जनगणना-2027 की तैयारियों को लेकर भोपाल में आज राज्य स्तरीय प्रशिक्षण कांफ्रेंस
25 नवंबर को नरोन्हा प्रशासन अकादमी में होगा आयोजन, प्रदेश के संभागायुक्त, कलेक्टर और नगर निगम आयुक्त होंगे शामिल


नर्मदापुरम। जनगणना-2027 के द्वितीय चरण की तैयारियों को लेकर 25 नवंबर को भोपाल में राज्य स्तरीय प्रशिक्षण कांफ्रेंस आयोजित की जाएगी। आर.सी.वी.पी. नरोन्हा प्रशासन एवं प्रबंधकीय अकादमी के स्वर्ण जयंती ऑडिटोरियम में सुबह 10:30 बजे से होने वाली इस कांफ्रेंस में प्रदेश के संभागायुक्त, जिला कलेक्टर, नगर निगम आयुक्त सहित जनगणना कार्य से जुड़े वरिष्ठ अधिकारी शामिल होंगे। दूरस्थ जिलों के अधिकारी वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम में सहभागिता करेंगे।
जनगणना-2027 के द्वितीय चरण के सफल और सुव्यवस्थित संचालन के लिए आयोजित इस प्रशिक्षण कांफ्रेंस में अधिकारियों को जनगणना की कार्यप्रणाली, प्रशासनिक तैयारियों और मैदानी स्तर पर जिम्मेदारियों के निर्वहन को लेकर आवश्यक प्रशिक्षण एवं मार्गदर्शन दिया जाएगा।
10 जनवरी से शुरू होगी स्व-गणना की प्रक्रिया
जनगणना के द्वितीय चरण के तहत 10 जनवरी 2027 से स्व-गणना की प्रक्रिया प्रारंभ होगी। इसके बाद 25 जनवरी 2027 से प्रगणक घर-घर पहुंचकर जनगणना का कार्य करेंगे। निर्धारित समय-सीमा में इस महत्वपूर्ण कार्य को पूरा कराने के लिए प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं।
कलेक्टर से लेकर जनगणना अधिकारियों तक की रहेगी सहभागिता
राज्य स्तरीय कांफ्रेंस में प्रदेश के सभी संभागायुक्त, जिला कलेक्टर और नगर निगम आयुक्त शामिल होंगे। इसके अलावा प्रत्येक जिले से अपर कलेक्टर (ADM), अनुविभागीय अधिकारी राजस्व (SDM), जिला योजना अधिकारी (DPO) और जनगणना कार्य से जुड़े अन्य संबंधित अधिकारी भी प्रशिक्षण में भाग लेंगे। दूरस्थ जिलों के अधिकारियों के लिए वर्चुअल सहभागिता की व्यवस्था की गई है।
मैदानी स्तर पर जिम्मेदारियों को लेकर मिलेगा मार्गदर्शन
कांफ्रेंस में जनगणना के द्वितीय चरण की पूरी प्रक्रिया, प्रशासनिक समन्वय, आवश्यक तैयारियों और प्रगणकों के माध्यम से घर-घर होने वाली गणना के प्रभावी संचालन पर जानकारी दी जाएगी। इसका उद्देश्य जनगणना कार्य से जुड़े अधिकारियों को उनकी जिम्मेदारियों के प्रति प्रशिक्षित करना और पूरे प्रदेश में कार्य को निर्धारित समय-सीमा के भीतर व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराना है।
