के सामने आ गए और आरोपितों को गाड़ी से उतारकर उनका जुलूस निकालने की मांग करने लगे।

स्थिति बिगड़ती देख पुलिसकर्मियों ने लोगों को रोकने का प्रयास किया, लेकिन इस दौरान पुलिस और लोगों के बीच विवाद की स्थिति बन गई। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रहा है।

Narmdapuram
Narmdapuram

पुलिस वाहन रोककर आरोपितों को उतारने की मांग

पुलिस के अनुसार, आरोपितों को पिपरिया कोर्ट ले जाते समय बड़ी संख्या में लोग रास्ते में एकत्र हो गए। भीड़ ने पुलिस वाहन को रोककर आरोपितों को बाहर निकालने और उन्हें पैदल ले जाने की मांग की।

लोगों के आक्रोश को देखते हुए पुलिस को आरोपितों को वाहन से उतारकर कुछ दूरी तक ले जाना पड़ा। इसके बाद पुलिस सुरक्षा में आरोपितों को पिपरिया कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

पुलिस वाहन रोकने, पुलिसकर्मियों से विवाद और आरोपितों के जुलूस की मांग से जुड़ी घटना कैमरे में रिकॉर्ड हुई। इसका वीडियो बुधवार शाम इंटरनेट मीडिया पर तेजी से प्रसारित हुआ।

घटना स्थल पर सीन रिक्रिएशन, रस्सी और कपड़े बरामद

सामूहिक दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने साक्ष्य जुटाने के लिए आरोपितों को एक दिन की रिमांड पर लिया था। बुधवार सुबह पुलिस टीम आरोपितों को घटना स्थल पर लेकर पहुंची।

पुलिस ने घटना स्थल की झाड़ियों से रस्सी और आरोपितों के कपड़े बरामद किए। इसके साथ ही घटना की परिस्थितियों को समझने के लिए पुलिस ने आरोपितों से मौके पर सीन रिक्रिएशन भी कराया।

पुलिस के अनुसार, इसी स्थान पर जिप्सी में पीड़िता के दोस्त को रस्सी से बांधे जाने की बात सामने आई है। इसके बाद आरोपितों को पिपरिया कोर्ट ले जाते समय पुलिस को भारी भीड़ का सामना करना पड़ा।

टैक्सी यूनियन ने किया आरोपितों से किनारा

घटना के बाद पचमढ़ी टैक्सी चालक संघ ने आरोपितों के खिलाफ कड़ा विरोध जताया है और उन्हें सख्त से सख्त सजा देने की मांग की है।

टैक्सी चालक संघ के अध्यक्ष अनुराग अग्रवाल ने स्पष्ट किया कि मामले में गिरफ्तार तीनों आरोपितों का पचमढ़ी टैक्सी चालक संघ से कोई संबंध नहीं है। उनके मुताबिक, दो आरोपित टैक्सी संघ की जिप्सियां नहीं चलाते थे, बल्कि होटल में काम करते थे। वहीं तीसरा आरोपित निजी जिप्सी चलाता था और उसकी जिप्सी यूनियन से संबद्ध नहीं थी।

संघ ने घटना की निंदा करते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

वीडियो में दिखाई दे रहे लोगों की पहचान की जा रही

नर्मदापुरम के एएसपी अभिषेक राजन ने कहा कि मामला गंभीर है और इसकी जांच की जा रही है। पुलिस घटना के दौरान बनाए गए वीडियो की भी जांच कर रही है और उसमें दिखाई दे रहे लोगों की पहचान की जा रही है।

ज्योग्राफिक मैप्स और जीपीएस गाइड एक्सप्लोर करना

पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच के साथ साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। आरोपितों को कोर्ट में पेश किए जाने के बाद जेल भेज दिया गया है।

यह खबर शेयर करें
शेयर