नवजात बच्ची गायब होने के आरोप पर नर्मदापुरम में हंगामा, अस्पताल से कलेक्ट्रेट तक आदिवासी समाज का प्रदर्शन
महिला ने प्रसव के दौरान जुड़वा बच्चों के जन्म और एक बच्ची को नर्स द्वारा अपने पास रखने का लगाया आरोप, प्रशासन ने सोनोग्राफी रिपोर्ट का हवाला देकर आरोपों को बताया गलत


नर्मदापुरम। जिला अस्पताल में प्रसव के दौरान नवजात बच्ची गायब होने के आरोप को लेकर मंगलवार को नर्मदापुरम में जमकर हंगामा हुआ। सर्व आदिवासी समाज संगठन के सदस्यों ने जिला अस्पताल के सामने करीब दो घंटे तक धरना दिया। इसके बाद प्रदर्शनकारी रैली के रूप में कलेक्ट्रेट पहुंचे और अस्पताल प्रबंधन तथा जिला प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए धरना शुरू कर दिया। मामला बनखेड़ी के ग्राम माथनी निवासी प्रियंका बाई से जुड़ा है, जिसने आरोप लगाया है कि 24 जून 2026 को प्रसव के दौरान अस्पताल में जन्मी उसकी एक नवजात बच्ची को नर्स ने अपने पास रख लिया था।
महिला का दावा है कि पिपरिया में कराई गई सोनोग्राफी में जुड़वा बच्चे होने की जानकारी मिली थी और जिला अस्पताल में भी दो बच्चों का जन्म हुआ था। आरोप है कि एक बच्ची देने के बदले नर्स ने उससे 7 हजार रुपये की मांग की थी। हालांकि जिला प्रशासन ने इन आरोपों को गलत बताते हुए सोनोग्राफी रिपोर्ट में गर्भ में एक ही बच्चा होने की बात कही है।
महिला का आरोप- नर्स ने बच्ची देने के बदले मांगे 7 हजार रुपये
प्रियंका बाई के अनुसार, 24 जून को होशंगाबाद जिला अस्पताल में उसका प्रसव हुआ था। महिला का आरोप है कि उसने जुड़वा बच्चों को जन्म दिया, लेकिन नर्स ने एक बच्ची को अपने पास रख लिया। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि रुपये नहीं देने पर नर्स ने उसे और बच्ची को जान से मारने की धमकी दी थी। डर के कारण उसने इस घटना की जानकारी तत्काल अपने परिवार को भी नहीं दी।
प्रियंका के मुताबिक, चार दिन पहले बच्ची को लेने के लिए होशंगाबाद से फोन आया। इसके बाद उसने अपने पति और परिवार को पूरी घटना बताई। महिला ने 10 नवंबर को कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक को शिकायत देकर मामले की जांच कराने की मांग की थी।
प्रशासन का जवाब- सोनोग्राफी रिपोर्ट में एक ही बच्चा
मामले में जिला प्रशासन की ओर से सिटी मजिस्ट्रेट सीमा बडोले ने बताया कि महिला पहले भी शिकायत कर चुकी है। शिकायत की जांच कराई गई थी और तीन सोनोग्राफी रिपोर्ट का परीक्षण किया गया था। इन रिपोर्टों में गर्भ में एक ही बच्चा होने की जानकारी सामने आई थी।
वहीं कलेक्टर आशीष वशिष्ठ ने भी बच्चा गायब होने के आरोप को गलत बताया। उन्होंने कहा कि महिला की चार सोनोग्राफी रिपोर्ट की जांच कराई गई है और सभी में गर्भ में एक ही बच्चा होने की बात सामने आई है। इस संबंध में महिला और अन्य लोगों को भी जानकारी दी गई है।
कलेक्टर ने कहा कि घटना जून 2026 की बताई जा रही है, जबकि शिकायत और आरोप कई महीने बाद सामने आए हैं। पांच महीने बाद बच्चा गायब होने का आरोप क्यों लगाया गया, इसकी भी जांच कराई जा रही है।

अस्पताल का मुख्य गेट बंद, भारी पुलिस बल तैनात
प्रदर्शन के दौरान दोपहर करीब 12 बजे जिला अस्पताल के मुख्य गेट पर बैरिकेडिंग कर उसे बंद कर दिया गया। स्थिति को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया। अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन संगठन के सदस्य अपनी मांगों पर अड़े रहे।
मौके पर एसडीएम देवेंद्र प्रताप सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट सीमा बडोले, एसडीओपी जितेंद्र पाठक, तहसीलदार सुनील शर्मा, कोतवाली टीआई गौरव सिंह बुंदेला और निरीक्षक सुरेखा निमोदा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
ऑपरेशन रूम के CCTV फुटेज की जांच की मांग
सर्व आदिवासी समाज संगठन ने मामले की निष्पक्ष जांच कराने के साथ 24 जून को जिला अस्पताल में ड्यूटी पर तैनात अधिकारी-कर्मचारियों की भूमिका की जांच की मांग की। संगठन ने संबंधित दिन दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक ऑपरेशन रूम के CCTV फुटेज की जांच कराने और जरूरी साक्ष्यों को सुरक्षित रखने की मांग भी उठाई। इसके अलावा मामले की सीबीआई जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई कर महिला को न्याय दिलाने की मांग की गई।
विस्थापन के मुद्दे पर भी प्रशासन के खिलाफ नाराजगी
जिला अस्पताल के सामने धरना देने के बाद प्रदर्शनकारी कलेक्ट्रेट गेट पहुंचे। यहां उन्होंने जिला अस्पताल के मामले के साथ सतपुड़ा टाइगर रिजर्व और वन विभाग की ओर से किए गए विस्थापन में कथित अव्यवस्थाओं का मुद्दा भी उठाया। प्रदर्शनकारियों ने तख्तियां लेकर वन विभाग और प्रशासन के खिलाफ विरोध जताया।
अंधेरा होने के बाद भी महिला, पुरुष और बच्चे ठंड के बीच धरने पर बैठे रहे। उन्हें समझाने के लिए एसडीएम, सिटी मजिस्ट्रेट और वन विभाग के एसडीओ लगातार प्रयास करते रहे। कलेक्टर के अनुसार, विस्थापन से जुड़ी समस्याओं पर वन विभाग के एसडीओ आदिवासी परिवारों से बातचीत कर रहे हैं। इस संबंध में वरिष्ठ अधिकारियों से भी चर्चा की जा रही है।

