ब्रेकिंग
बुधवार, 25 नवंबर 2026
Denva Post
सभी खबरें
नर्मदापुरम · 15 मिनट पहले

AI से बनाए फर्जी सरकारी आदेश वायरल, पिपरिया को नया जिला बनाने का दावा भी निकला झूठा

मध्यप्रदेश में AI से तैयार फर्जी सरकारी आदेश वायरल। पिपरिया, बरेली और पिछोर को नया जिला बनाने के दावे पर राज्य निर्वाचन आयुक्त ने उठाए सवाल।

नक्शे देखें

दीपक शर्मा
दीपक शर्मा
Editor-in-Chief · 15 मिनट पहले
शेयर
AI से बनाए फर्जी सरकारी आदेश वायरल, पिपरिया को नया जिला बनाने का दावा भी निकला झूठा

नर्मदापुरम। मध्यप्रदेश में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) के दुरुपयोग से तैयार किए गए फर्जी सरकारी आदेश सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। इन कथित आदेशों में नर्मदापुरम जिले के पिपरिया, रायसेन जिले के बरेली और शिवपुरी जिले के पिछोर को नया जिला घोषित करने का दावा किया गया है। इन पत्रों पर 16 नवंबर 2026 की तारीख दर्ज है। हालांकि, ये आदेश पूरी तरह फर्जी बताए जा रहे हैं। इनके सामने आने के बाद सरकारी दस्तावेजों की नकल और AI के दुरुपयोग को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

नक्शे देखें

दरअसल, मुख्यमंत्री द्वारा पिछोर को नया जिला बनाने की घोषणा के बाद प्रदेश में नए जिलों के गठन को लेकर चर्चाएं तेज हो गई थीं। इसी माहौल का फायदा उठाकर शरारती तत्वों ने राज्य परिसीमन आयोग के नाम से कथित आदेश तैयार किए और सोशल मीडिया पर प्रसारित कर दिए। मामले का खुलासा तब हुआ, जब राज्य निर्वाचन आयुक्त मनोज श्रीवास्तव ने अपने सोशल मीडिया खाते पर इन पत्रों को साझा करते हुए सवाल उठाए।

फर्जी लेटरहेड पर बनाए आदेश, जाली हस्ताक्षरों का भी इस्तेमाल

राज्य निर्वाचन आयुक्त मनोज श्रीवास्तव ने AI तकनीक के बढ़ते दुरुपयोग पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि लोग अब वास्तविक दुनिया के बजाय कृत्रिम दुनिया में जीने लगे हैं। AI की मदद से भीड़ के फर्जी दृश्य तैयार किए जा रहे हैं और जिन आयोजनों में अपेक्षित सफलता नहीं मिली, उन्हें भी सफल दिखाने की कोशिश हो रही है।

उन्होंने बताया कि अब इसी तकनीक का इस्तेमाल नए जिलों के गठन के फर्जी सरकारी आदेश बनाने में किया जा रहा है। जिस प्रशासनिक इकाई पुनर्गठन आयोग को वे करीब दो वर्ष पहले छोड़ चुके हैं, उसी के लेटरहेड पर उनके जाली हस्ताक्षरों के साथ आदेश प्रसारित किए जा रहे हैं। उन्होंने इस स्थिति पर हैरानी जताते हुए कहा कि AI तकनीक हर दिन इस मायावी दुनिया की याद दिला रही है।

जनगणना के चलते प्रशासनिक सीमाओं में बदलाव पर रोक

फर्जी आदेशों के बीच जनगणना से संबंधित प्रशासनिक व्यवस्था भी चर्चा में है। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, केंद्र सरकार ने जनगणना प्रक्रिया को ध्यान में रखते हुए 1 जनवरी 2026 से 31 मार्च 2027 तक प्रशासनिक सीमाओं को स्थिर रखने के निर्देश दिए हैं। इस अवधि में जिलों, तहसीलों और अन्य प्रशासनिक इकाइयों की सीमाओं में बदलाव पर प्रतिबंध लागू है।

ऐसे में सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे 16 नवंबर 2026 के कथित आदेशों की प्रामाणिकता पर गंभीर सवाल उठते हैं। किसी भी नए जिले के गठन के लिए राज्य सरकार की विधिवत प्रशासनिक प्रक्रिया और आधिकारिक अधिसूचना आवश्यक होती है। केवल सोशल मीडिया पर प्रसारित पत्र को सरकारी आदेश नहीं माना जा सकता।

पिपरिया सहित कई कस्बों को जिला बनाने की मांग

मध्यप्रदेश में लंबे समय से कई कस्बों को जिला बनाने की मांग उठती रही है। इनमें नर्मदापुरम जिले का पिपरिया, रायसेन का बरेली और शिवपुरी का पिछोर प्रमुख हैं। इसके अलावा सागर जिले के बीना और खुरई, उज्जैन के नागदा, छिंदवाड़ा के जुन्नारदेव, गुना के चांचौड़ा, देवास के बागली, विदिशा के सिरोंज तथा मंदसौर जिले के गरोठ और भानपुरा को भी जिला बनाने की मांग समय-समय पर उठती रही है।

नक्शे देखें

मनोज श्रीवास्तव पहले रह चुके हैं पुनर्गठन आयोग के अध्यक्ष

राज्य सरकार ने 9 सितंबर 2024 को सेवानिवृत्त अधिकारी मनोज कुमार श्रीवास्तव को प्रशासनिक इकाई पुनर्गठन आयोग का अध्यक्ष नियुक्त किया था। राज्य निर्वाचन आयुक्त नियुक्त होने के बाद उन्होंने 31 दिसंबर 2024 को आयोग के अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद 1 जनवरी 2025 से उन्होंने राज्य निर्वाचन आयुक्त का कार्यभार संभाला।

फर्जी आदेशों के वायरल होने की इस घटना ने एक बार फिर सोशल मीडिया पर सरकारी दस्तावेजों की सत्यता जांचने की जरूरत को रेखांकित किया है। खासकर पिपरिया जैसे क्षेत्रों में जिला बनने की लंबे समय से चली आ रही मांग के बीच लोगों को किसी भी वायरल आदेश पर भरोसा करने से पहले शासन की आधिकारिक पुष्टि का इंतजार करना चाहिए।

यह खबर शेयर करें
शेयर