ब्रेकिंग
बुधवार, 25 नवंबर 2026
Denva Post
सभी खबरें
नर्मदापुरम · 15 मिनट पहले

नर्मदापुरम में अवैध शराब के खिलाफ आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई, 11 प्रकरण दर्ज

नर्मदापुरम जिले में आबकारी विभाग ने अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 11 प्रकरण दर्ज किए। 330 किलो महुआ लाहन और 85 लीटर कच्ची शराब जब्त की गई।

गोविंद यादव
गोविंद यादव
Reporter · 15 मिनट पहले
शेयर
नर्मदापुरम में अवैध शराब के खिलाफ आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई, 11 प्रकरण दर्ज

नर्मदापुरम। जिले में अवैध शराब के निर्माण, संग्रहण और बिक्री के खिलाफ आबकारी विभाग ने सघन अभियान चलाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में की गई कार्रवाई के दौरान कुल 11 प्रकरण दर्ज किए गए। विभागीय टीम ने 330 किलोग्राम महुआ लाहन और 85 लीटर कच्ची हाथभट्टी शराब जब्त की है। जब्त सामग्री की अनुमानित कीमत करीब 76 हजार रुपये बताई गई है।

कलेक्टर आशीष वशिष्ठ के निर्देश पर जिले में अवैध मदिरा के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए आबकारी विभाग लगातार अभियान चला रहा है। इसी क्रम में बांद्राभान मेले में भी अवैध शराब की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए विभाग ने विशेष स्टॉल स्थापित किया है। यहां आबकारी अमला लगातार तैनात रहकर मेला क्षेत्र की निगरानी कर रहा है।

बांद्राभान मेले में चार प्रकरण दर्ज

बांद्राभान मेला क्षेत्र में वृत्त नर्मदापुरम 'अ' की आबकारी टीम ने संदिग्ध स्थानों पर तलाशी और गश्त करते हुए कार्रवाई की। इस दौरान मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34(1)(क) के तहत चार प्रकरण दर्ज किए गए। टीम ने करीब 50 किलोग्राम महुआ लाहन और 55 लीटर कच्ची हाथभट्टी शराब जब्त की। इसकी अनुमानित कीमत 38,500 रुपये बताई गई है।

इटारसी में पांच मामलों में कार्रवाई

वृत्त इटारसी शहर के अंतर्गत सूरजगंज, नाला मोहल्ला, बालाजी मंदिर मेहरगांव और ग्वालबाबा क्षेत्र में आबकारी विभाग ने दबिश दी। यहां पांच प्रकरण दर्ज कर 200 किलोग्राम महुआ लाहन और 20 लीटर कच्ची हाथभट्टी शराब जब्त की गई। जब्त सामग्री की कीमत करीब 24,500 रुपये आंकी गई है। यह कार्रवाई वृत्त प्रभारी एवं सहायक जिला आबकारी अधिकारी रमेश अहिरवार के नेतृत्व में की गई।

मटकुली में अवैध भट्टियां नष्ट

वृत्त पिपरिया के अंतर्गत ग्राम मटकुली में भी आबकारी विभाग ने गश्त और दबिश कार्रवाई की। यहां दो प्रकरण दर्ज किए गए। टीम ने 80 किलोग्राम महुआ लाहन और 10 लीटर कच्ची हाथभट्टी शराब जब्त की। मौके पर अवैध रूप से संचालित जलती हुई भट्टियां भी मिलीं, जिन्हें विभागीय अमले ने तत्काल नष्ट कर दिया। इस कार्रवाई में जब्त सामग्री की अनुमानित कीमत करीब 13 हजार रुपये बताई गई है।

रात्रिकालीन गश्त और वाहन चेकिंग भी होगी तेज

आबकारी विभाग के अनुसार जिलेभर में की गई कार्रवाई में कुल 11 प्रकरण दर्ज हुए हैं। विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध मदिरा के निर्माण, परिवहन, संग्रहण और बिक्री के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा। इसके लिए रात्रिकालीन गश्त और वाहन चेकिंग अभियान भी चलाया जाएगा। अवैध शराब के कारोबार में शामिल लोगों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

यह खबर शेयर करें
शेयर